Last Updated:
Ballia Sub-Inspector Death: यूपी के बलिया से एक पुलिसकर्मी की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है. चितबड़ागांव थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर संदीप कुमार का शव रेलवे ट्रैक पर मिला. बताया जा रहा है कि ट्रेन के सामने आकर उनकी मौत हुई. घटना से पहले एक युवती थाने पहुंची थी और जमकर हंगामा किया था.
मृतक की तस्वीर.
बलिया: यूपी के बलिया जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जहां चितबड़ागांव थाने पर 11 महीने से तैनात सब इंस्पेक्टर ने ट्रेन के सामने आकर खुदकुशी कर ली. जिसकी जानकारी लोको पायलट ने अगले स्टेशन पर MRO में दी थी. सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचे तो शव की पहचान थाने पर ही तैनात सब इंस्पेक्टर संदीप कुमार के रूप में हुई. मृतक संत कबीर नगर का रहने वाला था.
आनन-फानन में मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक ईरज राजा ने बताया कि शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच में सब इंस्पेक्टर ने ट्रेन के सामने आकर खुदकुशी की थी, जिनकी बुलेट बाइक मौके पर ही रेलवे ट्रेक के पास मौजूद थी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज परिजनों को सूचना कर दी है और पूरे मामले पर सभी एंगल से पुलिस जांच कर रही है.
प्राथमिक जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि सब इंस्पेक्टर कुछ दिनों से लगातार तनाव में रहते थे. बताया यह भी जा रहा है कि चितबड़ागांव थाने से पहले उठाओ थाने पर इनकी तैनाती थी. इस दौरान किसी युवती के संपर्क में आ गए थे और प्रेम-प्रसंग चल रहा था. जानकारी के मुताबिक कुछ समय बाद सब-इंस्पेक्टर का युवती से विवाद शुरू हो गया. फिर युवती लगातार सब इंस्पेक्टर संदीप को टॉर्चर करने लगी.
घटना के दिन यानी ड्यूटी चितबड़ागांव थाने पर आकर युवती ने हंगामा भी किया था. इसके बाद उपस्थित पुलिसकर्मियों ने उनको समझा-बुझाकर वापस भेजा. जिस कारण सब-इंस्पेक्टर ज्यादा परेशान थे. यह भी बताया जा रहा है कि युवती और सब-इंस्पेक्टर गाजीपुर कोतवाली में तैनात इंस्पेक्टर दिनेश पाठक के यहां मामले को सुलह समझौते के लिए बातचीत करने भी गए थे. लेकिन बात नहीं बनी लौटते समय काफी परेशान होकर धरमपुर रेलवे ट्रैक के पास बुलेट खड़ा कर सब इंस्पेक्टर ने ट्रेन के सामने आकर खुदकुशी कर ली. वहीं पुलिस सभी पहलुओं पर अभी जांच कर रही है.
(डिस्क्लेमर: अगर आपके आसपास कोई शख्स डिप्रेशन में है और आपको ऐसा लगता है कि उसके मन में खुद को नुकसान पहुंचाने का विचार आ रहा है या कोई खुद को नुकसान पहुंचाने कोशिश कर रहा है. ऐसे में आप 9152987821 हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर तुरंत जानकारी दे सकते हैं, ताकि एक कीमती जीवन को बचाया जा सके.)