Snowfall Latest News | Manali Snowfall

Snowfall Latest News | Manali Snowfall


Last Updated:

Manali-Rohtan Pass Snowfall: जहां दिल्ली-एनसीआर और मैदानी भाग वायु प्रदूषण से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पहाड़ों पर भारी बर्फबारी शुरू हो गई है. इस बार नवंबर महीने में शुरु हुई बर्फबारी से न केवल सैलानी बल्कि स्थानीय कारोबारी भी झूम उठे हैं. दिल्ली, गुरुग्राम, बिहार से लेकर महाराष्ट्र तक के लोग हिमाचल प्रदेश के साफ मौसम का आनंद लेने पहुंचे रहे हैं. चलिए उनके ही जुबानी सुनते पहाड़ों पर बर्फबारी का हाल

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी के बाद मनाली में टूरिस्टों की भीड़ उमड़ने लगी है. नवंबर के मध्य में हुई बर्फबारी ने पहाड़ों पर सर्दियों का खूबसूरत नजारा पेश किया है. बर्फ से ढकी चोटियां, ठंडी हवाएं और प्राकृतिक सुंदरता टूरिस्टों को अपनी ओर खींच रही हैं. वीकेंड पर बड़ी संख्या में सैलानी मनाली पहुंच रहे हैं. कई टूरिस्ट बर्फबारी देखने के लिए रोहतांग दर्रा और अटल टनल के आसपास के इलाकों का रुख कर रहे हैं. इस बीच, पहाड़ों की स्वच्छ हवा शहरी प्रदूषण से परेशान लोगों को राहत का एहसास करा रही है.

हरियाणा से आईं मेघा ने बताया कि वह मनाली और बर्फ देखने के लिए यहां पहुंची हैं. उन्होंने सोलांग में ठहरने के बाद आगे बर्फबारी वाले इलाकों में जाने की योजना बनाई है. मेघा के मुताबिक, यहां का मौसम काफी ठंडा है, लेकिन प्राकृतिक नजारे बेहद खूबसूरत हैं. पतझड़ के पेड़, हरियाली और बर्फ का एक साथ दिखाई देना उन्हें हैरान करने वाला अनुभव लगा. हालांकि, उन्होंने मनाली में बढ़ते ट्रैफिक को परेशानी बताया. उनके अनुसार, यातायात की समस्या को छोड़ दिया जाए तो यह इलाका बेहद शानदार है और यहां का दृश्य टूरिस्टों को आकर्षित करता है.

बिहार से आए शैलेश पिछले चार दिनों से मनाली में ठहरे हुए हैं. उन्होंने अपनी यात्रा को बेहद शानदार बताया और कहा कि खूबसूरत वादियों तथा बर्फ का आनंद लेने के लिए सभी लोगों को यहां आना चाहिए. शैलेश के मुताबिक, यहां ठंड काफी है, लेकिन सर्द मौसम में ही पहाड़ों की यात्रा का असली मजा आता है. उन्होंने बताया कि पिछले दिन रोहतांग दर्रे पर बर्फबारी के बीच घूमने का अवसर मिला, जहां का नजारा बेहद खूबसूरत था. इसके बाद वह अटल टनल पहुंचे. शैलेश के लिए मनाली की यात्रा सिर्फ घूमने-फिरने का अनुभव नहीं, बल्कि बर्फ और पहाड़ों की प्राकृतिक सुंदरता को करीब से देखने का मौका भी है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

मनाली में पहुंच रहे कुछ टूरिस्टों के लिए बर्फबारी के साथ-साथ स्वच्छ हवा भी यात्रा की बड़ी वजह बन रही है. गुरुग्राम से आईं सोनाली ने बताया कि उनके शहर में प्रदूषण काफी बढ़ गया था. उनका दो साल का बच्चा भी दिवाली के आसपास प्रदूषण के कारण सीने में जकड़न जैसी परेशानी से जूझ रहा था. सोनाली के मुताबिक, डॉक्टरों ने उन्हें पहाड़ों पर जाने की सलाह दी थी. इसके बाद उन्होंने वीकेंड में बच्चे को मनाली लाने का फैसला किया. उनका कहना है कि गुरुग्राम में एक्यूआई 300 से 400 के आसपास सामान्य रूप से बना रहता है. ऐसे माहौल से दूर बच्चे को कुछ समय के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से परिवार मनाली पहुंचा है.

