चीन की ‘सस्ते माल वाली सुनामी’, कमा ल‍िए 1 ट्रिलियन डॉलर, ट्रंप के बेचैन करेंगे ये आंकड़े

चीन की ‘सस्ते माल वाली सुनामी’, कमा ल‍िए 1 ट्रिलियन डॉलर, ट्रंप के बेचैन करेंगे ये आंकड़े


चीन की इकॉनमी ने जबरदस्‍त वापसी की है. प्रॉपर्टी बाजार की भले ही लंका लगी हो, लेकिन चीन ने 2026 के पहले दस महीनों में 1.04 ट्रिलियन डॉलर यानी करीब 10 खरब डॉलर का ट्रेड सरप्लस हास‍िल कर ल‍िया है. मतलब, दुनिया भर से पैसा खींचने में उसने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए. अक्टूबर में उनका एक्‍सपोर्ट 35.2% उछल गया. एक तरफ चीन मोटी कमाई कर रहा है, तो दूसरी ओर अमेर‍िका समेत तमाम देशों की हालत पतली होती जा रही है.

दरअसल, पूरी दुनिया पर आजकल एआई का भूत सवार है. एआई चिप्स, डेटा सर्वर और आधुनिक उपकरणों की मांग आसमान छू रही है. और चीन इसी नई लहर का फायदा उठाकर पैसा छाप रहा है. पिछले महीने चीन का एक्‍सपोर्ट 35.2% बढ़कर 412.3 अरब डॉलर हो गया, जबकि इंपोर्ट भी 41.6% की छलांग के साथ 307.1 अरब डॉलर रहा. बड़े अर्थशास्त्रियों का भी यही मानना है कि निर्यातक ही इस साल चीन की डूबती नैया के असली खेवनहार बने हैं.

अमेरिका में भी जबरदस्‍त ड‍िमांड

एक तरफ अमेरिका भयंकर ट्रेड डेफिसिट यानी व्‍यापार घाटे के बोझ तले दब रहा है, वहीं चीन लगातार अपने मुनाफे से तिजोरी भर रहा है. तनातनी के बाद भी पिछले महीने अमेरिका को होने वाले चीन के एक्‍स्‍पोर्ट में 32.9% का तगड़ा उछाल दिखा. मतलब, अमेरिका वाले चीनी माल के बिना रह ही नहीं पा रहे हैं. लेकिन चीन की यह रफ्तार बाकी देशों के लिए सिरदर्द बन गई है. उन्हें डर है कि चीन का सस्ता माल उनके स्थानीय बाजार को पूरी तरह से तबाह कर देगा.

ट्रंप-ज‍िनपिंग का होने वाला है आमना सामना

ये आंकड़े उस वक्त सामने आए हैं, जब अगले हफ्ते शेनझेन में एक हाईलेवल मीटिंग होने जा रही है. एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग बिल्कुल आमने-सामने होंगे. दुनिया भर के निवेशकों की नजर इसी टक्कर पर है, क्योंकि अमेरिका अपने व्यापार घाटे से झल्लाया हुआ है.

यूरोपीय यून‍ियन भी टेंशन में

सिर्फ अमेरिका ही नहीं, यूरोपीय यून‍ियन के देश भी टेंशन में हैं. जनवरी से अक्टूबर के बीच 27 देशों वाले ईयू के साथ चीन का ट्रेड सरप्‍लस बढ़कर 310.7 अरब डॉलर हो गया है, जो पिछले साल 241.6 अरब डॉलर था. इस एकतरफा खेल ने ब्रुसेल्स की यूरोपीय यूनियन की उड़ा दी है. उन्हें लग रहा कि चीन की यह नाइंसाफी वाली टक्कर उनके स्थानीय उद्योगों का खेल खत्म कर देगी. हालांकि, पिछले महीने यूरोप और चीन के बीच हाइब्रिड गाड़ियों के निर्यात को कंट्रोल करने को लेकर एक समझौता जरूर हुआ था, लेकिन टेंशन बरकरार है.

चीन अंदर से खोखला

सच तो यह है कि चीन अंदर से उतना मजबूत नहीं है जितना बाहर से दिख रहा है. उनका घरेलू बाजार एकदम सुस्त पड़ा है और जनता पैसा खर्च ही नहीं कर रही है. महंगाई दर भी उनके 2% के लक्ष्य से बहुत नीचे है. इसलिए जानकारों का कहना है कि इस साल अपने 4.5% से 5.0% के विकास लक्ष्य को छूने के लिए बीजिंग पूरी तरह से इसी निर्यात वाले जुगाड़ पर टिका है. अगर किसी वजह से माल भेजने की यह रफ्तार टूटती है, तो चीन के लिए यह साल एक बहुत बुरा सपना बन सकता है.



Source link