अमेरिका में फिर जासूसी का बड़ा मामला सामने आया है. अमेरिका खुफिया एजेंसियों के मुताबिक चीन की एक कथित जासूस ने एनवीडिया के प्रमुख के करीब पहुंच अमेरिक एआई चिप उद्योग से जुड़ी जानकारी जुटाने की कोशिश की. महिला का नाम एलिस हुआंग बताया गया है जो जो सिंगापुर की एक डेटा सेंटर कंपनी से जुड़ी थी. एनवीडिया चीफ ने खुद उस महिला से नजदीकी बात स्वीकारते हुए अपनी वाइफ से माफी मांगी है.
एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग से जुड़े जासूसी के इस नए मामले ने एक बार फिर अमेरिका की चिंता बढ़ा दी है. यह मामला इसलिए बड़ है क्योंकि Nvidia दुनिया की सबसे महत्वपूर्ण AI चिप कंपनियों में से एक है. इसके बनाए GPU का इस्तेमाल एआई मॉडल को ट्रेंड करने और सुपरकंप्यूटर चलाने और डेटा सेंटर बनाने में होता है.
एआई की दुनिया में जिस देश के पास सबसे ज्यादा ताकतवर कंप्यूटिंग क्षमता होगी, उसे दुनिया में तकनीकी बढ़त हासिल हो जाएगी. एनवीडिया के H100, H200 और Blackwell सीरीज के चिप इसी काम में इस्तेमाल होते हैं. इनकी खासियत उनकी प्रोसेसिंग क्षमता नहीं बल्कि डिजाइन, मेमोरी बैंडविड्थ समेत अन्य खूबियां हैं. चीन के लिए यह तकनीक जानना इसलिए जरूरी है, क्योंकि अमेरिका ने हाईटेक चिप्स के निर्यात पर बैन लगाया हुआ है.
अमेरिका और चीन के बीच सैन्य प्रतिस्पर्धा जग जाहिर है. चीन अपनी सैन्य क्षमता को लगातार आधुनिक बना रहा है. ऐसे में अमेरिकी हथियारों, रडार, सैटेलाइट और मिसाइल तकनीक से जुड़ी जानकारी उसके लिए अहम साबित हो सकती है. CSIS की एक रिपोर्ट के मुताबिक अगर चीन को अमेरिका की कमजोरियों का पता चल जाए तो वह भविष्य में इसका फायदा उठा सकता है. अमेरिकी थिंक टैंक CSIS के मुताबिक सन् 2000 के बाद ऐसे 224 मामले सामने आ चुके हैं जिनमें चीन ने जासूसी के जरिए सैन्य तकनीक हासिल करने की कोशिश की है.
चीन की जासूसी का मकसद कंपनियों की ऐसी जानकारियां हासिल करना भी है, जो बाजार में उसका मुकाबला कर सकती हैं या उससे आगे निकल सकती हैं. खासतौर से नई तकनीकों को लेकर. अगर चीन तकनीकी जानकारी हासिल कर लेता है तो वह उससे संबंधित सुविधाएं, प्रोडक्ट अपने यहां शुरू कर सकता है. एनवीडिया के मामले में भी चीन का टारगेट ऐसा ही हो सकता है. अमेरिकी FBI का कहना है कि चीन से जुड़े आर्थिक जासूसी प्रयासों में अमेरिकी कंपनियां लगातार निशाने पर रहती हैं.
अमेरिका ने चीन को उन्नत सेमीकंडक्टर और AI तकनीक मिलने से रोकने के लिए निर्यात पर कंट्रोल किया है. इन नियमों के तहत कुछ खास चिप्स और तकनीकी उपकरणों की चीन को बिक्री पर प्रतिबंध या लाइसेंस की शर्तें लागू हैं. ऐसे में चीन के लिए यह जानना महत्वपूर्ण हो सकता है कि अमेरिकी सरकार आगे कौन-से प्रतिबंध लगाने वाली है, किन कंपनियों को छूट मिल सकती है और किन देशों के रास्ते तकनीक की आपूर्ति जारी रह सकती है.एनवीडिया का मामला भी इसी मुद्दे से जुड़ता है. रॉयटर्स की रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को शक है कि कथित जासूसी प्रयास का उद्देश्य सिर्फ कंपनी की तकनीकी जानकारी जुटाना नहीं, बल्कि चीन को उन्नत AI चिप्स की उपलब्धता से जुड़े फैसलों को प्रभावित करना भी हो सकता है.
चीन जिस तरह से जासूसी कर रहा है, उसका टारगेट अहम पदों पर बैठे व्यक्तियों के करीब पहुंचकर उनकी सोच, कारोबारी योजनाओं और फैसलों से जुड़ी जानकारी हासिल करना है. ऐसे लोग सरकार में मंत्री, सैन्य अधिकारी, वैज्ञानिक और बड़ी कंपनी के CEO हो सकते हैं. एनवीडिया केस में यही पहलू सबसे ज्यादा चर्चा में है. अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के कथित आकलन के मुताबिक, एलिस हुआंग के जरिए जेन्सेन हुआंग और Nvidia से जुड़ी जानकारी हासिल करने की कोशिश की गई हो सकती है. अमेरिकी थिंक टैंक CSIS की एक रिपोर्ट में जासूसी के पांरपरिक तरीकों के साथ साथ साइबर हमले निजी संपर्कों के जरिए जानकारी जुटाने और प्रभाव बनाने की कोशिशों के बारे में भी बताया गया है.
CSIS की एकरिसर्च के मुताबिक चीन की ओर से अब तक अमेरिका की जासूसी के जो भी प्रयास किए गए हैं, उनमें 46 प्रतिशत मामले ऐसे थे, जिनमें साइबर जासूसी की गई. इसके अलावा 54 प्रतिशत मामले ऐसे थे, जिसमें मानवीय नेटवर्क का इस्तेमाल किया गया. इसमें कंपनियों के कर्मचारी, शोधकर्ताओं या महत्वपूर्ण अधिकारियों को हनी ट्रैप में फंसाकर जानकारी हासिल करने के मामले शामिल थे.
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें
login