Last Updated:
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट के भाई बिली रूट ने क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया. बिली रूट घरेलू क्रिकेट में तीनों फॉर्मेट को मिलाकर कुल 193 मैचों में मैदान पर उतरे, जिसमें उन्होंने 6 हजार से ज्यादा रन बनाए. हालांकि, बिली को अपने भाई जो रूट की तरह तरह कभी इंग्लैंड के लिए नेशनल टीम में खेलने का मौका नहीं मिल पाया.
जो रूट के भाई बिली रूट
नई दिल्ली: इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट के बारे में भला कौन नहीं जानता, लेकिन बहुत कम लोगों को पता है कि जो रूट की तरह उनके भाई बिली रूट भी एक क्रिकेटर हैं. हालांकि, अपने भाई की तरह बिली रूट कभी इंग्लैंड के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर नहीं खेल पाए, लेकिन घरेलू क्रिकेट में उन्होंने लगातार अपनी छाप छोड़ी. अब, 11 साल के लंबे क्रिकेट करियर के बाद बिली रूट ने पेशेवर क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है. रूट का आखिरी मुकाबला 15 सितंबर को ग्लेमोर्गन की तरफ से सरे के खिलाफ था, जिसमें उन्होंने कुल 22 रन बनाए.
बिली रूट ने साल 2015 में अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत की थी. उन्होंने सबसे पहले फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया. इसके दो साल बाद, 2017 में बिली ने लिस्ट-ए और टी20 में भी अपना डेब्यू किया. हालांकि, तीनों प्रारूपों में लंबे समय तक घरेलू क्रिकेट खेलने के बावजूद बिली राष्ट्रीय टीम के चयनकर्ताओं को वह प्रभावित नहीं कर पाए. यही कारण है कि उन्हें इंग्लैंड के लिए कभी खेलने का मौका नहीं मिला.
कैसा रहा बिली रूट का क्रिकेट करियर?
बिली रूट के क्रिकेट करियर की बात करें, तो वह 83 फर्स्ट क्लास, 60 लिस्ट-ए और 50 टी20 मैचों में मैदान पर उतरे. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में बिली रूट ने 53.96 के स्ट्राइक रेट से 4107 रन बनाए. इस प्रारूप में उन्होंने 17 अर्धशतक और 7 शतक भी लगाए. फर्स्ट क्लास में उनका उच्चतम स्कोर 229 रन रहा.
इसके अलावा, लिस्ट-ए में बिली ने 1,665 रन बनाए. इस प्रारूप में उन्होंने 89.66 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की, जिसमें उनके नाम 9 अर्धशतक और 3 शतक दर्ज हैं. वहीं टी20 की बात करें, तो उन्होंने 634 रन बनाए हैं. इस प्रारूप में उनके नाम न तो कोई अर्धशतक है और न ही कोई शतक. बल्लेबाजी के अलावा बिली रूट पार्ट-टाइम गेंदबाजी भी करते थे. तीनों प्रारूपों को मिलाकर उन्होंने अपने नाम 14 विकेट भी दर्ज किए हैं.