मारवाड़ में शादी से पहले गणेशजी को क्यों दिया जाता है पहला निमंत्रण?
Last Updated:
Jodhpur Wedding Invitation To Ganpati Temple: जोधपुर के रातानाडा स्थित 450 साल पुराने प्राचीन गणेश मंदिर में शादी के पहले निमंत्रण कार्ड अर्पित करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. महज 12 दिनों में 500 से अधिक विवाह निमंत्रण कार्ड गणेशजी के चरणों में अर्पित किए जा चुके हैं. आगामी देवउठनी एकादशी तक यह संख्या करीब 2500 तक पहुंचने की उम्मीद है. मंदिर में श्रद्धालु अपने परिवार की खुशहाली और विवाह निर्विघ्न संपन्न होने की कामना के साथ गणपति बप्पा का आशीर्वाद ले रहे हैं.
जोधपुर. मारवाड़ में शादी-ब्याह हो या कोई मांगलिक कार्य, शुरुआत विघ्नहर्ता भगवान गणेश को पहला निमंत्रण देकर करने की परंपरा सदियों से चली आ रही है. यही वजह है कि विवाह सीजन शुरू होने से पहले जोधपुर के रातानाडा स्थित प्राचीन गणेश मंदिर में इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. करीब 450 से 500 साल पुराने इस मंदिर में शादी के निमंत्रण कार्ड अर्पित करने के लिए शहर ही नहीं, बल्कि आसपास के गांवों और दूर-दराज के क्षेत्रों से भी लोग पहुंच रहे हैं. महज 12 दिनों में 500 से अधिक विवाह निमंत्रण कार्ड गणेशजी के चरणों में अर्पित किए जा चुके हैं. आगामी देवउठनी एकादशी तक यह संख्या करीब 2500 तक पहुंचने की उम्मीद है. मंदिर में श्रद्धालु अपने परिवार की खुशहाली और विवाह निर्विघ्न संपन्न होने की कामना के साथ गणपति बप्पा का आशीर्वाद ले रहे हैं.
रातानाडा गणेश मंदिर में इन दिनों शादी के कार्डों का अंबार लगा हुआ है. पिछले दो दिनों में ही 100 से अधिक विवाह निमंत्रण कार्ड अर्पित किए गए हैं. श्रद्धालुओं की कतारें मंदिर के मुख्य द्वार से लेकर निज मंदिर तक नजर आ रही हैं. मंदिर के पंडित महेश के अनुसार, मारवाड़ में किसी भी शुभ कार्य और शादी-विवाह का पहला निमंत्रण गजाननजी को देने की मान्यता है. स्थानीय परिवारों के साथ दूसरे क्षेत्रों से भी लोग यहां कार्ड लेकर पहुंचते हैं. परंपरा के अनुसार, निमंत्रण देने वाले परिवारों को आशीर्वाद स्वरूप गणेशजी का प्रसाद और मंगली गुड़ दिया जाता है. मान्यता है कि इससे विवाह समारोह निर्विघ्न संपन्न होता है.
करीब 120 दिनों के अंतराल के बाद 20 नवंबर से एक बार फिर विवाह और मांगलिक आयोजनों की शुरुआत होने जा रही है. देवउठनी एकादशी के अवसर पर 20 और 21 नवंबर को जोधपुर शहर और आसपास के गांवों में 500 से अधिक शादियां होने का अनुमान है. इसके बाद 22, 24 और 26 नवंबर को भी विवाह आयोजन होंगे. नवंबर और दिसंबर में कुल 13 दिन ही विवाह के शुभ मुहूर्त हैं. दिसंबर में 2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 तारीख अंतिम विवाह मुहूर्त रहेंगे. इसके बाद मळमास शुरू होने से 15 जनवरी 2027 के बाद ही फिर शादियों का सिलसिला शुरू होगा. विवाह सीजन को लेकर मैरिज गार्डन, बैंड-बाजों और पंडितों की बुकिंग के साथ बाजारों में खरीदारी भी तेज हो गई है.
सिर्फ शादी का निमंत्रण ही नहीं, हर मन्नत लेकर पहुंचते हैं श्रद्धालु
इस प्राचीन गणेश मंदिर की मान्यता केवल शादी का पहला निमंत्रण देने तक सीमित नहीं है. यहां श्रद्धालु नई गाड़ियों की पूजा कराने, संतान प्राप्ति की कामना करने और विवाह में आ रही बाधाएं दूर करने की मन्नत लेकर भी पहुंचते हैं. कई परिवार संतान प्राप्ति की कामना पूरी होने पर गोद भराई की रस्म भी मंदिर में करवाते हैं. पंडित महेश के अनुसार, श्रद्धालुओं की आस्था है कि गजाननजी के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई मुराद पूरी होती है. यही कारण है कि विवाह का पहला कार्ड अर्पित करने से लेकर नई शुरुआत और पारिवारिक मंगलकामनाओं तक, हर अवसर पर भक्त सबसे पहले गणपति बप्पा का आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं.