Last Updated:
मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी इन दिनों चर्चा में है. 25 नवंबर को शिवांगी की शादी आर्मी ऑफिसर रणविजय कुमार के बेटे ऋषिकेश कुमार से होनी है. शादी को यादगार बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां चल रही हैं. इस बीच अनंत सिंह लोगों को निमंत्रण भी देने पहुंच रहे हैं और छठ प्रसाद भी ग्रहण कर रहे हैं.
पटना: मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह के घर छठ का प्रसाद खाने पहुंचे. इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने सभी को बेटी की शादी का खुला निमंत्रण दिया और कहा कि कार्ड की कोई जरूरत नहीं है. छठ महापर्व के मौके पर अनंत सिंह अलग-अलग जगह जाकर प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं और इसी के साथ वह बेटी की शादी का निमंत्रण भी लोगों को दे रहे हैं. इसी क्रम में वह अभिनेत्री अक्षरा सिंह के घर भी पहुंचे थे.
अक्षरा सिंह के घर पर अनंत सिंह ने प्रसाद खाया और उनके परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की. बाहर निकलने पर मीडिया के सवालों पर अनंत सिंह ने कहा – “प्रसाद खाने आए थे. 25 तारीख को बेटी की शादी है, सभी आमंत्रित हैं.” अनंत सिंह ने आगे कहा, “कार्ड की कोई जरूरत नहीं है. कोई भाई लोग अगर छूट गया है तो माफ करें लेकिन, सब लोग आइएगा.”
मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी इन दिनों चर्चा में है. 25 नवंबर को शिवांगी की शादी आर्मी ऑफिसर रणविजय कुमार के बेटे ऋषिकेश कुमार से होनी है. शादी को यादगार बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां चल रही हैं. चार लाख मेहमानों के भोजन से लेकर घुड़दौड़ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक की व्यवस्था की जा रही है. लेकिन शादी की तैयारियों के बीच एक और बात चर्चा में है. अनंत सिंह ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और कई बड़े नेताओं को शादी का कार्ड भेजा है, लेकिन खुद सिर्फ एक नेता के घर कार्ड देने पहुंचे. यह नेता हैं बिहार विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार.
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक, अनंत सिंह ने एक बातचीत में बताया कि उन्होंने खुद जाकर सिर्फ प्रेम कुमार को बेटी की शादी का कार्ड दिया है. बाकी नेताओं के घर कार्ड पहुंचाने के लिए उन्होंने अपने बेटों को भेजा. जब उनसे पूछा गया कि वह दूसरे नेताओं के घर क्यों नहीं गए तो उन्होंने अपने खास अंदाज में जवाब दिया. उन्होंने कहा, ‘जो विधानसभा में कुर्सी पर बैठते हैं, उनको कौ ची कहता है.’ उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने किसी नेता का घर देखा ही नहीं है. इसी वजह से वह किसी दूसरे नेता के घर कार्ड देने नहीं गए. लालू प्रसाद यादव के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि उनसे न दोस्ती है और न दुश्मनी.
दामाद को डिफेंडर, छोटे बेटे को BMW का तोहफा
शादी में महंगे उपहार भी चर्चा का विषय हैं. अनंत सिंह अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को करीब ढाई करोड़ रुपये की डिफेंडर गाड़ी देने वाले हैं. वहीं, छोटे बेटे के लिए करीब 80 लाख रुपये की BMW की तैयारी है. बेटी के ससुराल बिहटा के कृष्णानगर में भी शादी को लेकर खास इंतजाम किए गए हैं. यहां एक भव्य इमारत तैयार कराई गई है.
शादी के बाद अनंत सिंह के सामने कानूनी चुनौती
बेटी की शादी की खुशियों के बीच अनंत सिंह की कानूनी मुश्किलें भी बनी हुई हैं. जदयू ने पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाते हुए उनकी विधानसभा सदस्यता खत्म करने की मांग की है. इस मामले में जवाब देने के लिए उन्हें 30 नवंबर तक का समय मिला है. वहीं, दुलारचंद हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें 4 दिसंबर तक आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है. ऐसे में 25 नवंबर को बेटी की शादी के बाद अनंत सिंह को कानूनी प्रक्रिया का सामना करना होगा.