Last Updated:
मध्य प्रदेश के मंदसौर में एक दिल को दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 7 साल की मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी की है और बच्ची को फिर मौत के घाट उतार दिया है. घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी हिरासत में लिया है. आरोपी पर सख्त कार्रवाई करने के लिए लोगों ने चक्काजाम कर दिया था और बाजारों को बंद करवा दिया था. लेकिन बाद में पुलिस के समझाने के बाद चक्का जाम खत्म हुआ.
मंदसौर में 7 साल की बच्ची से दरिंदगी
मंदसौर के गरोठ से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक 7 साल की मासूम बच्ची के साथ 30 साल के युवक ने पहले दुष्कर्म किया. उसके बाद उसकी पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी. घटना से क्षेत्र में तनाव की स्थित है. लोगों ने गरोठ में चक्काजाम कर बाजारों को बंद करवा दिया. साथ ही आरोपी पर सख्त कार्रवाई और उसके मकान पर बुलडोजर चलाने की मांग की जा रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए मंदसौर एसपी सहित आसपास के तमाम थानों का पुलिस फोर्स भी गरोठ में तैनात कर दिया गया है.
खून से लथपथ बच्ची का शव हुआ था बरामद
बताया जा रहा है कि 7 वर्षीय मासूम सोमवार शाम से घर से लापता थी. मामले में परिजनों ने खोजबीन के बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी थी. जिस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू भी की. लेकिन मंगलवार को गरोठ थाना क्षेत्र के लुक्का गांव में खेतों की तरफ खून से लथपथ बच्ची का शव बरामद हुआ. जिसे गरोठ अस्पताल लाया गया.
घटना के बाद गुस्से से भर गए लोग
घटना की सूचना इलाके में फैलते ही लोगों का आक्रोश फूट पड़ा. बड़ी संख्या में लोग गरोठ अस्पताल पहुंचे. जहां से बाद में आरोपी पर सख्त कार्रवाई को लेकर चक्काजाम कर गरोठ के बाजारों को बंद करवा दिया गया.
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है. नाराज लोग आरोपी को उनके हवाले करने की मांग पर अड़ गए. बाद में समझाने के बाद चक्काजाम खत्म हुआ है.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
जानकारी के मुताबिक मृत बच्ची के पिता गांव में मजदूरी करने के लिए यहां आकर बसे हुए थे. अब बच्ची की मौत के चलते परिवार का रो रोकर बुरा हाल है. उधर घटना ने इलाके में हर किसी को स्तब्ध कर दिया है.
एसडीओपी विजय कुमार यादव ने कहा कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और चक्काजाम खुलवा दिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और इस संबंध में कई लोगों से पूछताछ कर रही है.
(रिपोर्ट-प्रीत शर्मा)