महाराष्ट्र से आए विनय ने मनाली और आसपास के इलाकों में अपने अनुभव को बेहद अच्छा बताया. उन्होंने कहा कि सुबह अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल पर पहुंचे तो काफी ठंड थी, हालांकि वहां बर्फ नहीं थी. इसके बाद रोहतांग की तरफ जाने पर उन्हें लाइव स्नोफॉल देखने का मौका मिला. विनय के मुताबिक, वहां काफी अच्छी बर्फबारी हो रही थी और वातावरण प्रदूषण से मुक्त महसूस हुआ. उन्होंने पहाड़ों की ताजी हवा को बेहद खास अनुभव बताया. उनके अनुसार, ऐसा लग रहा था कि इस स्वच्छ हवा को मन में भरकर अपने साथ ले जाएं. पहाड़ों की प्राकृतिक सुंदरता और साफ वातावरण ने उनकी यात्रा को यादगार बना दिया.

नवंबर में आमतौर पर बर्फबारी का इंतजार करने वाले टूरिस्ट अब पहाड़ों पर पहुंचकर मौसम का आनंद ले रहे हैं. बर्फ से ढके ऊंचाई वाले इलाके, ठंडा मौसम और प्राकृतिक दृश्य वीकेंड की छुट्टियों को बिताने के लिए आकर्षक विकल्प बन रहे हैं. कई टूरिस्टों बर्फबारी के अनुभव को अपनी यात्रा का मुख्य उद्देश्य मानकर यहां पहुंच रहे हैं. इस वजह से मनाली और आसपास के टूरिस्ट प्लेस पर गतिविधियां बढ़ने लगी हैं. बर्फबारी ने इस क्षेत्र की प्राकृतिक खूबसूरती को और निखार दिया है, जिससे टूरिस्टों का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है.

नवंबर में हुई बर्फबारी ने सर्दियों के मुख्य टूरिस्ट सीजन से पहले ही यहां रौनक बढ़ा दी है. टूरिस्टों की आवाजाही से होटल, रेस्टोरेंट, टैक्सी और पर्यटन से जुड़े दूसरे व्यवसायों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. स्थानीय कारोबारियों के लिए यह समय खास महत्व रखता है, क्योंकि सर्दियों में बर्फबारी देखने आने वाले टूरिस्ट पर्यटन गतिविधियों को गति देते हैं. हालांकि, टूरिस्टों की बढ़ती संख्या के साथ मनाली में ट्रैफिक की समस्या भी सामने आ रही है. कुछ सैलानियों ने भी इस परेशानी का जिक्र किया है. ऐसे में पर्यटन के बढ़ते दबाव के बीच यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना भी जरूरी हो गया है.

मनाली पहुंच रहे टूरिस्टों के अनुभव बताते हैं कि पहाड़ों की यात्रा अब सिर्फ बर्फ देखने तक सीमित नहीं रह गई है. शहरों में बढ़ते प्रदूषण और खराब हवा से परेशान लोग प्राकृतिक वातावरण में समय बिताने के लिए पहाड़ों का रुख कर रहे हैं. खासकर परिवारों के लिए स्वच्छ हवा और शांत वातावरण आकर्षण का कारण बन रहा है. वहीं, बर्फबारी के साथ हरियाली और पतझड़ के पेड़ों का दृश्य टूरिस्टों को अलग तरह का अनुभव दे रहा है. मनाली और आसपास के इलाकों में ताजा बर्फबारी ने पर्यटन की संभावनाओं को फिर से मजबूत किया है. वीकेंड पर उमड़ी भीड़ और टूरिस्टों के उत्साह से स्थानीय कारोबारियों को आने वाले सर्दियों के सीजन में अच्छे व्यापार की उम्मीद है.



Source link