Last Updated:
Rajasthan Panchayat Chunav 2026 Fourth Phase : राजस्थान पंचायत चुनाव 2026 के चौथे और अंतिम चरण के मतदान से पहले गांवों में चुनावी हलचल तेज हो गई है. दीपावली की रामा-श्यामा के बीच प्रत्याशी घर-घर जाकर जनसंपर्क कर रहे हैं. पंचायत चुनाव के अंतिम चरण से पहले यह परंपरा प्रत्याशियों के लिए भी जनसंपर्क का बड़ा मौका बन गई है. प्रत्याशी गांवों में घर-घर पहुंच रहे हैं. कहीं वे बुजुर्गों से आशीर्वाद ले रहे हैं तो कहीं युवाओं और परिवारों से मुलाकात कर रहे हैं. इस दौरान चुनाव में समर्थन की अपील भी की जा रही है.
राजस्थान पंचायत चुनाव 2026
जयपुर. राजस्थान में पंचायत चुनाव 2026 अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है. तीन चरणों का मतदान पूरा हो चुका है और अब सबकी नजर चौथे चरण पर है. यह चुनाव का अंतिम चरण होगा. मतदान से पहले गांवों में चुनावी हलचल तेज हो गई है. दीपावली के मौके पर गांव-गांव में रामा-श्यामा का दौर चल रहा है और इसी के साथ प्रत्याशी भी अपने जनसंपर्क अभियान में जुटे हैं. बीजेपी और कांग्रेस ने अपने समर्थित उम्मीदवारों के लिए पूरी ताकत लगा दी है. दूसरी पार्टियों और निर्दलीय प्रत्याशी भी पीछे नहीं हैं.
इस बार गांवों में चुनाव प्रचार का तरीका भी दिलचस्प नजर आ रहा है. त्योहार के मौके पर लोग एक-दूसरे के घर जाकर राम-राम कर रहे हैं, बड़ों का आशीर्वाद ले रहे हैं और रिश्तेदारों-मित्रों से मिल रहे हैं. इसी मेल-मिलाप के बीच चुनावी चर्चा भी हो रही है. प्रत्याशियों के लिए यह ऐसा मौका है, जब वे बिना किसी बड़ी सभा या शोर-शराबे के सीधे मतदाताओं तक पहुंच सकते हैं.
राजस्थान के गांवों में दीपावली के बाद रामा-श्यामा का खास महत्व होता है. लोग एक-दूसरे के घर जाकर शुभकामनाएं देते हैं. रिश्तेदारों और परिचितों से मुलाकात होती है. पंचायत चुनाव के अंतिम चरण से पहले यह परंपरा प्रत्याशियों के लिए भी जनसंपर्क का बड़ा मौका बन गई है. प्रत्याशी गांवों में घर-घर पहुंच रहे हैं. कहीं वे बुजुर्गों से आशीर्वाद ले रहे हैं तो कहीं युवाओं और परिवारों से मुलाकात कर रहे हैं. इस दौरान चुनाव में समर्थन की अपील भी की जा रही है. प्रत्याशियों के साथ उनके समर्थक और स्थानीय कार्यकर्ता भी सक्रिय हैं.
बीजेपी-कांग्रेस के सामने आखिरी चरण में प्रतिष्ठा का सवाल
पंचायत चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस दोनों के लिए चौथा चरण अहम है. दोनों दलों ने अपने समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में माहौल बनाने के लिए ताकत लगानी शुरू कर दी है. स्थानीय नेता, कार्यकर्ता और गांवों में प्रभाव रखने वाले लोग अपने-अपने प्रत्याशियों के साथ प्रचार में जुटे हैं. हालांकि पंचायत चुनाव में मुकाबला केवल पार्टी के नाम पर नहीं होता. यहां उम्मीदवार की अपनी पहचान और गांव में उसका जुड़ाव भी बड़ी भूमिका निभाता है. कई जगह परिवारों के पुराने संबंध, सामाजिक समीकरण और स्थानीय मुद्दे भी चुनावी चर्चा का हिस्सा होते हैं.
पंचायत चुनाव में स्थानीय मुद्दे भी बन रहे हैं चर्चा का विषय
गांवों के चुनाव में मतदाताओं की उम्मीदें भी स्थानीय जरूरतों से जुड़ी रहती हैं. सड़क, पानी, सफाई, नाली, बिजली, सरकारी योजनाओं का लाभ और गांव के विकास जैसे मुद्दे प्रत्याशियों के सामने आते हैं. मतदाता यह देखना चाहते हैं कि उनके गांव की समस्याओं को कौन बेहतर तरीके से समझता है और कौन उनके बीच उपलब्ध रहेगा.
चौथे चरण का मतदान कब होगा?
राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार पंचायत चुनाव का चौथा चरण 14 और 16 नवंबर को पूरा होगा. जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 14 नवंबर को मतदान होगा, जबकि पंच और सरपंच पदों के लिए 16 नवंबर को वोट डाले जाएंगे. जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को होगी.
त्योहार के बाद गांवों में चुनावी मुकाबला होगा तेज
बीजेपी और कांग्रेस के लिए यह आखिरी चरण अपनी संगठनात्मक सक्रियता दिखाने का मौका है, वहीं निर्दलीय प्रत्याशी भी गांव के अपने संपर्क और पहचान के भरोसे मैदान में हैं. अब निगाहें चौथे चरण के मतदान पर हैं. देखना होगा कि गांवों में त्योहार के दौरान बना संपर्क वोट में कितना बदलता है और मतदाता स्थानीय उम्मीदवारों के साथ-साथ पार्टी के नाम को कितनी अहमियत देते हैं. फिलहाल गांवों में रामा-श्यामा के साथ चुनावी राम-राम का दौर जारी है.