Last Updated:
IREDA Share Price : आईआरईडीए केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (MNRE) के नियंत्रण में आने वाली एक नवरत्न कंपनी है. कंपनी का शेयर पिछले सात दिनों में खूब कुलांचे भर रहा है. दूसरी तिमाही के शानदार नतीजों के दम पर यह रिन्यूएबल शेयर निवेशकों का फेवरेट बना हुआ है.
सोमवार को भी यह शेयर जोरदार तेजी के साथ बंद हुआ.
नई दिल्ली. शेयर बाजार में पिछले कुछ समय से तेजी है. इसी तेजी पर सरकारी कंपनी इंडियन रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी लिमिटेड (IREDA) का शेयर भी सवार है. पिछले सात कारोबारी सत्रों में आईआरईडीए का शेयर 20.19% फीसदी चढ़ गया है. धांसू रिटर्न देकर इस शेयर ने बाजार में हलचल पैदा कर दी है और अब हर कोई यह जानना चाहता है कि आईआरईडीए शेयर क्या आगे भी ऐसा ही धांसू रिटर्न देगा या यह उबाल ठहर जाएगा. पिछले कारोबारी सत्र यानी सोमवार को बीएसई पर IREDA शेयर 7.38% की छलांग लगाकर 119.71 रुपये पर बंद हुआ.
आईआरईडीए शेयर में भले ही 7 दिनों में 20% की शानदार तेजी आई है, लेकिन साल 2026 में यह 14.09% गिर चुका है. पिदले एक साल में इस स्टॉक की कीमत में करीब 20 फीसदी की गिरवट आई है. दो साल में यह शेयर 40 फीसदी लुढक चुका है. ऐसे में बाजार के जानकारों का मानना है कि यह मौजूदा तेजी बॉटम लेवल से आई एक तेज पुलबैक रैली हो सकती है.
नतीजों ने दिखाया दम, लोन बुक ₹97,000 करोड़ के पार
IREDA के फंडामेंटल्स की बात करें तो कंपनी ने दूसरी तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है. इसी ने हालिया रैली को आधार प्रदान किया है. वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही तक आईआरईडीए की कुल बकाया लोन बुक 15.3% बढ़कर 97,411 करोड़ रुपये पर पहुंच गई. कंपनी का रेवेन्यू फ्रॉम ऑपरेशंस सालाना आधार पर 13.9% बढ़कर 2,344 करोड़ रुपये रहा. ऑपरेटिंग प्रॉफिट सालाना आधार 16.5% उछलकर 904 करोड़ रुपये हो गया. एसेट क्वालिटी के मोर्चे पर बड़ा सुधार दिखा. ग्रॉस एनपीए पिछली तिमाही के 3.76% से घटकर 3.57% और नेट एनपीए 1.23% से घटकर 1.08% पर आ गया.
आईआरईडीए शेयर में पैसा लगाएं या नहीं
बिजनेस टुडे के एक रिपोर्ट के अनुसार, आईआरईडीए शेयर में 20% की तेजी आने के बाद अब बाजार के विश्लेषक इस उछाल में नए खरीदारों को फोमो यानी पीछे छूट जाने के डर से बचने की नसीहत दे रहे हैं. वेल्थमिल्स सिक्योरिटीज (WealthMills Securities) के इक्विटी स्ट्रैटेजिस्ट क्रांति बाथिनी का मानना है कि मौजूदा निवेशकों को इस रैली में अपनी पूंजी सुरक्षित करने और मुनाफे को भुनाने (Sell on Rise) के मौके तलाशने चाहिए. साथ ही नए निवेशकों को मौजूदा ऊंचे स्तरों पर नई खरीदारी से परहेज करना चाहिए.
मास्टर कैपिटल सर्विसेज (Master Capital Services) के रिसर्च एवीपी विष्णु कांत उपाध्याय ने कहा है कि जिन निवेशकों के पास पहले से शेयर हैं, वे कीमतों में आई इस तेजी का फायदा उठाकर अपनी पोजीशन से निकलने पर विचार कर सकते हैं.
क्या करती है कंपनी?
आईआरईडीए केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (MNRE) के नियंत्रण में आने वाली एक नवरत्न कंपनी है. यह देश में सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा और अन्य हरित ऊर्जा प्रोजेक्ट्स को फंड करने वाली देश की सबसे बड़ी समर्पित फाइनेंसिंग एजेंसी है. सितंबर 2026 तक कंपनी में भारत सरकार की हिस्सेदारी 71.76 फीसदी है.
(Disclaimer: यहां बताए गए स्टॉक्स ब्रोकरेज हाउसेज की सलाह पर आधारित हैं. यदि आप इनमें से किसी में भी पैसा लगाना चाहते हैं तो पहले सर्टिफाइड इनवेस्टमेंट एडवायजर से परामर्श कर लें. आपके किसी भी तरह की लाभ या हानि के लिए लिए News18 जिम्मेदार नहीं होगा.)