Last Updated:
Ram Janmabhoomi Temple: अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के पीछे दशकों लंबे संघर्ष और संगठन की शक्ति को याद करते हुए देवेंद्र फडणवीस ने विहिप के दिवंगत नेता अशोक सिंघल के योगदान को निर्णायक बताया है. नागपुर में आयोजित ‘श्रीराम कथा’ सभा में फडणवीस ने कहा कि अलग-अलग संप्रदायों और विचारधाराओं के संतों को एक मंच पर लाना सिंघल की अद्भुत क्षमता थी.
फडणवीस ने कहा कि अशोक सिंघल ने राम जन्मभूमि आंदोलन को दिशा दी थी. (फाइल फोटो)
नागपुर. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 14 नवंबर को राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान हिंदू समाज को एकजुट करने और उस ‘संघर्ष’ को दिशा देने का श्रेय विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के दिवंगत नेता अशोक सिंघल को दिया, जिसके परिणामस्वरूप अंततः अयोध्या में ‘विवादित ढांचे’ को हटाया गया. फडणवीस विहिप के दिवंगत नेता की जन्मशती समारोह के तहत नागपुर में आयोजित ‘श्रीराम कथा’ कार्यक्रम के दौरान एक सभा को संबोधित कर रहे थे.
सिंघल को राम जन्मभूमि आंदोलन का अग्रदूत बताते हुए फडणवीस ने 1984 में आयोजित ‘धर्म संसद’ में उनकी भूमिका को याद किया. इस धर्म संसद में देश भर के विभिन्न संप्रदायों और विचारधाराओं का प्रतिनिधित्व करने वाले धर्मगुरुओं ने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के समर्थन में एक प्रस्ताव पारित किया था’
फडणवीस ने कहा कि संतों और धर्माचार्यों को एक मंच पर लाने की सिंघल की क्षमता इस विश्वास को दर्शाती थी कि विभिन्न संप्रदायों, परंपराओं और पूजा-पद्धतियों के बावजूद हिंदू समाज एक है.