नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या अब शहरवासियों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है. शहर के विभिन्न इलाकों में घूमने वाले आवारा कुत्तों के झुंड राहगीरों, बच्चों और बुजुर्गों के लिए खतरा बने हुए हैं. खासकर दिवाली के बाद कुत्तों के आक्रामक व्यवहार और डॉग बाइट के मामलों को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है. आए दिन कुत्तों के काटने से घायल लोग उपचार के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं. नैनीताल के बीडी पांडे जिला अस्पताल में सामने आए आंकड़े भी इस समस्या की गंभीरता बयां कर रहे हैं. अस्पताल में अक्टूबर महीने के दौरान कुत्तों के काटने के कुल 124 मामले दर्ज किए गए.
बीडी पांडे जिला अस्पताल के एक्टिंग पीएमएस डॉ. संजीव खर्कवाल के मुताबिक, अस्पताल में हर महीने औसतन करीब 100 डॉग बाइट के मामले सामने आते हैं. इनमें पालतू और आवारा दोनों तरह के कुत्तों के काटने के मामले शामिल हैं. उन्होंने बताया कि अक्टूबर महीने में कुल 124 लोग कुत्तों के काटने के बाद उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे. इनमें 80 मामले पालतू कुत्तों के काटने के थे, जबकि 44 लोगों को आवारा स्ट्रीट डॉग्स ने काटा था. अगर पिछले तीन महीनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो डॉग बाइट के मामलों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है.
अगस्त से अक्टूबर तक 321 लोग बने शिकार
अस्पताल से मिले आंकड़ों के मुताबिक सितंबर महीने में कुल 89 मामले दर्ज किए गए थे. इनमें 56 मामले पालतू कुत्तों और 33 मामले आवारा कुत्तों के काटने के थे. वहीं अगस्त महीने में कुल 108 लोग डॉग बाइट का शिकार हुए थे. इनमें 80 मामले पालतू कुत्तों और 28 मामले आवारा कुत्तों के काटने के थे. आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त से अक्टूबर के बीच अस्पताल में कुल 321 डॉग बाइट के मामले सामने आए, इनमें 244 मामले पालतू कुत्तों और 105 मामले आवारा कुत्तों से संबंधित थे. यह आंकड़े बताते हैं कि कुत्तों के काटने की समस्या केवल आवारा कुत्तों तक सीमित नहीं है, बल्कि पालतू कुत्तों को लेकर भी सतर्कता बरतने की जरूरत है.
बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा खतरा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, शहर के कई इलाकों में आवारा कुत्तों के झुंड सड़कों, बाजारों और रिहायशी क्षेत्रों में घूमते रहते हैं. सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को इन झुंडों के बीच से गुजरना पड़ता है, वहीं बुजुर्गों और पैदल चलने वाले लोगों को भी कुत्तों के अचानक पीछे दौड़ने और भौंकने का डर बना रहता है. रात के समय सड़कों पर घूमने वाले कुत्तों के झुंड राहगीरों के लिए और अधिक परेशानी खड़ी कर रहे हैं. स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार दोपहिया वाहन चालकों के पीछे भी कुत्ते दौड़ने लगते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है. लोगों ने नगर पालिका और संबंधित विभागों से इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान देने और आवारा कुत्तों के प्रबंधन के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है.
कुत्ते के काटने पर तुरंत करें ये काम
डॉ. संजीव खर्कवाल ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को कुत्ता काट लेता है तो सबसे पहले घाव को साबुन और साफ बहते पानी से अच्छी तरह धोना चाहिए. इसके बाद बिना देरी किए नजदीकी अस्पताल पहुंचकर डॉक्टर से उपचार कराना जरूरी है. उन्होंने बताया कि कुत्ते के काटने पर चिकित्सकीय सलाह के अनुसार एंटी-रेबीज वैक्सीन और अन्य जरूरी इंजेक्शन लगाए जाते हैं. जिला अस्पताल में डॉग बाइट के उपचार के लिए आवश्यक इंजेक्शन उपलब्ध हैं. उन्होंने यह भी बताया कि दिवाली के बाद और मौसम में बदलाव के दौरान कुत्तों के व्यवहार में परिवर्तन देखने को मिल सकता है, जिसके चलते लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.
शहरवासियों ने स्थायी समाधान की उठाई मांग
नैनीताल में लगातार सामने आ रहे डॉग बाइट के मामले आवारा कुत्तों के प्रबंधन को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं, शहरवासियों का कहना है कि बच्चों के स्कूल आने-जाने से लेकर सुबह-शाम की सैर तक, कई बार लोगों को कुत्तों के झुंड से बचकर निकलना पड़ता है. ऐसे में नगर पालिका और संबंधित विभागों को मिलकर इस समस्या के समाधान के लिए प्रभावी व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि शहरवासियों के साथ-साथ नैनीताल घूमने आने वाले पर्यटकों को भी सुरक्षित माहौल मिल सके.