बॉल टेंपरिंग कांड में किसे बचा रहा था क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया? वॉर्नर का तीन खिलाड़ियों को लेकर बड़ा दावा

बॉल टेंपरिंग कांड में किसे बचा रहा था क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया? वॉर्नर का तीन खिलाड़ियों को लेकर बड़ा दावा


होमखेलक्रिकेट

बॉल टेंपरिंग कांड में किसे बचा रहा था बोर्ड? डेविड वॉर्नर ने किया बड़ा दावा

Last Updated:

David Warner big claim on Sandpapergate row: डेविड वॉर्नर ने बॉल टेंपरिंग विवाद की क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने अपने हालिया इंस्टाग्राम पोस्ट में टीम के तीन बड़े गेंदबाजों का नाम भी लिया. वॉर्नर के इस पोस्ट के बाद यह विवाद और गहरा गया है. सवाल यह है कि आखिर गेंद से छेड़छाड़ की प्लानिंग के बारे में किस-किस को पहले से जानकारी थी.

Zoom

डेविड वॉर्नर ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को घेरा.

नई दिल्ली. ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के सबसे विवादित मामलों में शामिल 2018 का बॉल टेंपरिंग कांड एक बार फिर चर्चा में है. इस मामले में पहले सजा भुगत चुके पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ओपनर डेविड वॉर्नर ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को लगातार घेर रहे हैं. वॉर्नर ने दावा किया है कि बोर्ड ने उस समय टीम के तीन प्रमुख गेंदबाजों से पूछताछ तक नहीं की थी. उन्होंने जोश हेजलवुड, मिचेल स्टार्क और नाथन लायन का नाम लेते हुए जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं.

इंस्टाग्राम पर किया पोस्ट
वॉर्नर ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट किया. उनका कहना है कि अगर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 2018 में जांच के दौरान इन तीनों गेंदबाजों से बातचीत ही नहीं की थी, तो फिर बोर्ड किस आधार पर यह दावा कर सकता है कि गेंदबाजी यूनिट को गेंद से छेड़छाड़ की योजना के बारे में कोई जानकारी नहीं थी?

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया पर वॉर्नर का आरोप
इस पूर्व ओपनर ने आरोप लगाया कि जांच शुरू होने से पहले ही यह तय कर लिया गया था कि इस मामले में किसे जिम्मेदार ठहराना है. वॉर्नर का कहना है कि जांच सही तरीके से नहीं की गई और अब भी उसी कहानी को सच साबित करने की कोशिश हो रही है, जिसमें गेंदबाजों को पूरी तरह अनजान बताया गया था. वॉर्नर ने इसे मामले को दबाने की बात भी कही.

उस्मान ख्वाजा की किताब से फिर उठा विवाद
दरअसल, बॉल टेंपरिंग विवाद फिर से चर्चा में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा ‘सब्र’ की वजह से आया है. ख्वाजा ने अपनी किताब में कई बड़े खुलासे किए. उन्होंने बताया कि गेंद से छेड़छाड़ की प्लानिंग की जानकारी सिर्फ उन तीन खिलाड़ियों तक सीमित नहीं थी, जिन्हें इस मामले में सजा मिली थी. उनका कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी पूरी टीम को थी. इसके बाद वॉर्नर ने ख्वाजा के दावों का समर्थन किया. हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के मौजूदा कप्तान पैट कमिंस ने इस बात को खारिज किया है कि पूरी गेंदबाजी यूनिट को मैदान पर सैंडपेपर ले जाने की जानकारी थी.

पुराने बयान पर कायम हैं स्टार्क
वॉर्नर ने जिन तीन गेंदबाजों का नाम लिया है, उनमें से मिचेल स्टार्क पहले ही ख्वाजा के दावों पर अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं. स्टार्क ने साफ किया कि 2018 की घटना को लेकर उनकी राय आज भी पहले जैसी ही है. स्टार्क ने 2021 में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी ग्रुप की ओर से जारी संयुक्त बयान का हवाला देते हुए कहा कि वह आज भी उसी बात पर कायम हैं. उनके मुताबिक, गेंदबाजों को इस बात की जानकारी नहीं थी कि गेंद की स्थिति बदलने के लिए कोई बाहरी चीज मैदान पर ले जाई गई थी. स्टार्क ने कहा कि उन्हें इस घटना के बारे में तब पता चला जब केपटाउन टेस्ट के दौरान मैदान पर चल रही गतिविधियां बड़ी स्क्रीन पर दिखाई गईं.

क्या है 2018 का सैंडपेपरगेट विवाद?
साल 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट के दौरान ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी कैमरन बैनक्रॉफ्ट गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल करते हुए कैमरे में पकड़े गए थे. जांच के बाद डेविड वॉर्नर, स्टीव स्मिथ और कैमरन बैनक्रॉफ्ट को इस मामले में सजा दी गई थी. इस घटना ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट की छवि को बड़ा नुकसान पहुंचाया था.



Source link