Last Updated:
Tangedu Plant Care: तंगेड़ू का पौधा अपनी खूबसूरत पीली फूलों और पारंपरिक औषधीय महत्व के लिए जाना जाता है. यह तेलंगाना का राजकीय पुष्प भी है और राज्य की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा हुआ है. झाड़ियों में उगने वाले इस पौधे को घर के गार्डन या गमले में भी लगाया जा सकता है. जानिए तंगेड़ू के पौधे को लगाने का सही तरीका, मिट्टी का चुनाव, पानी देने की जरूरत और बेहतर विकास के लिए जरूरी देखभाल के टिप्स.
तेलंगाना: तेलंगाना का राज्य पुष्प तंगेड़ू अपनी सांस्कृतिक पहचान, औषधीय गुणों और मजबूत बनावट के लिए जाना जाता है. बतुकम्मा उत्सव में महत्वपूर्ण स्थान रखने वाले इस पौधे के चटक पीले फूल न केवल देखने में सुंदर लगते हैं बल्कि सेहत के लिहाज से भी किसी वरदान से कम नहीं हैं. आमतौर पर जंगलों, बंजर जमीनों और खेतों की मेड़ों पर उगने वाली इस देसी झाड़ी की अहमियत को देखते हुए अब लोग इसे घरों के बगीचों और गमलों में भी लगाने लगे हैं. बागवानी जानकारों के अनुसार, यह बेहद कम देखभाल और कम पानी में आसानी से पनपने वाला पौधा है.
तंगेड़ू की सबसे बड़ी अहमियत इसका आयुर्वेदिक और पर्यावरणीय महत्व है. वानस्पतिक रूप से सेना ऑरिकुलाटा कहलाने वाले इस पौधे के सूखे फूलों का काढ़ा या हर्बल चाय ब्लड शुगर को नियंत्रित करने में बेहद मददगार मानी जाती है. इसके अलावा इसके फूलों और पत्तियों का लेप त्वचा के संक्रमण, मुंहासे और जलन को दूर करने में फायदेमंद होता है. बतुकम्मा उत्सव के दौरान जब इन फूलों को स्थानीय जलाशयों में विसर्जित किया जाता है तो इसके प्राकृतिक एंटी-बैक्टीरियल गुण पानी को शुद्ध करने का काम करते हैं
गमले की तली में जल निकासी के लिए छेद होना आवश्यक
इस बहुउपयोगी पौधे को घर पर लगाना बेहद आसान है. इसे बीज के जरिए सरलता से उगाया जा सकता है. तंगेड़ू के बीजों का बाहरी आवरण काफी सख्त होता है, इसलिए बुवाई से पहले बीजों को 12 से 24 घंटे के लिए हल्के गुनगुने पानी में भिगोकर रखना जरूरी होता है. इसके बाद 12 से 16 इंच के गमले में 40 प्रतिशत बगीचे की मिट्टी, 30 प्रतिशत रेत और 30 प्रतिशत गोबर की सड़ी खाद मिलाकर मिश्रण तैयार करें. गमले की तली में जल निकासी के लिए छेद होना आवश्यक है.
पौधा घर की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ कई घरेलू उपचार
तैयार मिट्टी में बीजों को आधा इंच की गहराई पर दबाकर हल्का पानी दें. सामान्य तौर पर 10 से 15 दिनों में बीज अंकुरित हो जाते हैं. यह पौधा धूप का प्रेमी है, इसलिए गमले को ऐसी जगह रखें जहां रोजाना कम से कम 5 से 6 घंटे की सीधी धूप आती हो. इसे बहुत कम पानी की जरूरत होती है जब गमले की ऊपरी मिट्टी पूरी तरह सूख जाए, तभी पानी दें. कम खर्च और बिना किसी रासायनिक खाद के तैयार होने वाला यह पौधा घर की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ कई घरेलू उपचारों में भी काम आता है.