India-US Relation News: भारत को आत्मरक्षा का पूरा अधिकार, वो ग्लोबल सहयोगी अमेरिका से आया ऐसा बयान, जलकर खाक हो जाएगा पाक

India-US Relation News: भारत को आत्मरक्षा का पूरा अधिकार, वो ग्लोबल सहयोगी अमेरिका से आया ऐसा बयान, जलकर खाक हो जाएगा पाक


Last Updated:

India-US Ties Global: अमेरिका के पूर्व विदेश मंत्री और डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता एंटनी ब्लिंकन ने भारत के साथ रिश्तों को लेकर कुछ ऐसा कहा है, जिसे सुनकर पाकिस्तान सदमे में आ जाएगा. ट्रंप प्रशासन के दौरान पाकिस्तान ने अमेरिका की अटेंशन खूब एंजॉय की लेकिन अब रिपब्लिकंस की हार के बाद माहौल बदला हुआ है. इसी बीच ब्लिंकन का भारत की आत्मरक्षा को लेकर बयान पाकिस्तान को बेचैन कर देगा.

ख़बरें फटाफट

Zoom

एंटोनी ब्लिंकन. (फोटो- रॉयटर्स)

भारत और अमेरिका के रिश्तों को लेकर पूर्व अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन का बयान खासी सुर्खियां बटोर रहा है. नई दिल्ली में आयोजित हुए हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट 2026 में उन्होंने आतंकवाद, पाकिस्तान, रूस और भारत-अमेरिका की रणनीतिक साझेदारी जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी. इस दौरान ब्लिंकन ने साफ कहा कि आतंकवाद के मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जानी चाहिए. इसका मतलब है कि आतंकवाद को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता, यही बात भारत भी बार-बार दोहराता रहा है.

ब्लिंकन ने स्पष्ट रूप से कहा कि अमेरिका को भारत के आत्मरक्षा के अधिकार का सम्मान करना चाहिए. हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि भारत और पाकिस्तान दोनों परमाणु हथियारों से लैस देश हैं, इसलिए किसी भी तनावपूर्ण स्थिति में कूटनीतिक प्रयासों के जरिए संघर्ष को बढ़ने से रोकना भी जरूरी है. उनका ये डिप्लोमेटिक बयान ये बताता है कि अमेरिका को एक तरफ भारत की सुरक्षा संबंधी चिंताओं का समर्थन करना चाहिए और दूसरी तरफ क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए बातचीत के रास्ते खुले रखने चाहिए.

भारत को पाकिस्तान से अलग करके देखें

ब्लिंकन ने अपने बयान में जो सबसे अहम बात कही वो ये थी कि अमेरिका को अब भारत के साथ अपने संबंधों को पाकिस्तान के नजरिए से देखने की जरूरत नहीं है. उनके मुताबिक भारत और अमेरिका की साझेदारी का अपना अलग महत्व है और ये समझना होगा कि ये किसी तीसरे देश के साथ रिश्तों के आधार पर तय नहीं की जानी चाहिए. पाकिस्तान के मुद्दे पर ब्लिंकन ने माना कि कोल्ड वॉर के दौर और 2001 के आतंकी हमलों के बाद अफगानिस्तान में अमेरिकी सैन्य अभियान के दौरान वाशिंगटन ने कई बार अपने रणनीतिक हितों के कारण पाकिस्तान के सैन्य और राजनीतिक नेतृत्व के प्रति सख्त रुख नहीं अपनाया. ब्लिंकन का मानना है कि अमेरिका पाकिस्तान की राजनीतिक और सैन्य व्यवस्था के बीच संतुलन बनाने में कुछ और भूमिका निभा सकता है, लेकिन वहां शासन कैसे चलेगा, ये पाकिस्तानी जनता को ही तय करना चाहिए.

भारत-अमेरिका की दोस्ती का नया आधार

भारत और अमेरिका के रिश्तों पर बात करते हुए ब्लिंकन ने कहा कि दोनों देश लंबे समय तक एक-दूसरे से दूर रहे, लेकिन अब उनके बीच मजबूत रणनीतिक साझेदारी विकसित हो चुकी है. नागरिक परमाणु समझौते को उन्होंने इस रिश्ते में बड़ा बदलाव लाने वाला कदम बताया. ब्लिंकन के मुताबिक आने वाले समय में सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, अंतरिक्ष और क्वांटम तकनीक जैसे क्षेत्र दोनों देशों के सहयोग को नई मजबूती देंगे. इन क्षेत्रों में मिलकर काम करने से तकनीकी विकास के साथ-साथ ग्लोबल सप्लाई चेन को सुरक्षित बनाने में भी मदद मिल सकती है.

रूस-भारत के रिश्तों को समझे अमेरिका

ब्लिंकन ने भारत की रणनीतिक स्वायत्तता का भी समर्थन किया. उन्होंने कहा कि अमेरिका को यह उम्मीद नहीं करनी चाहिए कि भारत हर अंतरराष्ट्रीय मुद्दे पर अमेरिका के रुख का ही समर्थन करेगा. भारत अपने राष्ट्रीय हितों के आधार पर विदेश नीति तय करता है और अमेरिका को इस बात का सम्मान करना होगा. रूस के साथ भारत के पुराने संबंधों पर उन्होंने कहा कि वाशिंगटन इन ऐतिहासिक रिश्तों को समझता है. अमेरिका भारत से यह उम्मीद नहीं करता कि वह रूस के साथ अपने सभी संबंध खत्म कर दे. हालांकि उन्होंने सुझाव दिया कि भारत को ऊर्जा और सैन्य उपकरणों के लिए दूसरे देशों पर भी ध्यान देना चाहिए, ताकि किसी एक देश पर उसकी निर्भरता ज्यादा न हो.

रूसी तेल पर अमेरिकी रुख को बताया थोड़ा दोहरा

भारत के  रूस से तेल खरीदने के मुद्दे पर भी ब्लिंकन ने अपनी राय खुलकर रखी है. उन्होंने कहा कि इस मामले में भारत की आलोचना करते समय अमेरिका को अपने फैसलों पर भी ध्यान देना चाहिए. उन्होंने रूस से आने वाली ऊर्जा पर अमेरिकी प्रतिबंधों में दी गई छूट का हवाला देते हुए वाशिंगटन की आलोचना को थोड़ा बनावटी बताया है. कुल मिलाकर ब्लिंकन ने ये कहा है कि भारत-अमेरिका संबंध अब केवल पाकिस्तान या दक्षिण एशिया की राजनीति तक सीमित नहीं हैं. ये तकनीक, रक्षा, ऊर्जा और वैश्विक सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर ग्लोबल स्तर पर पहुंच चुका है. ऐसे में इस रिश्ते की मजबूती का आधार एक-दूसरे के हितों और रणनीतिक स्वतंत्रता का सम्मान करना होगा.



Source link