Last Updated:
Baba Bageshwar Buxar Visit: बाबा बागेश्वर के नाम से प्रसिद्ध आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के आगामी दौरे को लेकर बिहार की राजनीति में एक बार फिर भारी उबाल आ गया है. शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बीते सोमवार (09 नवंबर) को मध्य प्रदेश के खजुराहो में बाबा बागेश्वर से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया. अब इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सर्कुलेट होते ही बिहार में विपक्षी दल आरजेडी और कांग्रेस ने शिक्षा मंत्री पर तीखा हमला बोला है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.
बाबा बागेश्वर के समर्थन में उतरे शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी.
पटना. भगवान श्रीकृष्ण को लेकर ‘टेढ़े’ बयान पर विवादों में आए बाबा बागेश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अब बिहार आने वाले हैं. 13 से 16 दिसंबर के बीच उनका चार दिवसीय बक्सर दौरा प्रस्तावित है. बक्सर के नई बाजार स्थित सीताराम विवाह महोत्सव के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में बाबा तीन दिनों तक प्रवचन करेंगे और चौथे दिन उनका बहुप्रतीक्षित ‘दिव्य दरबार’ आयोजित होगा. इस बीच बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम पहुंचकर उनसे मुलाकात की और आशीर्वाद लिया. मंत्री ने बताया कि वह इस धार्मिक आयोजन की व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर स्थानीय प्रशासन के साथ बैठक भी करने जा रहे हैं. इसके साथ ही उन्होंने बाबा के बिहार आने को लेकर मंत्री ने विरोधियों को खुली चुनौती भी दे दी है. उधर, आरजेडी और कांग्रेस ने मंत्री के बयान पर सवाल उठाए हैं, जबकि सांसद पप्पू यादव ने भी बाबा बागेश्वर पर हमला तेज कर दिया है.
‘बिहार आने से कोई ताकत नहीं रोक सकती’, शिक्षा मंत्री की चुनौती
विपक्ष की बयानबाजी पर पलटवार करते हुए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कड़े तेवर दिखाए हैं. उन्होंने खुली चुनौती देते हुए कहा कि बाबा बागेश्वर को बिहार की धरती पर कदम रखने से रोकने की ताकत किसी में नहीं है, उन्होंने विरोध करने वाले नेताओं को ‘अल्पज्ञानी’ करार दिया. मंत्री ने याद दिलाया कि जब बाबा बागेश्वर पहले बिहार आए थे, तब सूबे में बीजेपी की सरकार नहीं थी, लेकिन अब राज्य में सनातन का सम्मान करने वाली बीजेपी-एनडीए की मजबूत सरकार है. उन्होंने दावा किया कि बिहार की जनता विरोधियों को कड़ा जवाब देगी.
‘टेढ़े कृष्ण’ विवाद पर पप्पू यादव का तीखा हमला
बता दें कि बाबा बागेश्वर के इस दौरे और मंत्री के बयान के बीच, भगवान श्रीकृष्ण पर की गई टिप्पणी को लेकर विवाद जारी है. हाल ही में कथा के दौरान बाबा बागेश्वर ने भगवान राम को सीधा और भगवान कृष्ण को ‘तीन जगह से टेढ़ा’ बताया था, जिस पर भारी नाराजगी जताते हुए सांसद पप्पू यादव दिल्ली के संसद मार्ग थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. पप्पू यादव ने कहा कि बाबा ने बाद में भले ही माफी मांग ली हो, लेकिन देवी-देवताओं का ऐसा अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने बागेश्वर बाबा के चरित्र और उनकी मंशा पर सवाल उठाते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
‘टेढ़े कृष्ण’ विवाद क्या है?
बता दें कि ‘टेढ़े कृष्ण’ वाला यह विवाद 29 अक्टूबर का तब सामने आया था जब मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में श्रीराम कथा हो रहा था. वहां धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान राम और कृष्ण की तुलना करते हुए कहा था कि हमारे राम सीधे हैं, तुम्हारे कृष्ण टेढ़े हैं. उन्होंने कृष्ण की त्रिभंग मुद्रा, बांसुरी बजाने और वृंदावन का जिक्र किया था. वे कथावाचन में श्रीकृष्ण की भाव-भंगिमा की व्याख्या कर रहे थे. लेकिन, आचार्य के इस बयान का वीडियो वायरल होने के बाद कृष्ण भक्तों और यादव समाज में नाराजगी फैल गई. विवाद बढ़ने पर धीरेंद्र शास्त्री ने वीडियो जारी कर सफाई दी और माफी मांगी थी. उन्होंने कहा था कि भाव में बहकर ठाकुर जी को उलाहना दिया था, अर्थ का अनर्थ निकाला गया
आरजेडी और कांग्रेस ने घेरा, कहा- लोगों को उकसा रहे हैं मंत्री
वहीं, इस पूरे घटनाक्रम पर आरजेडी प्रवक्ता एजाज अहमद ने शिक्षा मंत्री को घेरते हुए कहा कि मंत्री जी को यह बताना चाहिए कि वे बिहार में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए क्या काम कर रहे हैं. बाबा बागेश्वर पहले भी बिहार आ चुके हैं और उनका कोई विरोध नहीं कर रहा है, लेकिन मंत्री जानबूझकर माहौल बिगाड़ने और बीजेपी के एजेंडे को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं. दूसरी ओर, कांग्रेस प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने आरोप लगाया कि बाबा बागेश्वर अक्सर देवी-देवताओं की खिल्ली उड़ाते हैं और शिक्षा मंत्री खुद लोगों को उकसा रहे हैं कि वे बाबा का विरोध करें ताकि इस पर ओछी राजनीति चमकाई जा सके.