‘तुम मेरा अंतिम संस्कार करना…’ दो मुस्लिम भाइयों ने निभाया बेटे का फर्ज
Last Updated:
केरल के वायनाड में दो मुस्लिम भाइयों ने 85 साल की हिंदू महिला को अपनी मां की तरह माना. करीब 50 साल तक उनका ख्याल रखा. जब कल्याणी अम्मा का निधन हुआ, तो दोनों भाइयों ने उनकी आखिरी इच्छा पूरी की.
मुस्लिम भाइयों ने किया हिंदू महिला का अंतिम संस्कार(AI Image generated)
वायनाड: रिश्ते सिर्फ खून से नहीं बनते, कभी-कभी प्यार और अपनापन भी किसी को अपना बना लेते हैं. केरल के वायनाड में ऐसा ही एक भावुक मामला सामने आया है. यहां दो मुस्लिम भाइयों ने 85 साल की हिंदू महिला को अपनी मां की तरह माना. करीब 50 साल तक उनका ख्याल रखा. जब कल्याणी अम्मा इस दुनिया से विदा हुईं, तो दोनों भाइयों ने उनकी आखिरी इच्छा पूरी की.
परिवार से जुड़े सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि मुप्पैनाद पंचायत के चित्रगिरी में रहने वाली कल्याणी अम्मा का निधन हो गया. उनका कोई बच्चा या अन्य रिश्तेदार नहीं था. ऐसे में, रज्जाक और सुलेमान आगे आए और उन्होंने हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार किया.
इन दोनों भाइयों और उनके परिवार के कल्याणी अम्मा के साथ बहुत करीबी रिश्ते थे और वे लगभग 50 वर्षों से उनके पड़ोसी थे. उन्होंने हमेशा कल्याणी अम्मा का ख्याल रखा, उनकी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा किया, दवाओं का इंतजाम किया और जरूरत पड़ने पर उन्हें अस्पताल भी ले गए.
कल्याणी अम्मा रज्जाक और सुलेमान के पारिवारिक उत्सवों में भी शामिल होती थीं और समय के साथ उनके बीच का स्नेह और गहरा होता गया. परिवार के लोगों ने बताया कि कल्याणी अम्मा की इच्छा थी कि उनके निधन के बाद रज्जाक और सुलेमान ही उनका अंतिम संस्कार करें जिन्हें वह अपने सगे बेटों की तरह मानती थीं. उनकी इस इच्छा का सम्मान करते हुए दोनों भाइयों ने स्थानीय हिंदू श्मशान घाट पर हिंदू परंपराओं के अनुसार उनकी चिता को मुखाग्नि दी और अंतिम संस्कार की सभी रस्में पूरी कीं.