Last Updated:
Burhanpur News: बुरहानपुर में एक किसान ने गर्भवती गाय की गोदभराई की है और गांव-वालों को भोज भी दिया है. भोज में किसान ने रिश्तेदारों को भी बुलाया. बाद में पूजा-अर्चना भी की गई. आयोजन में खिलौने को प्रतीकात्मक बच्चा मानकर पालने में झुलाया गया. अब किसान के इस पहल की खूब तारीफ हो रही है.
बुरहानपुर में गर्भवती गाय की कराई गोदभराई
इंसान और पशु के बीच बुरहापुर में आत्मीयता का एक अलग ही रिश्ता देखने को मिला है, जब बुरहानपुर में एक शख्स और उसकी पत्नी ने गर्भवती गौमाता की गोदभराई कार्यक्रम आयोजित किया. इसमें गांव वालों को भोज भी खिलाया गया. कार्यक्रम के लिए बड़ी संख्या में इसके लिए रिश्तेदारों को आमंत्रित किया गया था. अब इस कार्यक्रम की खूब चर्चा हो रही है.
बुरहानपुर जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर बोरसर गांव के रहने वाले किसान हरिभाऊ चौधरी और उनकी पत्नी बेबाबाई चौधरी ने गर्भवती गौमाता के लिए गोदभराई कार्यक्रम किया. दोनों ने गौमाता को परिवार का सदस्य माना और उनका दुल्हन की तरह श्रृंगार किया. इसके बाद पूजा अर्चना की. बाद में महिलाओं ने पारंपरिक रस्में निभाईं. बताया जा रहा है कि किसान दंपति ने गाय को लक्ष्मी माना है. इसी वजह से धूमधाम से गोदभराई की.
क्या बोलीं किसान बेबाबाई चौधरी
महाराष्ट्र की डोहाळे जेवण परंपरा की तर्ज पर हुए इस आयोजन में खिलौने को प्रतीकात्मक बच्चा मानकर पालने में झुलाया गया. किसान बेबा बाई चौधरी ने बताया कि गौमाता उनके परिवार की सदस्य हैं, हमारे परिवार में जब भी कोई महिला गर्भवती रहती है तो गोद भराई कराते हैं. उनके आने के बाद सुख-समृद्धि और खुशियों की बहार है.
रिश्तेदारों को दिया गया भोज
गोदभराई कार्यक्रम के बाद सभी लोगों के लिए भोज किया गया. इसके लिए खास तौर पर हलवाई लगाए गए थे. बाद में भजन-कीर्तन से माहौल भक्तिमय हो गया. रिश्तेदारों और ग्रामीणों की मौजूदगी में चौधरी परिवार ने खुशियां मंनाईं. वहीं किसान रमाकांत मोरे ने इस पहल को पशु प्रेम और सामाजिक सद्भाव की शानदार मिसाल बताया. उन्होंने कहा कि पशु हमें काफी कुछ देते हैं. हमें भी उनके लिए काफी कुछ करना चाहिए.
किसानों ने धूम-धाम से मनाया पड़वा पर्व
मध्य प्रदेश के खरगोन में ही पहाड़ सिहपुरा में पशुधन को सजाकर किसानों ने पड़वा पर्व मनाया है. घर-घर गोबर के गोवर्धन पर्वत बनाए गए. इसके अलावा ब्रज की तर्ज पर गोवर्धन पूजा की है. पशुओं को फूल-मालाओं और रंग-गुलाल से सजाया गया है. इसके अलावा मिष्ठान खिलाकर पारंपरिक सवारी निकाली गई है.
रघुवंशी, मारू, दांगी और पाल-गड़रिया समाजा में गोवर्धन पूजा का खास महत्व होता है. सदियों पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए पशुओं को नहलाया गया है. इसके अलावा पूजा अर्चना करके सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा गया है.
(रिपोर्ट-गनेश कुमार)