Last Updated:
Investing In SIP For First Time: युवाओं में SIP का चलन तेजी से बढ़ रहा है. इक्विटी म्यूचुअल फंड में पैसा शेयर बाजार में लगता है और इसमें रिटर्न की कोई गारंटी नहीं होती. इकोनॉमिस्ट आकाश जिंदल के मुताबिक, लंबी अवधि के निवेश से वेल्थ क्रिएशन की अच्छी संभावना हो सकती है.
दिल्ली. आजकल नौकरीपेशा लोगों से लेकर युवाओं तक में SIP के जरिए निवेश करने का चलन तेजी से बढ़ रहा है. SIP निवेश करने का एक तरीका है, जिसके जरिए लोग इक्विटी म्यूचुअल फंड समेत दूसरे तरह के म्यूचुअल फंड में पैसा लगा सकते हैं. हर महीने एक छोटी रकम निवेश करके बड़ा फंड बनाने की उम्मीद में लोग SIP शुरू तो कर देते हैं, लेकिन कई बार उन्हें यह जानकारी नहीं होती कि उनका पैसा आखिर कहां लगाया जा रहा है और इसमें कितना जोखिम है. ऐसे में इक्विटी म्यूचुअल फंड में SIP शुरू करने से पहले शेयर बाजार से जुड़ी कुछ बुनियादी बातें समझना बेहद जरूरी है.
कहां लगता है पैसा
इकोनॉमिस्ट आकाश जिंदल के मुताबिक, इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश करने का मतलब है कि आपका पैसा आखिरकार शेयर बाजार में लगाया जा रहा है. म्यूचुअल फंड कई निवेशकों से पैसा इकट्ठा करता है और फिर एक प्रोफेशनल फंड मैनेजर उस रकम को अलग-अलग कंपनियों के शेयरों में निवेश करता है. इस तरह निवेशकों का पैसा अलग-अलग शेयरों में बंट जाता है. इसे डायवर्सिफिकेशन कहा जाता है. इससे सीधे किसी एक कंपनी के शेयर में पैसा लगाने के मुकाबले जोखिम कम करने में मदद मिल सकती है.
FD नहीं है SIP
आकाश जिंदल का कहना है कि निवेशकों को यह बात हमेशा याद रखनी चाहिए कि इक्विटी म्यूचुअल फंड में SIP करना किसी बैंक की FD में पैसा जमा करने जैसा नहीं है. इसमें रिटर्न की कोई गारंटी नहीं होती. शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव का सीधा असर आपके निवेश पर पड़ता है. बाजार में गिरावट आने पर आपके निवेश की वैल्यू कम भी हो सकती है. इसलिए SIP शुरू करने से पहले यह समझना जरूरी है कि इसमें जोखिम भी है और रिटर्न बाजार के प्रदर्शन पर निर्भर करता है.
लंबी अवधि का फायदा
इक्विटी म्यूचुअल फंड का एक फायदा यह है कि इसमें आपका पैसा किसी प्रोफेशनल फंड मैनेजर की देखरेख में अलग-अलग कंपनियों में निवेश किया जाता है. इससे निवेश का जोखिम फैलाने में मदद मिलती है, हालांकि जोखिम पूरी तरह खत्म नहीं होता. जिंदल के मुताबिक, जो लोग लंबे समय के नजरिए से निवेश करते हैं, उनके लिए इक्विटी म्यूचुअल फंड में वेल्थ क्रिएशन की अच्छी संभावना हो सकती है. निवेशकों को बाजार की छोटी अवधि की गिरावट देखकर घबराने के बजाय अपने निवेश के उद्देश्य और समय को ध्यान में रखना चाहिए.
नौकरी से करें शुरुआत
आकाश जिंदल सलाह देते हैं कि जैसे ही किसी युवा की नौकरी शुरू हो, उसे अपनी कमाई का एक छोटा हिस्सा निवेश करना शुरू कर देना चाहिए. उदाहरण के तौर पर अगर किसी व्यक्ति की महीने की सैलरी 40 हजार रुपये है, तो वह शुरुआत में 1,000 रुपये महीने की SIP कर सकता है. इससे निवेश की आदत बनती है और समय के साथ अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार निवेश की रकम बढ़ाई जा सकती है.
इन बातों का रखें ध्यान
निवेशकों को अपने म्यूचुअल फंड और उसमें निवेश की जा रही रकम के बारे में बुनियादी जानकारी जरूर रखनी चाहिए. अगर वे किसी फाइनेंशियल एडवाइजर की मदद से निवेश कर रहे हैं, तो उसके संपर्क में रहें और समय-समय पर अपने पोर्टफोलियो की जानकारी लेते रहें. केवल दूसरों को देखकर या बिना समझे SIP शुरू न करें. अपनी जरूरत, निवेश की अवधि और जोखिम उठाने की क्षमता को ध्यान में रखकर ही निवेश का फैसला लें.