घर बैठे शुरू कर सकेंगी अपना कारोबार, महिलाओं को मुफ्त में सिखाया जाएगा ब्यूटी पार्लर का काम

घर बैठे शुरू कर सकेंगी अपना कारोबार, महिलाओं को मुफ्त में सिखाया जाएगा ब्यूटी पार्लर का काम


Last Updated:

Free Beauty Parlour Training: बेरोजगार महिलाओं और युवतियों के लिए स्वरोजगार से जुड़ने का अच्छा मौका है. अब उन्हें ब्यूटी पार्लर का काम सीखने के लिए किसी निजी संस्थान में मोटी फीस खर्च करने की जरूरत नहीं होगी. एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) बागेश्वर की ओर से महिलाओं को ब्यूटी पार्लर का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है.

बागेश्वर: जिले की बेरोजगार महिलाओं और युवतियों के लिए स्वरोजगार से जुड़ने का अच्छा मौका है. अब उन्हें ब्यूटी पार्लर का काम सीखने के लिए किसी निजी संस्थान में मोटी फीस खर्च करने की जरूरत नहीं होगी. एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) बागेश्वर की ओर से महिलाओं को ब्यूटी पार्लर का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है. इस प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाएं घर बैठे रोजगार शुरू कर सकती हैं, और अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत बना सकती हैं. आरसेटी मास्टर ट्रेनर भावना रावत ने बताया कि ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण का नया बैच 19 नवंबर 2026 से शुरू होने जा रहा है. इसके लिए 18 से 50 वर्ष तक की महिलाएं और युवतियां आवेदन कर सकती हैं.

प्रशिक्षण की अवधि 35 दिन निर्धारित की गई है. एक बैच में करीब 35 महिलाओं को प्रशिक्षण देने की व्यवस्था है. इस प्रशिक्षण की खास बात यह है कि महिलाओं को केवल ब्यूटी पार्लर का काम ही नहीं सिखाया जाएगा, बल्कि प्रशिक्षण के दौरान उनकी दूसरी जरूरतों का भी ध्यान रखा जाएगा. संस्थान की ओर से प्रशिक्षणार्थियों के लिए रहने, खाने, अभ्यास सामग्री और अध्ययन सामग्री की व्यवस्था निःशुल्क की जाएगी. इससे ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं और युवतियों को भी प्रशिक्षण लेने में आसानी होगी. आर्थिक परेशानी के कारण प्रशिक्षण से वंचित रहने वाली महिलाएं भी इसका लाभ उठा सकेंगी.

ब्यूटी पार्लर खोलकर बन सकती हैं आत्मनिर्भर

आज के समय में ब्यूटी पार्लर से जुड़ी सेवाओं की मांग गांवोंइ से लेकर शहरों तक बढ़ रही है. शादी-विवाह, त्योहारों और अन्य विशेष अवसरों पर मेकअप, हेयर स्टाइल और सौंदर्य से जुड़ी सेवाओं की जरूरत रहती है. ऐसे में ब्यूटी पार्लर का काम सीखकर महिलाएं अपना छोटा व्यवसाय शुरू कर सकती हैं. वे घर के एक कमरे से भी काम की शुरुआत कर सकती हैं. इससे उन्हें अपने क्षेत्र में ही रोजगार का अवसर मिल सकता है, और परिवार की आमदनी बढ़ाने में मदद मिल सकती है.

बैंक ऋण और सरकारी योजनाओं की भी मिलेगी जानकारी

प्रशिक्षण पूरा होने के बाद महिलाओं को प्रमाण-पत्र दिया जाएगा. इसके साथ ही संस्थान की ओर से स्वरोजगार शुरू करने के लिए बैंक ऋण और सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी. इससे प्रशिक्षण लेने वाली महिलाओं को अपना काम शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी. प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को केवल हुनर सिखाना ही नहीं, बल्कि उन्हें रोजगार शुरू करने के लिए जरूरी जानकारी और मार्गदर्शन देना भी है.

इन दस्तावेजों के साथ करें संपर्क

प्रशिक्षण में शामिल होने की इच्छुक महिलाएं आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक और चार पासपोर्ट साइज फोटो लेकर एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान पहुंच सकती हैं. संस्थान बागेश्वर के कठायतबाड़ा में विकासखंड सभागार के पास स्थित है. प्रशिक्षण और आवेदन से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए महिलाएं मोबाइल नंबर 9410307070, 9411703070 और 8476023052 पर संपर्क कर सकती हैं. इस प्रशिक्षण से जिले की उन महिलाओं और युवतियों को लाभ मिल सकता है, जो रोजगार की तलाश में हैं, और अपना काम शुरू करना चाहती हैं.



Source link