5 दिन कोडिंग, वीकेंड पर शेफ… खुद सब्जियां खरीद क्यों खाना पका रहे 5 इंजीनियर
Last Updated:
चेन्नई में कॉग्निजेट के पांच कर्मचारियों ने कोविड-19 महामारी के दौरान वृद्धाश्रमों और बाल देखभाल संस्थानों में भोजन कराने की शुरुआत की थी. यह पहल अब एक बड़ा अभियान बन चुकी है, जिसके तहत वे खुद जाकर खाना पकाते और परोसते हैं. अब तक वे 88 सफल इवेंट्स कर चुके हैं और आगामी 21 नवंबर को रेड हिल्स में एक विशेष दीपावली दावत का आयोजन करने की योजना बना रहे हैं.
2020 से नेक काम कर रहे 5 दोस्त.
अगर आपको लगता है कि IT सेक्टर के बंदे सिर्फ कोडिंग, कॉफी और वीकेंड पार्टी में मस्त रहते हैं, तो चेन्नई के कॉग्निजेंट ऑफिस के इन 5 दोस्तों की कहानी आपकी सोच का पूरा सिस्टम हैंग कर देगी. महामारी के दौर में शुरू हुआ इनका यह छोटा सा इरादा आज एक ऐसा नेक मिशन बन चुका है. सोमवार से शुक्रवार तक लैपटॉप की स्क्रीन पर उंगलियां चटकाने वाली यह गैंग हर शनिवार को सुपरहीरो बनकर निकल पड़ता है. 88 से ज्यादा इवेंट्स, हजारों लोगों के चेहरों पर मुस्कान और खुद पार्रीज मार्केट से सब्जियां खरीदकर अपने हाथों से ये लजीज बिरयानी पकाते हैं. 21 नवंबर को रेड हिल्स के बच्चों के साथ होने वाली इनकी स्पेशल दीपावली दावत का तड़का तो इस पूरे मिशन को नेक्स्ट लेवल पर ले जाने वाला है.
अब तक पूरे किए 88 फूड-ड्राइव्स
यह कहानी है कॉग्निजेंट के शोलिंगनल्लूर और MEPZ कैंपसों में काम करने वाले पांच खास दोस्त सेंथिलनाथन एल., पी. येसुराजा, सतीश राजा, संतोष और संजीव नंदा की है जो मिलकर आउटरीच मिनिस्ट्री लीडरशिप एंड ऑपरेशंस टीम चलाते हैं. शुरुआत में यह एक महीने की कमिटमेंट थी, लेकिन अब ये टीम हर महीने कम से कम दो ऐसे इवेंट्स करती है. अब तक ये लोग कुल 88 फूड-सर्विस इवेंट्स सफलतापूक पूरे कर चुके हैं, जिसमें लगभग 200 लोगों ने आर्थिक सहयोग दिया है.
सिर्फ पैसे नहीं, खुद खाना बनाकर परोसने का है असली स्वैग
यह टीम सिर्फ दान देने में विश्वास नहीं रखती. इनका मानना है कि जब तक आप खुद जाकर प्यार से खाना न परोसें, तब तक असली सुकून नहीं मिलता. ये ऐसी संस्थाओं को चुनते हैं जो मुख्य शहर से दूर हैं, जैसे मराक्कानाम, रेड हिल्स और अलामाथी. यसुरराजा शुक्रवार को पार्रीज मार्केट से ग्रॉसरी शॉपिंग करते हैं, और तिरुवल्लोर के शेफ कलंदर के साथ मिलकर मेनू प्लान करते हैं. खास बात यह है कि ये लोग बुजुर्गों और बच्चों की पसंद का नॉन-वेजिटेरियन खाना भी खुद तैयार करवाते हैं और परोसते हैं.
अगला स्टॉप: रेड हिल्स में धमाकेदार दीपावली सेलिब्रेशन
फूड के अलावा यह टीम जरूरत की दूसरी चीजें भी मुहैया कराती है. येसुराजा ने तो ईरोड जाकर बेडस्प्रेड्स (चादरें) भी खरीदे हैं. अब यह टीम 21 नवंबर को रेड हिल्स के एक वृद्धाश्रम और चाइल्ड केयर इंस्टिट्यूशन में स्पेशल दीपावली मील प्लान कर रही है, जिसमें बच्चों की पसंद की चिकन बिरयानी और मिठाइयां शामिल होंगी. संजीव नंदा इस पूरी टीम के लिए फंडरेज़र और सबसे बड़े मोटिवेटर हैं. इन सबका कहना है कि हर इवेंट के बाद जो खुशी मिलती है, वह किसी भी कॉर्पोरेट प्रमोशन से बहुत बड़ी है.