नई दिल्ली. टीम इंडिया के पूर्व विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने अंडर 19 एशिया कप में यूएई के खिलाफ 160 रन की पारी खेलकर भारत को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया. आर्यवीर ने भारतीय टीम की जीत के बाद कहा कि वह मुझे पता था कि मैं एक बड़ा शतक बनाऊंगा क्योंकि मेरे ऊपर एक विरासत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी है और पापा को सिर्फ बड़े शतक ही पसंद हैं. इस रोमांचक मैच में इंडिया अंडर-19 टीम ने संयुक्त अरब अमीरात को 70 रनों से शिकस्त दी और टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली. आर्यवीर को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
मैच के बाद अपने इस शानदार अनुभव को साझा करते हुए आर्यवीर सहवाग (Aaryavir Sehwag) ने बताया कि उन्होंने किसी से वादा किया था कि वे आज बड़ा स्कोर बनाएंगे. उन्होंने मुस्कुराते हुए खुलासा किया कि वह शख्स उनके पिता यानी पूर्व विस्फोटक भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग थे जिनसे उन्होंने वादा किया था. आर्यवीर ने अपने इस वादे को मैदान पर पूरी शिद्दत से निभाया और चौकों-छक्कों की बरसात करते हुए 168 गेंदों का सामना किया, जिसमें 17 शानदार चौके और 7 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे. इस तरह उन्होंने 95.24 के स्ट्राइक रेट से 160 रनों की ऐतिहासिक शतकीय पारी खेली. उनका बखूबी साथ निभाया वीके विनीत ने, जिन्होंने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 69 गेंदों में 3 चौकों और 3 छक्कों की बदौलत 67 बहुमूल्य रन जोड़े. दोनों के बीच हुई इस रिकॉर्ड साझेदारी ने मैच का पूरा रुख भारत के पक्ष में मोड़ दिया.
मैच की शुरुआत में यूएई के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत संभली हुई थी, लेकिन कप्तान और सलामी बल्लेबाज लक्ष्य राजेश रायचंदानी के रूप में टीम को शुरुआती झटका लगा, जो 32 गेंदों में 17 रन बनाकर नूरोल्ला अयॉबी का शिकार बने. इसके बाद क्रीज पर आए आर्यवीर सहवाग ने इतिहास रचने वाली मैराथन पारी खेली. पारी के दौरान पिच पर थोड़ी टर्न मिल रही थी और बल्लेबाजी में कई तरह की चुनौतियां भी थीं, लेकिन आर्यावीर ने बेहद सूझबूझ और धैर्य का परिचय दिया. उन्होंने शुरुआत में टिककर खेलने और कम से कम 40 से अधिक ओवरों तक बल्लेबाजी करने का मन बनाया था. इस दौरान वे डॉट गेंदों से बिल्कुल भी परेशान नहीं हुए, क्योंकि उन्हें पूरा विश्वास था कि वे बाद में रनगति की भरपाई आसानी से कर लेंगे.
बकौल आर्यवीर, ‘मैं इस समय बहुत बढ़िया फील कर रहा हूं. विकेट पर थोड़ा टर्न था. मैंने जब शुरुआत की तभी मैंने तय किया कि मुझे लंबी पारी खेलनी है और लगभग 40 ओवर तक बल्लेबाजी करनी है. विकेट पर कुछ चुनौतियां थीं. मैं डॉट गेंदों को लेकर परेशान नहीं हुआ, क्योंकि मुझे पता था कि मैं बाद में रन बना लूंगा. मैं एक बड़ा स्कोर बनाना चाहता था. मैंने किसी से वादा किया था कि आज एक बड़ा स्कोर बनाऊंगा और अच्छी बात यह है कि मैंने ऐसा कर दिखाया. और वह इंसान मेरे डैड हैं . मैंने अपने डैड से कहा था कि मैं एक बड़ा शतक लगाऊंगा. मुझे एक विरासत को आगे बढ़ाना है, क्योंकि उन्हें सिर्फ बड़े शतक ही पसंद हैं.
मध्यक्रम का योगदान और विशाल स्कोर
विनीत और आर्यवीर के शानदार प्रदर्शन के बाद पारी को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी मध्यक्रम पर आई. अर्जुन राजपूत (4 रन) और अनुय द्रविड़ (12 रन) इस मुकाबले में कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके, लेकिन पारी के अंतिम क्षणों में यशवर्धन चौहान ने महज 10 गेंदों पर 2 चौकों की मदद से तेज-तर्रार 17 रन कूटे. इसके अलावा, मोहित उल्वा ने नाबाद 7 रन (एक छक्का) और आर्यन सावसानी ने नाबाद 2 रन का योगदान दिया. विपक्षी टीम की गेंदबाजी के दौरान भारत के खाते में कुल 22 अतिरिक्त रन (2 बाई, 4 लेग बाई, 15 वाइड और 1 नो-बॉल) भी जुड़े. इन सभी पारियों के दम पर भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 309 रनों का एक विशाल और पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया, जिसके लिए प्रति ओवर 6.18 रन की औसत दर रही.
यूएई का संघर्ष और ईशान सूद की घातक गेंदबाजी
310 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएई अंडर-19 की टीम ने भी हार नहीं मानी और अंत तक पूरी शिद्दत के साथ संघर्ष जारी रखा. यूएई के बल्लेबाजों ने पिच पर टिकने और स्कोर के करीब पहुंचने की भरपूर कोशिश की, जिससे एक समय मैच काफी रोमांचक हो गया था, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के कड़े और अनुशासित प्रदर्शन के आगे पूरी टीम 50 ओवरों में 239 रनों पर सिमट गई.
भारत की तरफ से गेंदबाजी में ईशान सूद ने कातिलाना और धारदार प्रदर्शन किया. उन्होंने अपने 7 ओवरों के स्पेल में मात्र 37 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके और यूएई की बल्लेबाजी की कमर तोड़कर रख दी. इसके अलावा मोहित उल्वा, मनल चौहान, काव्या पटेल, यशवर्धन चौहान, आर्यन सावसानी और अर्जुन राजपूत ने एक-एक विकेट अपने नाम करते हुए जीत में अहम भूमिका निभाई.