Last Updated:
Dholpur Latest News : धौलपुर में दिवाली के 1 दिन बाद ही एक युवक की बेरहमी से सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई. धौलपुर शहर में मंगलवार को अलसुबह हुए इस हत्याकांड की सूचना मिलते ही पूरे शहर में सनसनी फैल गई. हत्या के पीछे कारण अवैध संबंधों का शक माना जा रहा है. बहरहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है.
मुकेश कुछ दिन पहले जमानत पर जेल से बाहर आया था.
हरवीर शर्मा.
धौलपुर. दिवाली के एक दिन बाद मंगलवार को धौलपुर शहर में एक युवक की मारकर हत्या कर दी गई. युवक का शव मंगलवार को सुबह उसके घर की छत पर बने कमरे में पड़ा मिला है. उसके सिर में गोली लगी हुई थी. मृतक के परिजनों ने आधा दर्जन लोगों पर घर में घुसकर गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है. मृतक की पहचान मुकेश (22) पुत्र रामेश्वर के रूप में हुई है. सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है. एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं.
मृतक मुकेश के भाई राहुल ने आरोप लगाया कि 10 नवंबर को सुबह करीब 5 बजे रामलखन अपने साथियों के साथ घर में घुसा. वे लोग घर की छत पर बने कमरे में गए. उन्होंने वहां मौजूद मुकेश के सिर में गोली मार दी. इससे मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई. चीख पुकार सुनकर परिवार के अन्य लोग वहां पहुंचे तो वहां मुकेश खून से लथपथ पड़ा. उसके सिर में गोली लगी हुई थी. गोली लगने से मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई. इस पर बाद में पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया.
आरोपी पहले मुकेश के घर में किरायेदार था
राहुल के मुताबिक रामलखन करीब दो साल पहले उनके मकान में किराएदार था. तीन महीने पहले मकान खाली करने के बाद वह अपने भांजे अंकित के घर रहने लगा था. रामलखन को शक था कि मुकेश उसकी पत्नी से फोन पर बातचीत करता है. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था. परिजनों को आरोप है कि संभवतया इसी विवाद के चलते रामलखन ने मुकेश की हत्या की है.
परिजनों के अनुसार मुकेश की पत्नी कमलेश पिछले चार महीने से उत्तर प्रदेश के फतेहाबाद स्थित अपने मायके में रह रही है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कमलेश के भाई को दूध के कारोबार में घाटा होने के बाद उसने अपने करीब 15 तोला सोने के गहने भाई को दे दिए थे. गहने बेचने की बात को लेकर मुकेश और कमलेश के बीच विवाद हो गया था. इसके बाद से ही कमलेश मायके में रह रही थी.
कुछ दिन पहले ही जेल से छूटकर जमानत पर बाहर आया था मुकेश
पुलिस के अनुसार मुकेश के पास गत 15 अक्टूबर को बंदूक बरामद हुई थी. इस मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. दिवाली से कुछ दिन पहले ही वह जमानत पर बाहर आया था. मुकेश के खिलाफ पूर्व में बजरी तस्करी का मामला भी दर्ज है. मुकेश 12वीं पास था. बहरहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. हत्या के आरोपों की पुष्टि और घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा.