महाकाल मंदिर में रील बनाना पड़ा महंगा, विधायक के बेटे पर एक्शन; एक साल तक VIP दर्शन बैन

महाकाल मंदिर में रील बनाना पड़ा महंगा, विधायक के बेटे पर एक्शन; एक साल तक VIP दर्शन बैन


Last Updated:

विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला ने मंदिर परिसर में रील बनाई, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई. अब उनके खिलाफ एक्शन लिया गया है. उनके वीआईपी प्रोटोकॉल और विशेष दर्शन की सुविधा पर एक साल तक के लिए रोक लगा दी गई है. इससे पहले ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाली तीन कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया था.

Zoom

विधायक के बेटे पर हुआ एक्शन

उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में नियमों के उल्लंघन पर आखिरकार मंदिर प्रबंध समिति ने कार्रवाई कर दी है. इंदौर के भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला को अब एक साल तक वीआईपी दर्शन और प्रोटोकॉल की सुविधा नहीं मिलेगी. इस अवधि में उन्हें आम श्रद्धालुओं की तरह ही भगवान महाकाल के दर्शन करने होंगे.

रुद्राक्ष शुक्ला वीआईपी प्रोटोकॉल के तहत महाकाल मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर और दर्शन के समय रील बनाई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. मंदिर में मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाने पर प्रतिबंध होने के बावजूद रील सामने आने के बाद मंदिर प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे थे.

पहले सुरक्षाकर्मियों पर गिरी थी गाज
मामले में शुक्रवार को मंदिर समिति ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर 3 गार्ड और सुरक्षा एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की थी. लेकिन इस कार्रवाई के बाद यह सवाल उठने लगा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति पर कार्रवाई कब होगी.

उठ रहे सवालों के बाद हुआ एक्शन
लगातार उठ रहे सवालों और आलोचनाओं के बाद मंदिर प्रबंध समिति ने शनिवार को रुद्राक्ष शुक्ला के खिलाफ भी सख्त कदम उठाया. समिति ने उनके वीआईपी प्रोटोकॉल और विशेष दर्शन की सुविधा पर एक साल के लिए रोक लगा दी है. इस फैसले के बाद रुद्राक्ष को अगले एक साल तक महाकाल मंदिर में सामान्य दर्शन व्यवस्था के तहत ही प्रवेश मिलेगा. न वीआईपी प्रवेश की सुविधा होगी और न ही विशेष प्रोटोकॉल का लाभ मिलेगा.

मंदिर समिति की इस कार्रवाई को साफ संदेश के तौर पर देखा जा रहा है कि महाकाल मंदिर में नियम सभी के लिए समान हैं और उनका उल्लंघन करने पर किसी को भी कार्रवाई से छूट नहीं मिलेगी.



Source link