Last Updated:
India-Nepal Train : भारतीय रेलवे ने अयोध्या से जनकपुर धाम तक ट्रेन चलाने की तैयारी कर ली है. रेलवे के इस प्रोजेक्ट के तहत 604 किलोमीटर का सफर ट्रेन से तय होगा और यूपी, बिहार के कई जिलों को भी इससे कनेक्टिविटी मिलेगी. एक बार यह ट्रेन शुरू होती है तो भारत और नेपाल के बीच आवाजाही भी आसान हो जाएगी.
अयोध्या से जनकपुर धाम के बीच भारतीय रेलवे ट्रेन चलाने की तैयारी कर रहा है.
नई दिल्ली. भारत और नेपाल के दो बड़े धार्मिक स्थलों को रेल मार्ग से जोड़ने की रेलवे ने मंजूरी दे दी है. बिहार और यूपी के कई शहरों से गुजरकर ट्रेन नेपाल के जनकपुर तक जाएगी. भारत और नेपाल के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए रेलवे ने बड़े प्रोजेक्ट पर काम करने का फैसला लिया है. भारतीय रेलवे ने नेपाल के जनकपुर धाम और उत्तर प्रदेश के अयोध्या के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन चलाने को मंजूरी दे दी है.
इस ट्रेन से भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम सीधे रेल मार्ग से जुड़ जाएंगे. इससे दोनों देशों के श्रद्धालुओं और यात्रियों को आने-जाने में आसानी होगी. यह ट्रेन करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी. रास्ते में बिहार और उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों और स्टेशनों पर रुकेगी. ट्रेन के प्रमुख ठहराव जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम होंगे.
कब-कहां से चलेगी ट्रेन
रेलवे के मुताबिक, इस ट्रेन का परिचालन सप्ताह में एक दिन होगा. जनकपुर धाम से हर शनिवार ट्रेन चलेगी, जबकि अयोध्या कैंट से हर सोमवार को ट्रेन रवाना होगी. इस ट्रेन के शुरू होने से अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच धार्मिक यात्राएं आसान होंगी. रामायण से जुड़े धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाले पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा शिक्षा, कारोबार और परिवार से जुड़े कामों के लिए भारत और नेपाल के बीच यात्रा करने वाले लोगों को भी फायदा होगा.
पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा
रेलवे के मुताबिक, इस ट्रेन से रास्ते में पड़ने वाले शहरों और सीमावर्ती इलाकों में पर्यटन, होटल, स्थानीय दुकानदारों और पारंपरिक कारीगरों को भी फायदा मिल सकता है. भारत और नेपाल के बीच पुराने सांस्कृतिक और सामाजिक रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में भी इसे एक अहम कदम माना जा रहा है. अयोध्या से जनकपुर तक ट्रेन चलने से बीच में पड़ने वाले जिलों के लिए भी कनेक्टिविटी बेहतर हो जाएगी.