धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का एक बयान और बागेश्वर धाम पर तैनात हुई पुलिस, कौन कर रहा विरोध?

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का एक बयान और बागेश्वर धाम पर तैनात हुई पुलिस, कौन कर रहा विरोध?


Last Updated:

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान कृष्ण और भगवान राम की तुलना करते हुए एक विवादित बयान दिया था, जिसके बाद यादव महासभा उनका विरोध कर रही है और उसे लोगों ने छतरपुर आने का ऐलान भी किया. इसी दौरान बाबा के समर्थकों ने भी उन्हें रोकने के लिए हाईवे जाम कर दिया. अब इसी को देखते हुए बागेश्वर धाम पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है.

Zoom

बागेश्वर धाम के बयान पर हुआ बवाल

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान कृष्ण को लेकर एक विवादित टिप्पणी की थी. धीरेंद्र शास्त्री के समर्थकों का शुक्रवार को अखिल भारतीय यादव महासभा के सदस्यों के साथ आमना-सामना हो गया था. यादव महासभा के सदस्य शास्त्री की टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन करने पहुंचे थे. इस दौरान शास्त्री के समर्थकों ने एक राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया था. बागेश्वर धाम छतरपुर जिला मुख्यालय से लगभग 24 किलोमीटर दूर स्थित है. अब विवाद की स्थिति को देखते हुए शनिवार को बागेश्वर धाम के आस पास भारी पुलिस बल को तैनात किया गया.

बागेश्वर धाम में तैनात हुए पुलिसकर्मी
एसपी रजत सकलेचा ने फोन पर कहा कि बागेश्वर धाम के आसपास पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. इसे लेकर कोई दूसरा अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिए. शनिवार और मंगलवार को बड़ी संख्या में हनुमान भक्त धाम पहुंचते हैं, इसलिए इन दिनों सामान्य तौर पर पुलिस बल की तैनाती की जाती है. उनकी तरफ से बताया गया है कि शुक्रवार को ही तनाव कम हो गया था.

क्या बोले थे धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने 29 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करेरा में रामकथा के दौरान भगवान राम और भगवान कृष्ण के स्वरूपों की तुलना करते हुए कथित तौर पर कहा था कि राम सीधे खड़े होते हैं, जबकि कृष्ण टेढ़े होकर खड़े होते हैं. भगवान कृष्ण की त्रिभंगी मुद्रा, उनकी बांसुरी और वृंदावन का उल्लेख करते हुए उन्होंने अयोध्या और वृंदावन की भी तुलना की थी.

जब उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, तो मथुरा, वृंदावन के संतों तथा भगवान कृष्ण के भक्तों ने आपत्ति जताई थी. संतों ने कहा कि भगवान राम और भगवान कृष्ण समान रूप से पूजनीय हैं और उनकी तुलना करना उचित नहीं है.

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने जताया था खेद
इसके बाद शास्त्री ने वीडियो संदेश जारी कर स्पष्ट किया था कि भगवान राम और भगवान कृष्ण में कोई अंतर नहीं है. उन्होंने कहा था कि अगर उनकी टिप्पणी से किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तो उन्हें इसका खेद है.

यादव महासभा ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया था. संगठन का आरोप था कि शास्त्री की टिप्पणी से भगवान कृष्ण और यादव समुदाय का अपमान हुआ है और उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं.

हाईवे पर लगा था जाम
प्रदर्शन के ऐलान के बाद संगठन के 300 से 400 सदस्य इलाके में पहुंचे. पुलिस ने उन्हें छतरपुर रेलवे स्टेशन के पास रोक दिया और कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया. इसी बीच बागेश्वर धाम के समर्थकों ने छतरपुर से करीब आठ किलोमीटर दूर बृजपुरा के पास चार लेन वाले नेशनल हाईवे-39 पर जाम लगा दिया. इससे राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.

(इनपुट: भाषा के साथ)



Source link