‘मुझे शूट कर दो, मेरा एनकाउंटर कर दो’, IPS भानु प्रताप से विवाद के बीच पत्नी पूजा सिंह पर FIR

‘मुझे शूट कर दो, मेरा एनकाउंटर कर दो’, IPS भानु प्रताप से विवाद के बीच पत्नी पूजा सिंह पर FIR


Last Updated:

खगड़िया के पूर्व एसपी और आईपीएस अधिकारी भानु प्रताप तथा उनकी पत्नी पूजा सिंह के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद अब नया मोड़ लेता दिख रहा है. पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने और न्याय की मांग को लेकर धरना देने वाली पूजा सिंह पर अब खगड़िया में एफआईआर दर्ज हुई है. पूजा सिंह के सात ही इसमें सात लोगों को नामजद किया गया है. मामले में थानाध्यक्ष ने गंभीर आरोप लगाया है जो पूजा सिंह की मुश्किलें बढ़ा सकती है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.

Zoom

IPS भानु प्रताप से विवाद के बीच पत्नी पूजा सिंह पर FIR

पटना/खगड़िया. बिहार पुलिस महकमे के चर्चित आईपीएस अधिकारी और खगड़िया के पूर्व एसपी भानु प्रताप सिंह तथा उनकी पत्नी पूजा सिंह का पारिवारिक विवाद अब एक बेहद गंभीर कानूनी और आपराधिक मामले में बदल चुका है. कुछ दिनों पहले पति के खिलाफ मोर्चा खोलने वाली पूजा सिंह पर अब खगड़िया पुलिस ने ही शिकंजा कस दिया है. इस कार्रवाई के तहत खगड़िया के मुफस्सिल थाने में पूजा सिंह सहित उनके मायके और करीबियों के कुल सात लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है. थानाध्यक्ष के स्व-बयान पर दर्ज हुए इस मामले में सरकारी काम में रुकावट डालने और ऑन-ड्यूटी पुलिस अधिकारी की सर्विस पिस्टल छीनने का प्रयास करने जैसे बेहद संवेदनशील आरोप लगाए गए हैं.

खगड़िया के मुफस्सिल थाने में सात लोगों पर नामजद केस

खगड़िया के मुफस्सिल थाने के थानाध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह के लिखित आवेदन पर थाना कांड संख्या 151/26 के तहत यह बड़ी कार्रवाई की गई है. पुलिस द्वारा दर्ज की गई इस एफआईआर में पूर्व एसपी की पत्नी पूजा सिंह को मुख्य आरोपी बनाया गया है. उनके अलावा पूजा सिंह की मां पुष्पा देवी पारीक, भाई नीरज कुमार पारीक, बहन आरती सिंह, बहनोई सोनू सिंह, मौसा प्रहलाद मिश्रा और उनके एक परिचित धनवंत सिंह राठौर को भी नामजद अभियुक्त बनाया गया है. इन सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 132, 352, 61(2)(a) और 3(5) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है. थानाध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि एसपी आवास के बाहर धरने के दौरान पूजा सिंह ने उनकी सर्विस पिस्टल पकड़ने की कोशिश की थी.

‘मुझे शूट कर दो, एनकाउंटर कर दो’ और पिस्टल पर झपट्टा

मुफस्सिल थानाध्यक्ष अमरजीत प्रताप सिंह द्वारा दर्ज कराए गए बयान के मुताबिक, यह पूरी घटना बीते 3 नवंबर 2026 की सुबह की है। पूजा सिंह अपने कुछ समर्थकों के साथ खगड़िया स्थित एसपी के सरकारी आवास के मुख्य प्रवेश द्वार पर धरने पर बैठ गई थीं. एसपी आवास परिसर में पुलिस की गोपनीय शाखा और जिला आसूचना इकाई (District Intelligence Unit) डीआईयू (DIU) जैसे कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्यालय संचालित होते हैं, जिसके चलते वहां अधिकारियों और वाहनों की निरंतर आवाजाही प्रभावित हुई. आरोप है कि जब पुलिस टीम ने पूजा सिंह को समझाने और मुख्य गेट से हटने का आग्रह किया, तो वह अचानक उग्र हो गईं. उन्होंने थानाध्यक्ष की सरकारी सर्विस पिस्टल को पकड़कर खींचने का प्रयास किया और चीखते हुए कहा, “मुझे शूट कर दो, मेरा एनकाउंटर कर दो.”

पत्नी के आरोपों के बाद हटाए गए थे एसपी भानु प्रताप

बता दें कि यह हाई-प्रोफाइल विवाद पिछले कई दिनों से पूरे बिहार में सुर्खियां में है. वर्ष 2021 बैच के आईपीएस अधिकारी भानु प्रताप सिंह की पत्नी पूजा सिंह ने इससे पहले पटना के महिला थाने में अपने पति, ससुर और ननद-नंदोई के खिलाफ प्रताड़ना, मारपीट और अपनी 6 साल की बेटी को जबरन दूर रखने का गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी. न्याय की गुहार लगाते हुए पूजा सिंह पटना में मुख्यमंत्री आवास और पुलिस मुख्यालय के बाहर भी धरने पर बैठ चुकी थीं. यह भी बता दें कि इस पारिवारिक विवाद को बढ़ता देख राज्य के गृह विभाग ने तुरंत संज्ञान लिया था और भानु प्रताप सिंह को खगड़िया के एसपी पद से हटाते हुए पटना पुलिस मुख्यालय में योगदान देने का आदेश जारी किया था.

कानूनी तफ्तीश के दायरे में आया अब मायका पक्ष

आईपीएस भानु प्रताप सिंह को खगड़िया से हटाए जाने के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि यह मामला अब कोर्ट के जरिए ही सुलझेगा, क्योंकि भानु प्रताप सिंह की तरफ से आए बयानों में केवल न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा जताने की बात कही गई थी. लेकिन अब खगड़िया पुलिस द्वारा खुद पूर्व एसपी की पत्नी और उनके पूरे मायके पक्ष पर लोक शांति भंग करने, आवागमन बाधित करने और पुलिस पर हमलावर होने के आरोपों में मामला दर्ज किए जाने से पूजा सिंह की मुश्किलें काफी बढ़ सकती हैं. पुलिस अब इस मामले से जुड़े साक्ष्यों और मौके के वीडियो फुटेज के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी में जुट गई है.



Source link