Taliban Ban Male Doctors For Treating: तालिबान का एक फरमान और अफगान महिलाओं की आ गई शामत, इलाज के लिए नहीं मिल रहे डॉक्टर, दर्द में कट रही जिंदगी

Taliban Ban Male Doctors For Treating: तालिबान का एक फरमान और अफगान महिलाओं की आ गई शामत, इलाज के लिए नहीं मिल रहे डॉक्टर, दर्द में कट रही जिंदगी


Last Updated:

अफगानिस्तान में तालिबान की पाबंदियों के कारण महिलाओं के लिए इलाज कराना मुश्किल होता जा रहा है. कई इलाकों में पुरुष डॉक्टरों को महिला मरीजों की जांच और इलाज से रोका जा रहा है. कुछ डॉक्टरों को जेल भेजने की चेतावनी भी दी गई है. महिला मेडिकल शिक्षा पर रोक और महिला डॉक्टरों की कमी ने मरीजों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं.

अफगानिस्तान में बीमार पड़ना महिलाओं के लिए अब सिर्फ बीमारी से लड़ने की चुनौती नहीं रह गया है. इलाज कराने के लिए उन्हें ऐसे फरमान से गुजरना पड़ रहा है, जहां डॉक्टर तक उनकी जांच करने से डर रहे हैं. दांत में तेज दर्द हो या कोई गंभीर बीमारी, कई महिलाओं को अस्पताल और क्लिनिक पहुंचने के बाद भी इलाज नहीं मिल पा रहा. द गार्जियन और जैन टाइम्स (Zan Times) की रिपोर्ट के मुताबिक, तालिबान के आदेशों के चलते कई इलाकों में पुरुष डॉक्टरों को महिला मरीजों का इलाज करने से रोका जा रहा है. डॉक्टरों को चेतावनी दी गई है कि अगर उनके क्लिनिक में महिला मरीज मिलीं तो उन्हें जेल भेजा जा सकता है.

इसका असर अफगानिस्तान के अलग-अलग राज्यों में दिखाई दे रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, पुरुष डॉक्टरों को महिला मरीजों की जांच करने और यहां तक कि इमरजेंसी स्थिति में इलाज देने से भी रोका जा रहा है. कुछ जगहों पर उन्हें केवल खास शर्तों के साथ इलाज की इजाजत है. जैसे, महिला मरीज के साथ उसका कोई पुरुष रिश्तेदार मौजूद हो या कुछ प्रक्रियाएं महिला नर्स की मदद से कराई जाएं.

हेरात शहर की 37 साल की फरीदा का मामला इस परेशानी को समझने के लिए काफी है. वह इस साल की शुरुआत में अपने परिवार के साथ ईरान से लौटकर अफगानिस्तान आई थीं. परिवार की आर्थिक हालत ठीक नहीं थी. ऐसे में डॉक्टर के पास जाना भी उनके लिए आसान नहीं था. लेकिन जुलाई की शुरुआत में दांतों का दर्द इतना बढ़ गया कि उन्हें क्लिनिक जाना पड़ा.

Add News18 as
Preferred Source on Google

फरीदा के दांत कई साल से खराब थे. जांच के बाद डॉक्टर ने बताया कि उनके कई दांत निकालने होंगे और उनकी जगह इम्प्लांट या नकली दांत लगाने पड़ेंगे. इलाज का पूरा प्लान बनाया गया और इसकी रकम पहले ही जमा करा ली गई. शुरुआती दो सेशन के बाद जब तीसरी बार दांतों में इम्प्लांट लगाने की बारी आई तो क्लिनिक ने उन्हें इलाज देने से मना कर दिया.

फरीदा को बताया गया कि धार्मिक मामलों से जुड़े मंत्रालय का आदेश आया है, जिसके तहत पुरुष दंत चिकित्सक अब महिला मरीजों का इलाज नहीं कर सकते. उनसे कहा गया कि हालात बदले तो क्लिनिक खुद संपर्क करेगा. तीन महीने बीतने के बाद भी उनका इलाज अधूरा है. दर्द के कारण वह ठीक से खा-पी भी नहीं पा रही हैं.

पाबंदियों के कुछ ऐसे उदाहरण भी सामने आए हैं, जो अस्पतालों के कामकाज को प्रभावित कर रहे हैं. उत्तरी अफगानिस्तान के बल्ख प्रांत में अधिकारियों को कथित तौर पर महिला मरीजों को उनके असली नाम से बुलाने से रोक दिया गया. मई में अस्पतालों, निजी क्लिनिक और स्वास्थ्य केंद्रों को निर्देश दिए गए कि महिलाओं के नाम की जगह उन्हें ‘बीबी’ कहकर बुलाया जाए. यह नियम मेडिकल पर्ची पर भी लागू करने को कहा गया.

कुनार प्रांत की रहीमा ने बताया कि उनकी एक बुजुर्ग रिश्तेदार को दांतों का इलाज कराने के लिए सैकड़ों किलोमीटर दूर कंधार जाना पड़ा. इसकी वजह यह थी कि महिला के बेटे का वहां डेंटल क्लिनिक था. उनके पति को डर था कि कुनार के डॉक्टर उन्हें पहचानते हैं और किसी पुरुष डॉक्टर से इलाज कराने पर परिवार की बदनामी हो सकती है.

महिलाओं के इलाज में आ रही मुश्किलों के बीच उनके डॉक्टर बनने के रास्ते भी सीमित किए जा रहे हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, दिसंबर 2024 से महिलाओं का मेडिकल संस्थानों में पढ़ाई करने का अधिकार छिन गया. अस्पतालों के डॉक्टरों ने यह भी बताया कि तालिबान ने उन्हें महिला कर्मचारियों को नौकरी पर रखने से रोक दिया है. जो महिला डॉक्टर अभी काम कर रही हैं, उनके लिए भी महरम की शर्त रखी गई है. एक महिला मरीज ने बताया कि वह अपने पिता के साथ क्लिनिक पहुंची थी, लेकिन फिर भी उसे पुरुष डॉक्टर से मिलने के लिए इंतजार करना पड़ा. वहां महिला कर्मचारी नहीं थी. मरीज को बताया गया कि डॉक्टर किसी महिला मरीज को छू नहीं सकते. इसलिए एक दूसरी महिला मरीज और उसके महरम के आने का इंतजार करना होगा, ताकि जरूरत पड़ने पर वह महिला की मदद कर सके.

उत्तरी अफगानिस्तान के एक सरकारी अस्पताल में 15 साल से काम कर रहे सर्जन समीम ने बताया कि पुरुष डॉक्टरों को महिला मरीजों की सीधे जांच करने की इजाजत नहीं है. उनके मुताबिक, मरीज की हालत कितनी भी गंभीर क्यों न हो या इलाज कितना भी सामान्य क्यों न हो, नियमों के कारण डॉक्टर हाथ लगाने से बचते हैं. हालांकि, तालिबान के संचार मंत्री हमदुल्लाह नोमानी ने फरवरी में कहा था कि महिला मरीजों का इलाज करने वाले पुरुष डॉक्टरों को महरम माना जाएगा. लेकिन द गार्जियन और जैन टाइम्स से बात करने वाली महिलाओं और डॉक्टरों के अनुभव इस दावे से अलग तस्वीर दिखाते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, कई जगहों पर पाबंदियां लागू की जा रही हैं और डॉक्टरों को छापों और जेल की चेतावनी का सामना करना पड़ रहा है.

न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंड‍िया देखें.



Source link