राहुल गांधी के आसपास भीड़, सुरक्षा में कोई नहीं! बेटे को देख घबरा गई थीं सोनिया गांधी, बताया उस दिन का किस्सा

राहुल गांधी के आसपास भीड़, सुरक्षा में कोई नहीं! बेटे को देख घबरा गई थीं सोनिया गांधी, बताया उस दिन का किस्सा


कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने नए संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में भारत जोड़ो यात्रा से जुड़ा एक ऐसा किस्सा साझा किया है, जिसने उस समय उन्हें बुरी तरह डरा दिया था. जनवरी 2023 में जब राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा कश्मीर पहुंची थी, तब अचानक उनके आसपास से सुरक्षा कर्मी गायब हो गए थे. राहुल के चारों ओर भारी भीड़ जमा हो रही थी, लेकिन उनकी सुरक्षा का कोई इंतजाम नजर नहीं आ रहा था. बेटे की सुरक्षा को लेकर सोनिया गांधी इतनी घबरा गई थीं कि उन्होंने मदद के लिए हर उस व्यक्ति को फोन किया, जिससे संपर्क कर सकती थीं.

सोनिया गांधी के मुताबिक, हालात को देखते हुए कश्मीर में यात्रा एक दिन के लिए रोकनी पड़ी थी. सुरक्षा व्यवस्था दोबारा बहाल होने के बाद ही पदयात्रा आगे बढ़ी.

सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण में लिखा है कि कश्मीर में यात्रा के दौरान राहुल गांधी के आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे. इसी बीच उन्हें पता चला कि राहुल के सुरक्षा घेरे का कोई अता-पता नहीं है. उन्होंने लिखा, ‘राहुल के चारों ओर भारी भीड़ जमा हो रही थी और वहां उनकी सुरक्षा का कोई अता-पता नहीं था. वे किन कारणों से गायब हुए, यह वही बेहतर जानते होंगे.’

सोनिया ने बताया कि वह उस वक्त बेहद घबरा गई थीं. उन्होंने उन सभी लोगों को फोन किया, जिनसे संपर्क करना संभव था. आखिरकार सुरक्षा व्यवस्था बहाल होने तक यात्रा को एक दिन के लिए रोकने का फैसला किया गया.

संस्मरण में सोनिया गांधी ने राहुल के सुरक्षित घर लौटने के बाद अपनी भावनाओं का भी जिक्र किया है. उन्होंने लिखा, ‘मैं बता नहीं सकती कि उनके सुरक्षित लौटने पर मुझे कैसा महसूस हुआ. राहत थी कि वह सुरक्षित लौट आए. साथ ही, उनके संकल्प पर मुझे आश्चर्य हुआ. मुझे उन पर गर्व था.’

सोनिया के मुताबिक, लंबी पदयात्रा के कारण राहुल गांधी शारीरिक रूप से थके हुए नजर आ रहे थे, लेकिन उनके चेहरे पर एक अलग चमक थी, जिसे उन्होंने काफी समय से नहीं देखा था.

सोनिया गांधी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था बहाल होने के बाद भारत जोड़ो यात्रा फिर शुरू हुई और खराब मौसम के बीच श्रीनगर में इसका समापन हुआ. यात्रा के अंतिम चरण में राहुल गांधी के साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा, नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती भी शामिल हुए थे. सभी ने बर्फबारी के बीच पदयात्रा के अंतिम हिस्से में हिस्सा लिया.

सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण में भारत जोड़ो यात्रा को सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश में सद्भाव और एकता का संदेश फैलाने की कोशिश बताया है. उनके मुताबिक, यह यात्रा विपक्षी दलों को एकजुट करने और बीजेपी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का मुकाबला करने वाले राजनीतिक गठबंधन को आकार देने की दिशा में पहला अहम कदम थी.

खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव

QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें

QR Code

login



Source link