17 या 18 नवंबर, कब है गोपाष्टमी? जानें त्योहार की सही तिथि और पूजन विधि
Last Updated:
Gopashtami 2026: हिंदू धर्म में गोपाष्टमी का विशेष धार्मिक महत्व है. हर साल कार्तिक मास में मनाए जाने वाले इस पर्व पर गौ माता और भगवान श्रीकृष्ण की पूजा की जाती है. आइए जानते हैं इस वर्ष गोपाष्टमी की सही तिथि और पूजा विधि.
उज्जैन. सनातन धर्म में गाय को केवल पशु नहीं बल्कि माता और देवी-देवताओं का निवास स्थान माना गया है. यही वजह है कि हिंदू धर्म में गायों की पूजा के लिए एक विशेष पर्व मनाया जाता है, जिसे गोपाष्टमी कहते हैं. यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण और गौ माता के प्रति श्रद्धा, सेवा और समर्पण का प्रतीक है. धार्मिक मान्यता है कि गोपाष्टमी के दिन गायों की पूजा करने और उनकी सेवा करने से जीवन में सुख-समृद्धि आती है. इस दिन गौ माता को स्नान कराकर सजाया जाता है, उनके माथे पर तिलक लगाया जाता है और गुड़, हरा चारा सहित विभिन्न पकवान खिलाए जाते हैं लेकिन क्या आप जानते हैं कि आखिर गोपाष्टमी मनाने की शुरुआत कैसे हुई और इसका भगवान श्रीकृष्ण से क्या संबंध है. उज्जैन के ज्योतिषाचार्य आनंद भारद्वाज के अनुसार, इस पर्व के पीछे दो प्रमुख पौराणिक मान्यताएं प्रचलित हैं.
वैदिक पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि का आरंभ 17 नवंबर, मंगलवार के दिन सुबह 4 बजकर 20 मिनट पर होगा. वहीं अगले दिन यानी 18 नवंबर, बुधवार के दिन सुबह 6 बजकर 6 मिनट तक अष्टमी तिथि व्याप्त रहेगी. ऐसे में उदयातिथि के अनुसार, 17 नवंबर को गोपाष्टमी का त्योहार मनाया जाएगा.
कान्हा ने पहली बार संभाली गौ सेवा की जिम्मेदारी
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण बचपन में केवल बछड़ों को चराने जाया करते थे. जब उनकी आयु 7 वर्ष हुई, तब कार्तिक शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि पर उन्होंने पहली बार गायों को चराने की जिम्मेदारी संभाली थी. इसी दिन से भगवान श्रीकृष्ण का नाम गोपाल और गोविंद के रूप में भी विशेष रूप से प्रसिद्ध हुआ. मान्यता है कि इस घटना की स्मृति में गोपाष्टमी मनाई जाती है.
इंद्रदेव के अहंकार का हुआ था अंत
गोपाष्टमी का संबंध भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला से भी जुड़ा है. पौराणिक कथा के अनुसार, जब ब्रजवासियों ने इंद्रदेव की पूजा के स्थान पर गोवर्धन पर्वत की पूजा की, तो क्रोधित होकर इंद्रदेव ने मूसलाधार बारिश शुरू कर दी. तब श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों और गायों की रक्षा की. 7 दिनों तक पर्वत धारण करने के बाद 8वें दिन इंद्रदेव का अहंकार समाप्त हुआ और उन्होंने श्रीकृष्ण से क्षमा मांगी. इसी घटना की याद में गोपाष्टमी मनाने की परंपरा प्रचलित हुई. इस तरह गोपाष्टमी केवल एक धार्मिक पर्व नहीं बल्कि गौ संरक्षण, सेवा और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश भी देती है.
गोपाष्टमी की पूजा विधि
गोपाष्टमी पर गौ माता की पूजा के लिए सबसे पहले गाय और बछड़ों को स्नान कराकर स्वच्छ वस्त्र से साफ करें. इसके बाद फूलों की माला पहनाकर हल्दी, कुमकुम और चंदन से तिलक लगाएं. पूजा स्थल पर श्रीकृष्ण और गौ माता की प्रतिमा स्थापित कर धूप-दीप जलाए. कान्हा को माखन-मिश्री का भोग लगाकर आरती करें और गाय को हरा चारा खिलाकर आशीर्वाद लें.