बिहार में छूट पर मिल रही है ऐसी मशीन, बिना मजदूरों के होगी खेती, होंगे कई काम
Last Updated:
खेती-किसानी को आधुनिक कृषि उपकरणों ने कुछ हद तक आसान बना दिया है. किसानों को कई बार बड़ी दिक्कत मजदूरों को लेकर होती है. लोगों को जरूरत के वक्त मजदूर नहीं मिल पाते. इससे खेती-किसानी लेट हो जाती है. दूसरी तरफ मजदूर मिल गए तो उनकी मजदूरी देने में किसानों का खर्च बढ़ जाता है. ऐसे में रोटावेटर एक ऐसा कृषि यंत्र है जो कई काम करने में सक्षम है.
रोहतास: खेती-किसानी में समय पर खेत तैयार करना किसानों के लिए बेहद जरूरी होता है. आजकल मजदूरों की कमी और बढ़ती मजदूरी के कारण किसानों के सामने कई तरह की मुश्किलें खड़ी हो रही हैं. खेत की जुताई करनी हो, पिछली फसल के अवशेष हटाने हों, खरपतवार को मिट्टी में मिलाना हो या अगली फसल की बुवाई के लिए खेत तैयार करना हो, इन सभी कामों में काफी समय और मेहनत लगती है. कई बार मजदूरों की अनुपलब्धता के कारण बुवाई का समय भी निकलने लगता है. ऐसे में आधुनिक कृषि यंत्र किसानों के लिए मददगार साबित हो रहे हैं. इन्हीं में रोटावेटर एक ऐसा कृषि यंत्र है जो एक ही बार में खेत की जुताई और मिट्टी को भुरभुरा बनाने का काम करता है. इससे किसानों को बार-बार खेत की जुताई कराने की जरूरत कम पड़ती है और समय के साथ मजदूरी की बचत भी होती है. खास बात यह है कि सरकार की कृषि यंत्र अनुदान योजना के तहत रोटावेटर की खरीद पर किसानों को 30 हजार रुपये तक की सब्सिडी का लाभ मिल रहा है.
एक ही बार में जुताई और मिट्टी को बना देता है भुरभुरा
बिक्रमगंज स्थित सांई कृषि उद्योग के संचालक दीपक कुमार बताते हैं कि सात फीट चौड़ाई वाला रोटावेटर किसानों के लिए काफी उपयोगी कृषि यंत्र है. इसका इस्तेमाल आलू, धान और गेहूं समेत कई फसलों की बुवाई से पहले खेत तैयार करने में किया जाता है. ट्रैक्टर के साथ जोड़कर चलाए जाने वाले इस यंत्र में घूमने वाले ब्लेड लगे होते हैं जो मिट्टी को काटकर उसे भुरभुरा बनाते हैं. करीब 3 से 3.5 इंच तक की ऊपरी मिट्टी की गुड़ाई करते हुए यह खेत में मौजूद फसल अवशेषों को भी मिट्टी में मिला देता है. इससे खेत की सतह तैयार करने और बुवाई के लिए मिट्टी को उपयुक्त बनाने में सहूलियत होती है.
आलू, धान और गेहूं की खेती में उपयोगी
रोटावेटर का इस्तेमाल अलग-अलग फसलों की जरूरत के अनुसार खेत तैयार करने में किया जा सकता है. धान और गेहूं की बुवाई से पहले खेत की मिट्टी को भुरभुरा बनाने के साथ आलू की खेती के लिए जमीन तैयार करने में भी यह उपयोगी है. इसकी मदद से पिछली फसल के अवशेषों को मिट्टी में मिलाया जा सकता है. इससे खेत की तैयारी का काम कम समय में पूरा होता है. खासकर उन किसानों के लिए यह मशीन उपयोगी है जिन्हें कम समय में बड़े रकबे में बुवाई की तैयारी करनी होती है.
1 लाख 25 हजार रुपये कीमत, सब्सिडी से कम होगा खर्च
सात फीट चौड़ाई वाले रोटावेटर की बाजार में कीमत करीब 1 लाख 25 हजार रुपये है. हालांकि, कृषि यंत्र अनुदान योजना के तहत इसकी खरीद पर किसानों को सरकारी सहायता मिल रही है. सांई कृषि उद्योग के संचालक दीपक कुमार के अनुसार अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के किसानों को 30 हजार रुपये जबकि सामान्य और पिछड़ा वर्ग के किसानों को 24 हजार रुपये तक का अनुदान मिल रहा है. इस तरह सब्सिडी मिलने से किसानों को मशीन खरीदने में आर्थिक राहत मिल सकती है.
सब्सिडी के लिए कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी?
रोटावेटर पर सरकारी अनुदान का लाभ लेने के लिए किसानों के पास किसान पंजीकरण कार्ड और खेत की अद्यतन रसीद होनी चाहिए. इच्छुक किसान कृषि विभाग की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए नजदीकी प्रखंड कृषि कार्यालय, अधिकृत कृषि यंत्र विक्रेता या साइबर कैफे से जानकारी लेकर आवेदन किया जा सकता है.
45 HP या उससे अधिक क्षमता वाला ट्रैक्टर जरूरी
इस सात फीट वाले रोटावेटर को चलाने के लिए 45 हॉर्स पावर (HP) या उससे अधिक क्षमता वाले ट्रैक्टर की जरूरत होती है. इसलिए मशीन खरीदने से पहले किसानों को अपने ट्रैक्टर की क्षमता, खेत का रकबा और मिट्टी की स्थिति का ध्यान रखना चाहिए. सही क्षमता वाले ट्रैक्टर के साथ रोटावेटर का इस्तेमाल करने से खेत की तैयारी का काम अधिक सुविधाजनक हो सकता है.