Last Updated:
Success Story: छतरपुर जिले के महाराजपुर निवासी प्रदीप चौरसिया कॉलेज की पढ़ाई के साथ समोसे का बिजनेस कर रहे हैं. मिट्टी के चूल्हे पर बने 5 रुपये के समोसे और चार तरह की चटनियों के स्वाद के लोग दीवाने हैं. रोजाना 500 से अधिक ग्राहक आते हैं और प्रदीप हर महीने आसानी से 50 हजार रुपये कमा लेते हैं.
Chhatarpur News: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से आत्मनिर्भरता और सफलता की एक बेहतरीन कहानी सामने आई है. महाराजपुर के रहने वाले प्रदीप चौरसिया कॉलेज की पढ़ाई करने के साथ-साथ समोसे बेचने का सफल बिजनेस चला रहे हैं. महज 2 साल पहले शुरू किए गए इस काम से वे आज हर महीने 50 हजार रुपये की कमाई कर रहे हैं.
पिता से मिली बिजनेस की प्रेरणा
प्रदीप चौरसिया बताते हैं कि 2 साल पहले उन्होंने समोसे बेचने का काम शुरू किया था. इस बिजनेस का आइडिया उनके पिता ने दिया था. उनके पिता ने पहले छतरपुर में समोसे की दुकान खोल रखी थी. प्रदीप खुद भी पहले छतरपुर में समोसे बेचने का काम कर चुके हैं. बाद में उन्होंने अपने गृह नगर महाराजपुर में ही रहकर कॉलेज की पढ़ाई जारी रखी और साथ में समोसे की दुकान शुरू कर दी.
मिट्टी के चूल्हे का स्वाद और 4 तरह की चटनी
प्रदीप के समोसों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि वे इन्हें मिट्टी के चूल्हे पर तैयार करते हैं. दुकान पर केवल 5 रुपये में एक समोसा मिलता है. समोसे के साथ ग्राहकों को मिर्च की तीखी चटनी, टमाटर की चटनी, मीठी चटनी और रायता दिया जाता है. चार तरह की स्वादिष्ट चटनियों के कारण सुबह से शाम तक समोसों की भारी मांग बनी रहती है.
मेन्यू में शामिल कई अन्य व्यंजन
समोसों के अलावा दुकान पर मिर्च पकोड़ा, आलू बड़ा, ब्रेड पकोड़ा, मंगोड़ी और गुजिया भी बनाई जाती है. समोसे को छोड़कर बाकी सभी आइटम 10 रुपये में बेचे जाते हैं. वहीं मलाई के साथ गुजिया 20 रुपये में मिलती है. हालांकि, प्रदीप की दुकान सबसे ज्यादा अपने स्वाद भरे समोसों के लिए ही मशहूर है.
रोजाना आते 500 से अधिक ग्राहक
प्रदीप की दुकान सुबह 9:30 बजे खुलती है और शाम 7:30 बजे बंद होती है. इस दौरान दुकान पर रोजाना 500 से भी ज्यादा ग्राहक आते हैं. दुकान पर काम बढ़ने के बाद प्रदीप ने अपने साथ 2 अन्य लोगों को भी रोजगार दे रखा है. अपनी लगन और मेहनत के बल पर प्रदीप पढ़ाई के साथ-साथ एक सफल युवा व्यवसायी बनकर मिसाल पेश कर रहे हैं.