Last Updated:
Tulsi Meena Success Story: राजस्थान के जमवारामगढ़ की तुलसी मीणा ने अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो फतह कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है. उन्होंने वहां भारतीय तिरंगा फहराने के साथ दुनिया को ‘सेव गर्ल चाइल्ड’ का संदेश दिया. केसीसी के सीएसआर सहयोग से उनका अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहण का सपना साकार हुआ. अब तुलसी मीणा ऑस्ट्रेलिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट कोज़ियस्ज़को पर तिरंगा फहराकर एक और नया कीर्तिमान स्थापित करना चाहती हैं.
राजस्थान की बेटी तुलसी मीणा ने रचा इतिहास
झुंझुनूं: हौसलों की उड़ान जब सामाजिक सहयोग का साथ पाती है, तो सफलता की ऊंचाइयां भी छोटी पड़ जाती हैं. आर्थिक अभावों के बावजूद बड़े सपने देखने वाली जमवारामगढ़ की आदिवासी बेटी तुलसी मीणा ने अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो पर पहुंचकर भारतीय तिरंगा फहराया है. तुलसी की इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि में हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) की खेतड़ी कॉपर कॉम्प्लेक्स (केसीसी) इकाई के सीएसआर सहयोग ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
तुलसी ने पर्वतारोहण के जरिए दुनिया को ‘सेव गर्ल चाइल्ड’ का संदेश देकर बेटियों के सम्मान और सशक्तिकरण की आवाज भी बुलंद की. आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाली तुलसी मीणा के लिए अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहण अभियान में शामिल होना आसान नहीं था. प्रतिभा, साहस और दृढ़ संकल्प होने के बावजूद आर्थिक संसाधनों की कमी उनके सपनों के रास्ते में बड़ी बाधा थी. ऐसे समय में हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड की केसीसी इकाई ने सीएसआर योजना के तहत आर्थिक सहयोग प्रदान कर उनके अभियान को संभव बनाया.
हिम्मत नहीं हारी और सफलता हासिल कर देश का गौरव बढ़ाया
एचसीएल के सहयोग से तुलसी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला.तुलसी मीणा ने समुद्र तल से 19,341 फीट की ऊंचाई पर स्थित माउंट किलिमंजारो की चोटी पर पहुंचकर तिरंगा फहराया. उनका पर्वतारोहण अभियान 27 अक्टूबर को तंजानिया के मोशी शहर से शुरू हुआ था. 360 एक्सप्लोरर की ओर से आयोजित इस अभियान के दौरान तुलसी को कम ऑक्सीजन, कड़ाके की ठंड, गिरते तापमान और कठिन पर्वतीय परिस्थितियों का सामना करना पड़ा. तमाम चुनौतियों के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और सफलता हासिल कर देश का गौरव बढ़ाया.
भविष्य के लिए प्रेरणा बनी तुलसी की यह ऐतिहासिक सफलता
तुलसी मीणा की इस अभूतपूर्व सफलता ने न केवल खेतड़ी और झुंझुनूं बल्कि पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है. उनकी यह उपलब्धि साबित करती है कि यदि जरूरतमंद और प्रतिभाशाली युवाओं को समय पर उचित मंच और वित्तीय सहायता मिल जाए, तो वे विपरीत परिस्थितियों को मात देकर किसी भी मुकाम को हासिल कर सकते हैं. स्थानीय प्रशासन, विभिन्न सामाजिक संगठनों और औद्योगिक इकाइयों ने उनकी इस महान उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए एक मील का पत्थर बताया है. यह साहसिक कदम देश की अन्य बालिकाओं को भी अपने सपनों की उड़ान भरने और हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा.