बाराबंकी का नया टूरिस्ट स्पॉट, झीलों में बसेगा परिंदों का संसार, बर्ड वॉचिंग टावर से लेकर नेचर ट्रेल्स तक

बाराबंकी का नया टूरिस्ट स्पॉट, झीलों में बसेगा परिंदों का संसार, बर्ड वॉचिंग टावर से लेकर नेचर ट्रेल्स तक


प्रकृति प्रेमियों और पक्षियों की खूबसूरत दुनिया को कैमरे में कैद करने के शौकीनों के लिए अच्छी खबर है. अब दूर-दराज के बर्डिंग डेस्टिनेशन तक जाने की जरूरत कम हो सकती है. झीलों, वेटलैंड्स और प्रवासी पक्षियों की प्राकृतिक विरासत को पर्यटन से जोड़ने की तैयारी हो रही है. यहां बर्ड वॉचिंग टावर, नेचर ट्रेल्स और इको टूरिज्म जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है. इससे प्रकृति के करीब समय बिताने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे.

यह पहल उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में प्रस्तावित है. जिले की झीलों और वेटलैंड्स को पर्यटन के नक्शे पर लाने के लिए बर्डिंग सर्किट विकसित किया जाएगा. शनिवार को सफेदाबाद स्थित शालीमार मन्नत के मंशा क्लब में आयोजित दो दिवसीय फोटोग्राफी प्रदर्शनी ‘Wetlands & Wetland Birds of Barabanki’ का उद्घाटन हुआ. वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर नवीन बनौधा की ओर से आयोजित प्रदर्शनी में जिले की प्राकृतिक विरासत और वेटलैंड्स पर विचरण करने वाले पक्षियों की तस्वीरें प्रदर्शित की गईं.

‘Wetlands & Wetland Birds of Barabanki’ का उद्घाटन

बाराबंकी शहर क्षेत्र के सफेदाबाद स्थित शालीमार मन्नत के मंशा क्लब में शनिवार वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर नवीन बनौधा की ओर से आयोजित दो दिवसीय फोटोग्राफी प्रदर्शनी ‘Wetlands & Wetland Birds of Barabanki’ का उद्घाटन हुआ. मुख्य अतिथि आईएएस संजय कुमार,डायरेक्टर रूपम ने ‘Wetlands & Wetland Birds of Barabanki’ पुस्तक का लोकार्पण भी किया. आईएएस संजय कुमार ने बताया कि जिले के वेटलैंड्स और वहां विचरण करने वाले पक्षियों की खूबसूरत तस्वीरों के जरिए लोगों को प्राकृतिक विरासत से रूबरू कराया गया है. इस मौके पर उन्होंने बाराबंकी में बर्डिंग सर्किट विकसित करने की घोषणा की

बर्डिंग सर्किट विकसित वेटलैंड

मीडिया से बात करते हुए आईएएस संजय कुमार ने बताया कि अयोध्या और गोंडा रूट को जोड़ने की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं. झीलों के संरक्षण के साथ वहां बर्ड वॉचिंग टावर और ट्रेल्स जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है. इससे न सिर्फ पर्यटकों को नया ठिकाना मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे. इसके लिए बाराबंकी में बर्डिंग सर्किट विकसित किया जाएगा.

लखनऊ के करीब मिलेगा बर्डिंग का नया डेस्टिनेशन

संजय कुमार ने कहा कि बाराबंकी वेटलैंड्स की संख्या और गुणवत्ता दोनों के लिहाज से समृद्ध है. घाघरा नदी और सेंट्रल एशियन फ्लाईवे के करीब होने के कारण यहां बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षियों का आगमन होता है. एसीएस पर्यटन अमृत अभिजात से भी इस संबंध में चर्चा हुई है. बाराबंकी में अयोध्या और गोंडा रूट को ध्यान में रखते हुए बर्डिंग सर्किट विकसित करने की संभावनाएं हैं. शासन की ओर से कुछ झीलों के विकास और इको टूरिज्म के लिए बजट भी मिला है. यहां बर्ड वॉचिंग टावर और नेचर ट्रेल्स जैसी सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है. इससे झीलों का संरक्षण होगा और स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा.

वाइल्ड लाइफ प्रसिद्व फोटोग्राफर नवीन की मेहनत बनी मिसाल

प्रदर्शनी में पहुंचे फोटोग्राफरों ने नवीन बनौधा के प्रयासों की सराहना की. कार्यक्रम में मौजूद फोटोग्राफर गौरव ने बताया कि नवीन बनौधा ने ‘सिंगल मैन आर्मी’ की तरह मेहनत करके बाराबंकी के वेटलैंड्स को पहचान दिलाने का काम किया है. पहले जिन झीलों और प्राकृतिक स्थलों पर अतिक्रमण हो रहा था, वहां अब लोगों की दिलचस्पी बढ़ रही है. फोटोग्राफी के जरिए इन जगहों को पहचान मिलने से संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. इससे प्रदेश के पर्यटन को भी फायदा होगा.

दूर दराज से पहुंचे फोटोग्राफर

प्रदर्शनी देखने पहुंचे लखनऊ के फोटोग्राफर अली ने बताया कि लखनऊ के आसपास इतने अच्छे बर्डिंग डेस्टिनेशन होना बड़ी बात है. पहले पक्षियों को देखने और फोटोग्राफी के लिए लोगों को भरतपुर जैसे दूर के स्थानों पर जाना पड़ता था. बाराबंकी में ही प्रकृति को करीब से देखने के विकल्प विकसित होना युवाओं को भी इससे जोड़ने में मददगार होगा.

पीढ़ियों के लिए बचानी होगी प्राकृतिक विरासत

डीएफओ आकाश दीप बधावन ने कहा कि वन्यजीव संरक्षण का सबसे अहम आधार जन-जागरूकता है. नवीन बनौधा ने जिले के वेटलैंड्स को तस्वीरों के माध्यम से सामने लाने का सराहनीय प्रयास किया है. जल, जंगल और जैव विविधता हमारी धरोहर हैं. हम केवल इनके संरक्षक हैं और इन्हें आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना हमारी जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि वेटलैंड्स का संरक्षण बेहद जरूरी है, क्योंकि जल है तो जीवन है. आयोजकों के मुताबिक, 14 और 15 नवंबर को आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्देश्य बाराबंकी की प्राकृतिक संपदा को लोगों के सामने लाने के साथ वेटलैंड संरक्षण को जन आंदोलन बनाना है. उद्घाटन अवसर पर डीएफओ आकाश दीप बधावन, सीडीओ पंकज वर्मा और डीएम ईशान प्रताप सिंह समेत कई अधिकारी और प्रकृति प्रेमी मौजूद रहे.



Source link