SpaceX का कमाल, स्पेस से लौटे स्टारशिप को हवा में किया कैच, जानिए ISRO कनेक्शन
Last Updated:
SpaceX News: एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है. स्पेसएक्स ने अंतरिक्ष से लौटे एक स्टारशिप को हवा में ही कैच कर लिया. जी हां, शनिवार को अंतरिक्ष में 14 चक्कर लगाने के बाद स्टारशिप पृथ्वी पर लौटा और लॉन्च पैड पर लगी विशालकाय यांत्रिक भुजाओं ने उसे हवा में ही पकड़ लिया. ऐसा पहली बार हुआ है. हालांकि, मिशन के दौरान रॉकेट का पहला चरण यानी बूस्टर वापस पकड़ने की कोशिश नाकाम रही. नासा और इसरो भी इस तकनीक पर काम कर रहा है.
14 बार पृथ्वी का चक्कर, फिर हवा में कैच! स्पेसएक्स के स्टारशिप ने अंतरिक्ष में रचा नया इतिहास (फोटो- एक्स)
SpaceX News: अंतरिक्ष की दुनिया में एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स ने बड़ा कमाल कर दिया है. स्पेसएक्स ने पहली बार एक ऐसी उपलब्धि हासिल की है, जिसकी गूंज पूरी दुनिया में सुनाई दे रही है. जी हां, स्पेसएक्स के स्टारशिप ने अंतरिक्ष में 14 चक्कर लगाने के बाद पृथ्वी पर वापसी की और लॉन्च पैड पर लगी विशालकाय मशीनों की दो भुजाओं ने उसे हवा में ही कैच कर लिया. ऐसा पहली बार हुआ है, जब अंतरिक्ष से लौट रहे स्टारशिप को इस तरह सफलतापूर्वक कैच किया गया. स्पेसएक्स की इस कामयाबी पर भारत की भी नजर है. कारण कि इसरो भी इसी तकनीक पर काम कर रहा है. जी हां, इसरो यानी भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन भी री-यूजेबल लॉन्च व्हीकल (RLV) तकनीक पर काम कर रहा है. हालांकि, भारत और स्पेसएक्स का तरीका फिलहाल अलग है.
समझिए कितनी बड़ी है स्पेसएक्स की यह सफलता
सबसे पहले समझते हैं कि स्पेसएक्स ने कामयाबी का कौन सा झंडा गाड़ा है. दरअसल, अमेरिका के टेक्सास स्थित स्पेसएक्स के स्टारबेस से स्थानीय समयानुसार शुक्रवार को दुनिया का सबसे बड़ा और ताकतवर रॉकेट स्टारशिप लॉन्च किया गया था. करीब 407 फीट यानी 124 मीटर लंबे इस रॉकेट ने अंतरिक्ष की कक्षा में पहुंचकर 26 उन्नत स्टारलिंक सैटेलाइट छोड़े. इसके बाद स्टारशिप ने पृथ्वी के करीब 265 किलोमीटर ऊपर 14 चक्कर लगाए.
- करीब 22 घंटे की यात्रा पूरी करने के बाद शनिवार को स्टारशिप पृथ्वी पर लौटा. इस दौरान लॉन्च टावर पर लगी विशालकाय यांत्रिक भुजाओं ने उसे हवा में ही पकड़ लिया. स्पेसएक्स की इस तकनीक को मेकाजिला नाम दिया गया है. इसका मकसद रॉकेट के बड़े हिस्सों को सुरक्षित वापस लाना और उनका दोबारा इस्तेमाल करना है. ठीक वैसे ही जैसे इसरो चाहता है कि उसका रॉकेट सैटेलाइट भेजकर स्पेस से वापस आ जाए.
- हालांकि, इस मिशन में स्पेसएक्स को पूरी सफलता नहीं मिली. स्टारशिप का पहला चरण यानी बूस्टर वापस लौटते समय नाकाम हो गया और मैक्सिको की खाड़ी में जा गिरा. इसके बावजूद अंतरिक्ष यान को सफलतापूर्वक पकड़ना स्पेसएक्स के लिए बड़ी उपलब्धि है. यह वही शानदार समापन था जिसकी उम्मीद एलन मस्क और उनकी टीम कर रही थी. अंतरिक्ष से वापस लौट रहे स्टारशिप को इस तरह हवा में पकड़ने का यह पहला मौका था. यह लक्ष्य चंद्रमा और मंगल की यात्रा को तेज और आसान बनाने के लिए बहुत अहम है.
कैमरे में कैद यह रोमांचक सीन
इस रोमांचक और साइंस-फिक्शन जैसी घटना ने बूस्टर के साथ हुई दुर्घटना की कड़वी याद को काफी हद तक मिटा दिया. लॉन्च टॉवर की भुजाओं के सहारे हवा में लटके इस अंतरिक्ष यान को कैमरों ने हर तरफ से दिखाया. स्पेसएक्स के कमेंटेटर डैन ह्यूओट ने उत्साह से चिल्लाते हुए कहा, ‘क्या आप यकीन कर सकते हैं? इसे देखिए! कमाल है, यह वापस आ गया है!’
Mechazilla catches Starship! Congratulations to the entire SpaceX team on this incredible achievement! https://t.co/YJzmGUZb2B