Who is Mohit Ulva: कौन हैं सैनिक का बेटा मोहित उल्वा? जिसने पाकिस्तान से लड़कर जीत छीन ली, 26 गेंद में बनाए ऐतिहासिक 49 रन

Who is Mohit Ulva: कौन हैं सैनिक का बेटा मोहित उल्वा? जिसने पाकिस्तान से लड़कर जीत छीन ली, 26 गेंद में बनाए ऐतिहासिक 49 रन


नई दिल्ली: पाकिस्तान के खिलाफ मेंस अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारत ने अंतिम गेंद पर 1 विकेट से ऐतिहासिक जीत हासिल की. मुकाबले में टीम इंडिया को जीत के लिए 338 रनों का लक्ष्य मिला था. मैच में टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी हुई, लेकिन लगातार अंतराल पर विकेट गिरने के कारण वह मुश्किल में फंस गई थी. हालांकि, 10वें नंबर के बल्लेबाज मोहित उल्वा ने हार नहीं मानी. मोहित टीम इंडिया के लिए तब बल्लेबाजी के लिए आए जब जीत के लिए 8.3 ओवर में 86 रन की दरकार थी. यहां से जीत बेहद मुश्किल लग रहा था, कुछ फैंस भारत की हार को स्वीकार कर चुके थे, लेकिन मोहित उल्वा ने अंतिम गेंद पर बाजी पलट दी. ऐसे में आइए जानते हैं कौन हैं मोहित उल्वा.

कौन हैं मोहित उल्वा?

18 साल के मोहित उल्वा का जन्म 30 नवंबर 2007 को गुजरात के सुरेंद्रनगर में हुआ था. दाएं हाथ से मीडियम पेस गेंदबाजी करने वाले मोहित दाएं हाथ के बेहतरीन बल्लेबाज भी हैं, जिन्होंने सौराष्ट्र के एज-ग्रुप सिस्टम से आगे बढ़कर भारत की अंडर-19 टीम में अपनी जगह बनाई. मोहित के पिता महेशभाई उल्वा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) में कार्यरत हैं.

मोहित को बचपन से क्रिकेट का शौक था. उन्होंने गांव में अपने चचेरे भाइयों के साथ टेनिस-बॉल क्रिकेट खेलना शुरू किया, जिसके बाद एकेडमी से ट्रेनिंग ली. मोहित ने जामनगर के ‘क्रिकेट बंगला’ में रवींद्र जडेजा को क्रिकेट के गुर सिखाने वाले महेंद्र सिंह चौहान की देखरेख में ट्रेनिंग ली.

मोहित ने ऑफ स्पिनर के तौर शुरू किया था करियर

मोहित ने अपने करियर की शुरुआत ऑफ-स्पिनर के रूप में की थी, लेकिन कोच चौहान ने उन्हें तेज गेंदबाजी शुरू करने की सलाह दी. इसकी वजह यह थी कि दुबले-पतले मोहित तेज दौड़ भी लगाते थे. कोच की इसी नसीहत ने उन्हें धीरे-धीरे एक तेज गेंदबाज बना दिया. पिता के राजकोट में ट्रांसफर होने के बाद, मोहित ने सौराष्ट्र के लिए एज-ग्रुप क्रिकेट खेलना शुरू किया.

इससे पहले, वह सौराष्ट्र प्रीमियर लीग में जयदेव उनादकट के साथ एक सीजन खेल चुके थे. नेट्स में उनादकट को एक ‘स्लोअर बाउंसर’ फेंकते देखकर, मोहित ने भी इसे आजमाया. उन्होंने बताया कि उनादकट ने ही उन्हें लगातार आजमाने के लिए प्रेरित किया. पिता ने मोहित को गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी पर भी ध्यान देने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने बेटे को एक बॉलिंग मशीन के सामने खड़ा किया और थ्रोडाउन के जरिए अभ्यास कराया. इसी अभ्यास ने मोहित को विस्फोटक बल्लेबाज भी बना दिया.

मोहित ने 26 गेंद में खेली 49 रनों की पारी

अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में मोहित ने टीम इंडिया के लिए 10वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंद में 49 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने 5 चौके और 3 छक्के भी लगाए. खास तौर पर मोहित ने अंतिम गेंद पर मोहित जिस अंदाज में आगे निकलकर चौका लगाया वह भारत के हर क्रिकेट फैंस को लंबे समय तक याद रहेगा.

(इनपुट- आईएएनएस)



Source link