Last Updated:
इसमें कोई दोराय नहीं कि फ्रिज में खाने का सामान बहुत धीरे खराब होता है. इसमें महीनों तक खाने को स्टोर करके यूज किया जा सकता है. हालांकि ये नियम सभी सब्जियों और खाद्य पदार्थों पर लागू नहीं होता है. कुछ चीजें फ्रिज से बाहर ज्याद फ्रेश और खाने के लिए सेफ होती है. यहां जाने ऐसे ही 5 चीजों के बारे में.
अक्सर लोग बाजार से सब्जियां और खाने-पीने का सामान लाने के बाद उन्हें सीधे फ्रिज में रख देते हैं. क्योंकि फ्रिज का ठंडा तापमान चीजों के खराब होने के प्रोसेस को स्लो करता है. हालांकि ये नियम हर चीज पर लागू हो जरूरी नहीं. कुछ खाद्य पदार्थ ऐसे होते हैं, जिन्हें फ्रिज में रखने से उनका स्वाद, बनावट और गुणवत्ता खराब हो सकती है. ऐसे में अगर आप भी हर सामान को फ्रिज में रखने की आदत रखते हैं, तो इसे बदलने का समय आ गया है. आइए जानते हैं ऐसी 5 चीजों के बारे में, जिन्हें फ्रिज की बजाय सामान्य तापमान पर रखना ज्यादा बेहतर होता है.
टमाटर
ज्यादातर लोग टमाटर खरीदने के बाद उन्हें फ्रिज में रख देते हैं, लेकिन ऐसा करने से उनका स्वाद और बनावट प्रभावित हो सकती है. ठंडे तापमान में टमाटर के पकने की प्रक्रिया धीमी हो जाती है. साथ ही, इसमें मौजूद खुशबू और स्वाद से जुड़े तत्व भी प्रभावित होते हैं. इससे टमाटर का स्वाद फीका और बनावट गूदेदार हो सकती है. इसलिए टमाटर को फ्रिज की बजाय किसी ठंडी और सूखी जगह पर रखें. ध्यान रहे कि उन पर सीधी धूप न पड़े.
आलू
आलू को फ्रिज में रखने से उनमें मौजूद स्टार्च तेजी से शुगर में बदल सकता है. इससे आलू का स्वाद मीठा और बनावट दानेदार हो सकती है. इसके अलावा, तलने या भूनने पर उनका रंग भी असमान हो सकता है. आलू को हमेशा ठंडी, अंधेरी और हवादार जगह पर रखें. इन्हें पेपर बैग या खुली टोकरी में स्टोर कर सकते हैं. धूप से दूर रखें और इस्तेमाल करने से पहले ही धोएं.
प्याज
साबुत प्याज को फ्रिज में रखने से बचना चाहिए. फ्रिज में मौजूद नमी के कारण प्याज जल्दी नरम हो सकते हैं. इनमें अंकुर निकलने और फफूंदी लगने का खतरा भी बढ़ जाता है. ऐसे में प्याज को सूखी और हवादार जगह पर रखें. इन्हें आलू के साथ न रखें, क्योंकि दोनों से निकलने वाली नमी और गैसें एक-दूसरे को जल्दी खराब कर सकती हैं. हालांकि, कटे हुए प्याज को एयरटाइट डिब्बे में रखकर फ्रिज में जरूर रखें.
लहसुन
साबुत लहसुन को फ्रिज में रखने से उसकी कलियां नरम और रबड़ जैसी हो सकती हैं. नमी के कारण उनमें समय से पहले अंकुर भी निकल सकते हैं. इसलिए लहसुन को सूखी, ठंडी और हवादार जगह पर रखें. इसे गैस चूल्हे और सीधी धूप से दूर रखना बेहतर है.
शहद
शहद को फ्रिज में रखने की जरूरत नहीं होती. ठंडे तापमान में ये जमकर गाढ़ा और दानेदार हो सकता है. इससे इसे निकालना और इस्तेमाल करना मुश्किल हो जाता है. शहद में प्राकृतिक रूप से नमी कम होती है और इसमें ऐसे गुण होते हैं, जो इसे लंबे समय तक सुरक्षित रखने में मदद करते हैं. इसलिए इसे अच्छी तरह बंद कांच के जार में सामान्य तापमान पर रखें.