बेंगलुरु. कर्नाटक हाईकोर्ट में पति-पत्नी के विवाद का एक ऐसा मामला पहुंचा, जिसने सबको हैरान कर दिया. होसापेटे के एक राजनेता ने कोर्ट में दावा किया कि उनकी पत्नी अब तक 9 शादियां कर चुकी है और वह खुद उसका सातवां पति है. इतना ही नहीं, राजनेता ने आरोप लगाया कि महिला पहले शादी करती है फिर पति से विवाद करती है और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा देती है. हालांकि, महिला ने इन सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उसने नौ नहीं, बल्कि सिर्फ चार शादियां की हैं. दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कर्नाटक हाईकोर्ट ने राजनेता के खिलाफ चल रहे क्रूरता के आपराधिक मामले की कार्यवाही रद्द कर दी.
इस मामले की सुनवाई जस्टिस एम. नागप्रसन्ना की अदालत में हुई. कोर्ट ने कहा कि शिकायत में लगाए गए आरोप बेहद सामान्य और अस्पष्ट हैं. इनमें ऐसे ठोस तथ्य नहीं हैं, जिनके आधार पर आपराधिक मुकदमा चलाया जा सके.
‘मेरी पत्नी ने 9 शादियां की हैं, मैं उसका सातवां पति हूं’
मामला कर्नाटक के होसापेटे के एक राजनेता और उडुपी की एक महिला के बीच वैवाहिक विवाद से जुड़ा है. महिला ने राजनेता के खिलाफ दहेज की मांग को लेकर क्रूरता करने का आरोप लगाया था. इस शिकायत के आधार पर उडुपी की अदालत में आपराधिक कार्यवाही चल रही थी. राजनेता ने इस कार्यवाही को चुनौती देते हुए कर्नाटक हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया. उन्होंने अदालत में दावा किया कि शिकायतकर्ता महिला ने वर्ष 2004 से अब तक नौ शादियां की हैं. उस समय महिला की उम्र करीब 16 साल थी. याचिकाकर्ता का कहना था कि वह महिला का सातवां पति है. अपने दावे के समर्थन में उसने कुछ दस्तावेज भी अदालत के सामने रखे.
पहले शादी, फिर झगड़ा और उसके बाद मुकदमा…
राजनेता ने अदालत में महिला के वैवाहिक इतिहास को लेकर कई आरोप लगाए. उसका दावा था कि महिला हर शादी के बाद एक जैसा तरीका अपनाती रही है. याचिकाकर्ता के अनुसार, महिला पहले शादी करती है, फिर पति से विवाद शुरू होता है. इसके बाद वह कानूनी शिकायत दर्ज कराती है और आखिर में समझौते के जरिए विवाद खत्म हो जाता है. राजनेता ने कहा कि महिला के पिछले विवाहों से जुड़े दस्तावेज उसके दावों का समर्थन करते हैं. हालांकि, महिला ने इन दस्तावेजों की सत्यता पर ही सवाल उठा दिए.
पत्नी बोली- 9 नहीं, मैंने सिर्फ 4 शादियां की हैं
दूसरी ओर, महिला ने हाईकोर्ट में राजनेता के सभी आरोपों को गलत बताया. उसका कहना था कि उसने जीवन में केवल चार शादियां की हैं. महिला ने दावा किया कि हर नई शादी से पहले उसने पिछली शादी से कानूनी तौर पर तलाक या इस्लामिक कानून के तहत ‘खुला’ लिया था. इसलिए उसकी कोई भी दो शादियां एक ही समय पर नहीं चल रही थीं. महिला ने यह भी आरोप लगाया कि याचिकाकर्ता ने जिन विवाह प्रमाणपत्रों के आधार पर उसे नौ बार शादी करने वाली महिला बताया है, वे सभी फर्जी हैं. उसने अदालत में कहा कि राजनेता के खिलाफ दहेज की मांग और क्रूरता के आरोपों के समर्थन में सबूत मौजूद हैं. इसलिए उसके खिलाफ आपराधिक कार्यवाही जारी रहनी चाहिए.
हाईकोर्ट ने क्यों रद्द किया पति के खिलाफ मामला?
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद जस्टिस एम. नागप्रसन्ना ने मामले में महत्वपूर्ण टिप्पणी की. अदालत ने कहा कि शिकायत और जांच के दौरान जुटाई गई सामग्री का अध्ययन करने से पता चलता है कि आरोप सामान्य और अस्पष्ट हैं. इनमें ऐसे ठोस तथ्य नहीं हैं, जिनसे प्रथम दृष्टया किसी आपराधिक अपराध के जरूरी तत्व सामने आते हों. कोर्ट ने स्पष्ट किया कि केवल चार्जशीट दाखिल हो जाने से ऐसे आरोप मजबूत नहीं हो जाते, जिनमें शुरुआत से ही किसी अपराध के जरूरी तत्व दिखाई नहीं देते. इसी आधार पर हाईकोर्ट ने राजनेता की याचिका स्वीकार करते हुए उसके खिलाफ चल रही आपराधिक कार्यवाही रद्द कर दी.
‘किसी का वैवाहिक इतिहास असामान्य हो सकता है, लेकिन…’
इस मामले में हाईकोर्ट ने एक और अहम टिप्पणी की. अदालत ने कहा कि आपराधिक कानून का इस्तेमाल किसी व्यक्ति की निजी मांगों को पूरा करने के आसान साधन के तौर पर नहीं किया जा सकता. साथ ही अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति का वैवाहिक इतिहास चाहे कितना भी असामान्य क्यों न हो, सिर्फ उसी आधार पर उसके लगाए गए आपराधिक आरोपों को झूठा नहीं माना जा सकता. यानी अदालत ने यह नहीं कहा कि महिला ने नौ शादियां की हैं या उसका वैवाहिक इतिहास ही उसके खिलाफ मामला रद्द करने का आधार है.