Last Updated:
दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया पर एक फोटो पोस्ट की है, जिसमें मध्य प्रदेश के चार पूर्व सीएम नजर आ रहे हैं. इस तस्वीर में युवा ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद हैं और कांग्रेस की कद्दावर नेता सोनिया गांधी भी. दिग्विजय ने लिखा है कि वो भी क्या दिन थे और उन्होंने कांग्रेस के पुराने दौर को याद किया है. आइए जानते हैं कि तस्वीर में कौन-कौन मौजूद है.
दिग्विजय सिंह ने शेयर की खास तस्वीर
राजनीति में कब क्या हो जाए और पहिया किस ओर घूम जाए. इसका अंदाजा लगाना बेहद मुश्किल होता है. इसका सबसे सटीक उदाहरण मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट की गई एक दुर्लभ तस्वीर है. इस एक ही फ्रेम में मध्य प्रदेश की सियासत के चार पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के कई दिग्गज नेता एक साथ मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं. इसमें युवा ज्योतिरादित्य सिंधिया भी नजर आ रहे हैं, जो अब बीजेपी के कद्दावर नेता बने हुए हैं और केंद्र में मंत्री हैं.
दिग्विजय सिंह ने बताया है कि यह तस्वीर उस खास मौके की है, जब युवा ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस की सदस्यता ली थी और उस समय की कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी उनकी बगल में बैठी हुई हैं, जबकि सिंधिया उनके सामने हाथ जोड़े बैठे हुए हैं. दिग्विजय ने इस तस्वीर को साझा करते हुए पुरानी यादों को ताजा किया है. उन्होंने बताया कि ज्योतिरादित्य के एक शुभचिंतक ने उन्हें यह ऐतिहासिक फोटो भेजी है.
तस्वीर में मौजूद मध्य प्रदेश के चार पूर्व सीएम
यह तस्वीर उस समय की है, जब दिग्विजय सिंह राज्य के मुख्यमंत्री थे. तस्वीर में उनके अलावा तब के प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राधा किशन मालवीय भी मौजूद हैं. दिग्विजय के अलावा फोटो में मध्य प्रदेश के जो तीन पूर्व सीएम नजर आ रहे हैं. उनमें श्यामाचरण शुक्ल, अर्जुन सिंह और मोतीलाल वोरा शामिल हैं. तीनों ही खड़े नजर आ रहे हैं. इसके अलावा इंदिरा गांधी सरकार में केंद्रीय मंत्री रहे नरसिंहगढ़ के महाराजा भानु प्रकाश सिंह भी इस फ्रेम का हिस्सा हैं.
जिस व्यक्ति के ऊपर लाल गोला है वह दिग्विजय सिंह हैं.
कांग्रेस से बीजेपी में चले गए सिंधिया
माधवराव सिंधिया की मौत के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस पार्टी ज्वाइन की थी. तब कांग्रेस ने उन्हें गुना से चुनाव लड़वाया था और जीतकर संसद पहुंचे थे. वह साल 2002 का समय था. इसके बाद साल 2020 में जब उनकी कमलनाथ से पटरी नहीं खाई, तो वह कांग्रेस का साथ छोड़कर बीजेपी में चले गए. उनके साथ कई विधायक भी बीजेपी पार्टी में पहुंच गए थे, जिससे मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सत्ता चली गई थी.
बदलते राजनीतिक समीकरणों की गवाह
यह तस्वीर आज के राजनीतिक दौर में इसलिए भी बेहद खास हो जाती है, क्योंकि समय के साथ सियासी समीकरण पूरी तरह बदल चुके हैं. जिस कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इन दिग्गज नेताओं के आशीर्वाद और मौजूदगी में ली थी, आज वे उस दल का हिस्सा नहीं हैं. दिग्विजय ने फोटो के अंत में लिखा है कि वो भी क्या दिन थे. बम बम भोले, जय सिया राम.