Delhi AQI Level: दिवाली के मौके पर एक्यूआई एक बार फिर 400 के पार पहुंच गया. टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक इस साल की दिवाली की रात बीते पांच साल में सबसे अधिक प्रदूषित रात रही. रविवार को शाम चार बजे एक्यूआई 376 रहा. हालांकि अगले दिन सोमवार को स्थिति में मामूली सुधार देखी गई. सोमवार को शाम चार बजे एक्यूआई 344 के आसपास था. बीते साल की तुलना में दिवाली का अगला दिन यानी सोमवार कुछ हद तक बेहतर रहा. वैसे ये आधिकारिक आंकड़े हैं लेकिन कई निजी आंकड़े एक्यूआई लेवल 1000 तक बता रहे हैं. ऐसे में सवाल यह है कि इन आंकड़ों में ये अंतर कैसे आया.
दिल्ली के प्रदूषण को समझने के लिए सबसे पहले दो चीजों का अंतर समझना जरूरी है. एक है एक्यूआई यानी वायु गुणवत्ता सूचकांक और दूसरा है PM2.5 जैसे प्रदूषकों की हवा में मौजूद मात्रा. इन दोनों को एक समझने से ही आंकड़ों को लेकर भ्रम पैदा होता है. एक्यूआई हवा में मौजूद प्रदूषकों की मात्रा को एक आसान संख्या में बदलकर बताता है कि हवा कितनी खराब है. भारत में केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) आठ प्रमुख प्रदूषकों के आधार पर इसकी गणना करता है. इनमें पीएम2.5, पीएम10, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड, सल्फर डाइऑक्साइड, ओजोन, कार्बन मोनोऑक्साइड, अमोनिया और लेड यानी सीसा शामिल हैं.
इन सभी प्रदूषकों का अलग-अलग सब-इंडेक्स तैयार होता है. इनमें जो सबसे ज्यादा होता है, वही उस केंद्र का एक्यूआई बनता है. यानी एक्यूआई इन आठ प्रदूषकों का औसत नहीं है. इसके लिए कम से कम तीन प्रदूषकों का डेटा जरूरी होता है. इनमें पीएम2.5 या पीएम10 में से किसी एक का डेटा होना अनिवार्य है.
भारत में एक्यूआई की छह श्रेणियां हैं. शून्य से 50 तक अच्छी, 51 से 100 तक संतोषजनक, 101 से 200 तक मध्यम, 201 से 300 तक खराब, 301 से 400 तक बहुत खराब और 401 से 500 तक गंभीर श्रेणी मानी जाती है.
यही इस पूरे आंकड़े के खेल का सबसे अहम पहलू है. भारत में आधिकारिक एक्यूआई की अधिकतम सीमा 500 तय की गई है. इसका मतलब यह नहीं है कि 500 के बाद प्रदूषण बढ़ना बंद हो जाता है. इसका अर्थ सिर्फ इतना है कि भारतीय सूचकांक इससे आगे की स्थिति को अलग-अलग संख्याओं में नहीं दिखाता. मसलन, किसी इलाके में पीएम2.5 की मात्रा 500 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर हो या 1500 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर, भारतीय एक्यूआई की गणना में ऊपरी सीमा पार होने के बाद सूचकांक 500 पर ही रुक सकता है. इस वजह से बेहद जहरीली हवा की गंभीरता भी आधिकारिक आंकड़े में पूरी तरह सामने नहीं आती.
दूसरी ओर, अमेरिका की पर्यावरण संरक्षण एजेंसी (US-EPA) का एक्यूआई अलग पैमानों और ब्रेकपॉइंट पर आधारित है. कुछ निजी प्लेटफॉर्म इसी पैमाने का इस्तेमाल करते हैं. इसलिए एक ही प्रदूषण स्तर पर भारत और अमेरिका के एक्यूआई में बड़ा अंतर दिख सकता है. AQI.in जैसे प्लेटफॉर्म पर भारतीय और अमेरिकी मानकों के मुताबिक अलग-अलग आंकड़े दिखने की वजह भी यही है.
अमेरिकी रिकॉर्ड पैमाने में पीएम2.5 का लेवल 3000 के पार तक पहुंचने का दावा किया गया. फोटो- रायटर
इस साल दिवाली पर आंकड़ों को लेकर एक और चौंकाने वाली बात सामने आई. हिंदुस्तान टाइम्स की 9 नवंबर की रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली के कई निगरानी केंद्रों पर पीएम2.5 का स्तर 1000 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर के करीब पहुंचा और उसके बाद रीडिंग मिलनी बंद हो गई. दिलचस्प बात यह थी कि इन केंद्रों पर नाइट्रोजन डाइऑक्साइड और दूसरी गैसों का डेटा मिलता रहा, लेकिन पीएम2.5 का आंकड़ा गायब हो गया.
रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली के 59 निगरानी केंद्रों में से 43 पर रात 10 बजे से सुबह 6 बजे के बीच पीएम2.5 के आंकड़े बाधित रहे. 39 केंद्रों के विश्लेषण में रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक दर्ज होने वाली 351 रीडिंग में से 148 गायब थीं. यानी करीब 42 फीसदी आंकड़े उपलब्ध नहीं थे. बाद में दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) ने जो इन गायब आंकड़ों को जारी किया. इनमें प्रदूषण का स्तर बेहद चौंकाने वाला था. कई जगहों पर पीएम 2.5 का लेवल 3000 के पार पहुंच गया था. इसका मतलब यह है कि 1000 का आंकड़ा कोई काल्पनिक संख्या नहीं थी. लेकिन यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि ये एक्यूआई नहीं, बल्कि हवा में पीएम2.5 कणों की मात्रा थी. दोनों की माप अलग-अलग है.
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें
login