Last Updated:
रोज एक ही काम करते करते लोग थकान महसूस करने लगते हैं. ऐसे में कहीं बाहर घूम-टहलकर आने से थोड़ा राहत और सुकून महसूस होता है. हालांकि, कई शहर ऐसे हैं जहां लोगों को अपने शहर में ही एक से बढ़कर एक बेहतरीन जगह घूमने के लिए मिल जाती है. जिन शहरों में ऐसी घूमने वाली जगह नहीं थी उनमें बिहार का छपरा भी था. अब छपरा में रामघाट और अटल वाटिका बनकर तैयार है. इन लोकेशन पर जाकर लोग सुकून से घूम सकते हैं और शांति महसूस कर सकते हैं.
विशाल कुमार/छपरा: बिहार के छपरा में पहली बार पर्यटक स्थल के रूप में लोगों को एक स्थान मिला है. जहां पर दूर-दूर से लोग घूमने के लिए पहुंच रहे हैं. एक ही जगह पर कई चीज लोगों को देखने के लिए मिल रही है. इस वजह से लोग अपने परिवार के साथ घूमने पहुंच रहे हैं. इस स्थान का निर्माण होने से स्थानीय लोगों को भी रोजगार मिलने की उम्मीद जग गई है. जिले के मांझी प्रखंड अंतर्गत मांझी रामघाट के साथ अटल वाटिका, पार्क निर्माण, बच्चों के खेलने के लिए झूला, व्यायाम के लिए इंतजाम, टहलने के लिए ट्रैक और बैठने का इंतजाम किया गया है. इसके साथ ही हनुमान और भोलेनाथ के मंदिर सहित कई भगवान और देवी देवताओं के मंदिर भी यहां पर पहले से स्थापित हैं. पहले से ही यहां पर काफी ज्यादा पेड़ पौधे थे. अब फूल पत्ती और महंगे पेड़ पौधे घास लगाकर इस जगह को और सुसज्जित कर दिया गया है. इस वजह से लोग इधर आकर्षित हो रहे हैं.
पर्यटक स्थल बनने से क्या होगा स्थानीय लोगों को लाभ
छपरा में पर्यटक स्थल बनने से पर्यटकों का आवागमन समय के साथ बढ़ता जाएगा. इससे लोग यहां घूमने आएंगे और उसके आसपास होटल, पूजा-पाठ से जुड़े सामान और खाने-पीने की चीजों के साथ ही तमाम चीजों की दुकान खोलकर लोग कमाई का जरिया तैयार कर सकते हैं. यहां अभी से ही छोटे-छोटे क्रिएटर शूटिंग करने के लिए पहुंचने लगे हैं. आने वाले दिनों में बड़े-बड़े फिल्मों की शूटिंग करने के लिए भी लोग यहां पहुंचेंगे. इससे स्थानीय लोगों की कमाई बढ़ेगी.
क्या कहते हैं स्थानीय लोग
लोकल 18 से अनिल कुमार ने बताया कि छपरा में पर्यटक स्थल बनने से खासकर स्थानीय लोगों को कमाई करने का एक जरिया मिल गया है. जो लोग बाहर से यहां घूमने आएंगे वह आसपास की दुकान से ही खरीदारी करेंगे. इस वजह से स्थानीय दुकानदारों की कमाई बढ़ेगी. इस स्थान को टूरिस्ट स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है. अभी यहां पर और ज्यादा काम किया जाएगा. छपरा में इस तरह की घूमने वाली जगह नहीं थी. अब लोगों को घूमने के लिए शहर में ही एक बढ़िया जगह मिल गई है.
पंडित रंजन शर्मा नाम के स्थानीय ने इसे पत्थर पर दूब जमने वाली बात बताया है. पंडित रंजन शर्मा ने बताया कि जो स्थान पहले विरान था वह अब हरा-भरा और स्वर्ग के जैसा बना दिया गया है. अब यहां सुंदर छठ घाट के साथ पर्यटक स्थल का भी निर्माण किया गया है. जिस विकास से हम लोग काफी खुश हैं. उन्होंने कहा कि यह पत्थर पर दूब जामने वाली बात हुई है.