Pushkar Fair: ऊंटों की शान, राजस्थानी पगड़ी और रंग-बिरंगे परिधान, विदेशी सैलानियों पर चढ़ा पुष्कर मेले का रंग

Pushkar Fair: ऊंटों की शान, राजस्थानी पगड़ी और रंग-बिरंगे परिधान, विदेशी सैलानियों पर चढ़ा पुष्कर मेले का रंग


Last Updated:

Pushkar Fair 2026: अजमेर के अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुष्कर मेले की रौनक धीरे-धीरे बढ़ने लगी है. मेले की अनौपचारिक शुरुआत के साथ ही देशी-विदेशी पर्यटकों का पहुंचना शुरू हो गया है. खासकर विदेशी सैलानियों में राजस्थान की संस्कृति और ग्रामीण परंपराओं को करीब से देखने का उत्साह नजर आ रहा है. मेले में सजे-धजे ऊंट, घोड़े, रंग-बिरंगी राजस्थानी पोशाकें, पगड़ी और पारंपरिक रहन-सहन विदेशी पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं. कोई ऊंटों के साथ तस्वीरें खिंचवा रहा है तो कोई उनकी साज-सज्जा को कैमरे में कैद कर रहा है. दूर-दराज से पशुपालक भी अपने पशुओं के साथ पुष्कर पहुंचने लगे हैं. 17 नवंबर को मेले की विधिवत शुरुआत होगी. इसके बाद ऊंट और घोड़ों से जुड़ी प्रतियोगिताओं सहित कई सांस्कृतिक और पारंपरिक आयोजन मेले का आकर्षण बढ़ाएंगे.

अजमेर. अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुष्कर मेले का रंग अब धीरे-धीरे चढ़ने लगा है. मेले की अनौपचारिक शुरुआत के साथ ही देश-विदेश से पर्यटकों का पहुंचना शुरू हो गया है. खास बात यह है कि विदेशी पर्यटकों में पुष्कर मेले को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. विदेशी सैलानी राजस्थान की संस्कृति, परंपराओं और ग्रामीण जीवन को करीब से देखने के लिए पहुंच रहे हैं. पुष्कर मेले राजस्थानी रंग और यहां की पारंपरिक झलक विदेशी पर्यटकों को खूब आकर्षित कर रही है.

ब्रह्मा नगरी में लगने वाला पुष्कर मेला विदेशी पर्यटकों के लिए हमेशा से खास आकर्षण का केंद्र रहा है. यहां आकर सैलानी राजस्थान की संस्कृति को करीब से महसूस करते हैं. इस बार भी विदेशी पर्यटक मेले में पहुंचने के बाद ऊंटों, घोड़ों, पारंपरिक वेशभूषा और ग्रामीण परिवेश को अपने कैमरे में कैद करते नजर आ रहे हैं.

अलग-अलग गतिविधियों को कैमरे में कैद कर रहे हैं

मेले में सजे-धजे ऊंट, राजस्थानी पगड़ी, रंग-बिरंगे कपड़े और पारंपरिक रहन-सहन विदेशी सैलानियों को काफी पसंद आ रहे हैं. कोई ऊंटों के साथ तस्वीरें खिंचवा रहा है तो कोई उनकी साज-सज्जा और पारंपरिक श्रृंगार को कैमरे में उतार रहा है. कई विदेशी पर्यटक मेले में घूमते हुए अलग-अलग गतिविधियों को कैमरे में कैद कर रहे हैं.

17 नवंबर के बाद होंगे कई सारे आयोजन

मेले की अनौपचारिक शुरुआत के साथ ही मेला क्षेत्र में रौनक बढ़ने लगी है. दूर दराज से पशुपालक अपने पशुओं को लेकर यहां पहुंच रहे हैं.आने वाले दिनों में यहां ऊंट और घोड़ों से जुड़ी कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. 17 नवंबर को विधिवत शुरुआत के बाद इन आयोजनों का आकर्षण और बढ़ेगा.

कैसे पहुंच सकते हैं पुष्कर?

अगर आप भी पुष्कर मेले में घूमने का प्लान बना रहे हैं तो यहां पहुंचना काफी आसान है. पुष्कर का सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन अजमेर रेलवे स्टेशन है जो देश के कई प्रमुख शहरों से रेल मार्ग के जरिए जुड़ा हुआ है. यह स्टेशन पुष्कर से 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. यहां से पर्यटक बस, टैक्सी या निजी वाहन के जरिए आसानी से पुष्कर पहुंच सकते हैं. हवाई यात्रा से आने वाले पर्यटकों के लिए किशनगढ़ एयरपोर्ट सबसे नजदीकी विकल्प है. यह पुष्कर से करीब 65 किलोमीटर दूर स्थित है.



Source link