Last Updated:
Pakistan-India Relations: पाकिस्तान के एक मंत्री जल्द ही भारत आने वाले हैं. 20 से 22 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली में होने वाली SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग बैठक में शामिल होंगे. तीन साल से ज्यादा समय बाद किसी पाकिस्तानी मंत्री का भारत दौरा होगा. इससे पहले मई 2023 में तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी गोवा आए थे.
मुसादिक मसूद मलिक. (रॉयटर्स)
Pakistan Minister India Visit: भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से तनावपूर्ण रिश्ते रहे हैं. लेकिन इसी बीच एक अच्छी खबर है. पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मसूद मलिक 20 से 22 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली में होने वाली शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की सिविलाइजेशनल डायलॉग बैठक में शामिल होंगे. पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है. इस दौरे के साथ तीन साल से ज्यादा समय बाद किसी पाकिस्तानी मंत्री की भारत यात्रा होगी. पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के बयान के मुताबिक, सरकार SCO के तहत अलग-अलग सभ्यताओं के बीच बातचीत और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है. मंत्रालय ने कहा कि यह पहल आपसी सहयोग की भावना के साथ आगे बढ़ाई जाएगी.
तीन साल पहले कौन आया था?
इससे पहले मई 2023 में पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी भारत आए थे. वह गोवा में SCO के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल हुए थे. अब मुसादिक मसूद मलिक की दिल्ली यात्रा तीन साल से ज्यादा समय बाद किसी पाकिस्तानी मंत्री का भारत दौरा होगा. इस लिहाज से यह यात्रा दोनों देशों के रिश्तों के बीच अहम मानी जा रही है. बिलावल भुट्टो की भी भारत यात्रा एक ऐतिहासिक मौका था. वह लगभग 12 साल बाद भारत आने वाले पाकिस्तान के पहले विदेश मंत्री थे. उनसे पहले पाकिस्तान की विदेश मंत्री हिना रब्बानी खार 2011 में भारत आई थीं. हालांकि, पाकिस्तानी मंत्री का दौरा एक अंतरराष्ट्रीय संगठन की बैठक के लिए है. यह कोई दोनों देशों के बीच होने वाली आपसी मीटिंग नहीं है.
क्या है शंघाई सहयोग संगठन?
शंघाई सहयोग संगठन यानी SCO यूरेशिया क्षेत्र के कई देशों का राजनीतिक और सुरक्षा से जुड़ा संगठन है. इसमें चीन और रूस जैसे बड़े देश भी शामिल हैं. संगठन का मकसद सदस्य देशों के बीच सुरक्षा, सहयोग और आपसी बातचीत को बढ़ावा देना है. इस संगठन में फिलहाल 10 सदस्य देश हैं. SCO के मंच पर सदस्य देशों को क्षेत्रीय मुद्दों पर बातचीत करने और एक-दूसरे के साथ सहयोग बढ़ाने का मौका मिलता है. दिल्ली में होने वाला सिविलाइजेशनल डायलॉग भी अलग-अलग सभ्यताओं के बीच बातचीत और लोगों के आपसी संपर्क को बढ़ावा देने से जुड़ा है.
भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में मई 2025 में पहलगाम हमले के बाद तनाव और बढ़ गया था. हमले के बाद दोनों देशों के बीच तीन दिन तक सैन्य कार्रवाई हुई थी. इसके बाद से दोनों देशों के बीच संबंधों में खिंचाव बना हुआ है.