शादी एक बार होती है इसलिए… अनंत सिंह के होने वाले समधी का एक्सक्लूसिव इंटरव्यू, बोले- बहू के कदम पड़ेंगे तो…

शादी एक बार होती है इसलिए… अनंत सिंह के होने वाले समधी का एक्सक्लूसिव इंटरव्यू, बोले- बहू के कदम पड़ेंगे तो…


Last Updated:

Exclusive interview of Anant Singh Samdhi Ranvijay Kumar: मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी को लेकर बिहटा में भी तैयारियां जोर पर हैं. बिहटा के रामकृष्णा नगर में वह मकान तैयार हो रहा है, जहां शिवांगी बहू बनकर पहुंचेंगी. यह मकान उनके होने वाले ससुर रणविजय कुमार बनवा रहे हैं. न्यूज 18 संवाददाता अमरजीत शर्मा से एक्सक्लूसिव बातचीत में उन्होंने शादी की तैयारियों, रिश्ते के जुड़ने और बहू के स्वागत की पूरी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि शादी एक ही बार होती है, इसलिए हर तैयारी को सबसे बेहतर तरीके से किया जा रहा है. पूरी खबर विस्तार से पढ़िए.

बिहार के सबसे चर्चित राजनीतिक चेहरों में शुमार और पूर्व विधायक बाहुबली अनंत कुमार सिंह (Anant Singh) के घर जल्द ही शहनाई बजने वाली है. अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह (Shivangi Singh) बहुत जल्द बिहटा के एक संभ्रांत परिवार की बहू बनने जा रही हैं. इस हाई-प्रोफाइल शादी को लेकर बिहटा के रामकृष्णा नगर में तैयारियां बेहद जोर-शोर से चल रही हैं. अनंत सिंह के होने वाले समधी रणविजय कुमार ने न्यूज 18 संवाददाता अमरजीत शर्मा से खास बातचीत में इस रिश्ते को लेकर अपनी खुशी और उत्साह जाहिर किया है. उन्होंने बताया कि उनकी बहू के स्वागत के लिए पटना के बिहटा में एक खास नया आशियाना भी तैयार किया जा रहा है. अनंत सिंह के होने वाले समधी ने यह भी बताया कि इस खास शादी को लेकर पूरा परिवार ही नहीं, बल्कि आसपास के गांव के लोग भी बेहद उत्साहित हैं.

अमेरिका में काम करते हैं अनंत सिंह के होने वाले दामाद

अनंत सिंह के होने वाले समधी देव कुमार ने बताया कि उनका बेटा बेहद होनहार है और उसने गुजरात के गांधीनगर (अहमदाबाद) से अपनी इंटरमीडिएट (12वीं) तक की पढ़ाई पूरी की थी. इसके बाद वह उच्च शिक्षा (Higher Education) के लिए सीधे अमेरिका (US) चला गया. वर्तमान में उनका बेटा अमेरिका में ही एक अच्छी कंपनी में कार्यरत है और वहीं से नौकरी कर रहा है. बेटे की शादी तय होने के बाद पूरा परिवार खुशी से झूम रहा है और अमेरिका से लेकर बिहार तक शादी की रस्मों और भव्य आयोजन की रूपरेखा तैयार की जा रही है.

सुरक्षा बल में तैनात हैं समधी रणविजय कुमार, दिल्ली से लौटे बिहार

बातचीत के दौरान जब रणविजय कुमार से उनके पेशे के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि वह देश की सुरक्षा सेवा (फोर्स) में कार्यरत हैं और वर्तमान में उनकी पोस्टिंग देश की राजधानी दिल्ली में है. सुरक्षा कारणों और नियमों के चलते उन्होंने अपने पद के बारे में ज्यादा खुलासा नहीं किया. वह सोमवार की शाम को दिल्ली से छुट्टी लेकर बिहार पहुंचे हैं, ताकि शादी की व्यवस्थाओं को खुद संभाल सकें. उन्होंने यह भी साझा किया कि दिल्ली में रहने के कारण अभी तक उनकी मुलाकात खुद अनंत कुमार सिंह से नहीं हो पाई है, लेकिन वे जल्द ही उनसे मिलेंगे.

बहू शिवांगी के पहले कदम के लिए सज रहा है नया मकान

बिहटा के रामकृष्णा नगर में इस समय एक नया मकान तेजी से बनकर तैयार हो रहा है. रणविजय कुमार ने बताया कि वे मूल रूप से बिहटा के पास स्थित ‘घोड़ा टॉप’ गांव के निवासी हैं. आमतौर पर उनका परिवार इस नए मकान में नहीं रहता है, लेकिन अपनी होने वाली बहू शिवांगी के स्वागत के लिए उन्होंने विशेष रूप से इस घर का निर्माण करवाया है. इस मकान में अभी तक गृह प्रवेश भी नहीं हुआ है. जब शादी के बाद बहू पहली बार ससुराल आएगी, तो इसी नए घर में उसके कदम पड़ेंगे और पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाज के साथ उसका भव्य स्वागत कर गृह प्रवेश कराया जाएगा.

पटना के रिजॉर्ट में होगा तिलक और अनंत सिंह के गांव जाएगी बारात

शादी के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए देव कुमार ने बताया कि तिलक समारोह पटना के ही एक बड़े आलीशान रिजॉर्ट में आयोजित किया जाएगा. इसके बाद बारात सीधे पूर्व विधायक अनंत कुमार सिंह के पैतृक गांव जाएगी. जब उनसे पूछा गया कि क्या अनंत सिंह की तरह उनका परिवार भी घोड़ों का शौकीन है और क्या दूल्हा घोड़े पर सवार होकर जाएगा, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि वे फोर्स में हैं और उनकी ट्रेनिंग में हॉर्स राइडिंग (घुड़सवारी) और ड्राइविंग दोनों सिखाई जाती है. अनंत सिंह के घोड़ों के शौक के बारे में वे जानते हैं और उन्हें भी यह बेहद पसंद है. बारात को बेहद यादगार और शानदार बनाने की पूरी कोशिश की जा रही है.

पूरे इलाके में उत्सव का माहौल, बहू को लक्ष्मी मान रहे ग्रामीण

इस रिश्ते से रणविजय कुमार का पूरा परिवार खुद को बेहद सम्मानित और गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि अनंत सिंह का परिवार एक बड़ा समाजसेवक परिवार है और उनसे संबंध जुड़ना सौभाग्य की बात है. रणविजय कुमार का मानना है कि शादियां भगवान के घर से तय होकर आती हैं और यह रिश्ता भी ईश्वर की मर्जी से हुआ है. केवल परिवार ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण और रिश्तेदार भी इस शादी को लेकर बेहद उत्साहित हैं. गांव के लोगों का कहना है कि वे इस शादी से बेहद खुश हैं और जल्द ही बारात लेकर जाने का इंतजार कर रहे हैं ताकि अनंत सिंह की बेटी को लक्ष्मी स्वरूप में अपने घर ला सकें.



Source link