Last Updated:
मध्य प्रदेश में पाकिस्तानी गोरी ब्यूटी और चांदनी वाइटनिंग क्रीम की खरीद-बिक्री और इस्तेमाल पर बैन लगा दिया है. खाद्य एवं औषधि प्रशासन FDA ने स्वास्थ्य जोखिम को देखते हुए सार्वजनिक चेतावनी जारी की है. इस क्रीम में मर्करी और लेड जैसे एलिमेंट्स की बहुत ज्यादा मात्रा पाई गई है.
गोरी और चांदनी क्रीम मध्य प्रदेश में बैन हो गई.
रिपोर्ट- रमाकांत दुबे, भोपाल. मध्य प्रदेश में पाकिस्तान में बनी दो ब्यूटी क्रीम की खरीद-बिक्री और इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई है. खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने गोरी ब्यूटी क्रीम और चांदनी वाइटनिंग क्रीम को लेकर सार्वजनिक स्वास्थ्य चेतावनी जारी की है. विभाग ने लोगों को इन क्रीमों का इस्तेमाल नहीं करने और बाजार में इनकी बिक्री दिखाई देने पर प्रशासन को सूचना देने की सलाह दी है. खाद्य एवं औषधि प्रशासन की ओर से 14 नवंबर 2026 को जारी सार्वजनिक नोटिस में दोनों क्रीमों को अनधिकृत कॉस्मेटिक प्रोडक्ट बताया गया है.
नोटिस के मुताबिक, इन उत्पादों के भारत में आयात के लिए संबंधित प्राधिकरण से जरूरी अनुमति नहीं ली गई है. ऐसे में इनकी बिक्री भारतीय बाजार में नहीं की जा सकती. भारत सरकार की ओर से पाकिस्तानी उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद भोपाल के बाजार में पाकिस्तानी क्रीम की बिक्री का मामला सामने आया है. इब्राहिमपुरा के मारवाड़ी रोड स्थित एक यूनानी दवाओं की दुकान पर FDA की टीम ने छापा मारकर गोरी ब्यूटी क्रीम जब्त की है.
गुप्त शिकायत के आधार पर पहुंची टीम ने दुकान से 360 रुपये में क्रीम खरीदी. इसकी अधिकतम खुदरा कीमत (MRP) 550 रुपये बताई गई है. जांच में सामने आया कि दुकानदार के पास विदेशी कॉस्मेटिक उत्पादों की बिक्री के लिए परमिशन भी नहीं थी. इसके बाद अधिकारियों ने पंचनामा तैयार कर क्रीम जब्त कर ली.
FDA ने बैन होने का नोटिफिकेशन जारी किया.
क्रीम में मिले जहरीले भारी तत्व, सेहत को खतरा
विभाग की सार्वजनिक चेतावनी के मुताबिक, इन क्रीमों में निर्धारित सीमा से अधिक भारी धातुएं मौजूद हो सकती हैं. इनमें पारा (मर्करी) और सीसा (लेड) जैसे जहरीले तत्वों का खतरा बताया गया है. ऐसी धातुओं के संपर्क में आने से शरीर पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ सकते हैं. लंबे समय तक इनका इस्तेमाल किडनी सहित शरीर के दूसरे अंगों को भी नुकसान पहुंचा सकता है. नोटिफिकेशन के मुताबिक, क्रीम में पारे की मात्रा 5000 पीपीएम तक होने का दावा किया गया है, जबकि सुरक्षित सीमा 1 पीपीएम बताई गई है.
प्रशासन ने लोगों से की अपील
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे गोरी ब्यूटी क्रीम और चांदनी वाइटनिंग क्रीम न खरीदें और न ही इनका इस्तेमाल करें. दुकानों पर इनकी बिक्री दिखाई देने पर संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को जानकारी दें. विभाग का कहना है कि बिना वैध लाइसेंस और जरूरी आयात अनुमति के कॉस्मेटिक उत्पादों का निर्माण और बिक्री नियमों के खिलाफ है.