Last Updated:
Rampur News: शादी का दिन हर लड़की के लिए खास होता है. इस दिन खूबसूरत दिखने के लिए दुल्हन शादी से कई दिन पहले ही अपनी तैयारियां शुरू कर देती हैं. कपड़ों से लेकर मेकअप और स्किन केयर तक हर चीज का खास ध्यान रखा जाता है. ऐसे में कई लड़कियां शादी से पहले बॉडी पॉलिश भी करवाती हैं ताकि चेहरे के साथ शरीर की त्वचा साफ और मुलायम दिखे.
रामपुर: शादी का दिन हर लड़की के लिए खास होता है. इस दिन खूबसूरत दिखने के लिए दुल्हन शादी से कई दिन पहले ही अपनी तैयारियां शुरू कर देती हैं. कपड़ों से लेकर मेकअप और स्किन केयर तक हर चीज का खास ध्यान रखा जाता है. ऐसे में कई लड़कियां शादी से पहले बॉडी पॉलिश भी करवाती हैं ताकि चेहरे के साथ शरीर की त्वचा साफ और मुलायम दिखे. इसके लिए पार्लर में काफी पैसे खर्च करने पड़ते हैं लेकिन कुछ घरेलू चीजों की मदद से घर पर भी उबटन तैयार किया जा सकता है.
दादी चंद्रवती बताती है कि आज भले ही दुल्हनें शादी से पहले पार्लर जाकर महंगे महंगे ब्यूटी ट्रीटमेंट करवाती हों. लेकिन पहले उनके समय में दादी नानी के पास इतने विकल्प नहीं हुआ करते थे. उस दौर में दुल्हन बनने से पहले घर पर ही बेसन, हल्दी, मलाई और दूध से उबटन तैयार किया जाता था. शादी से पहले दुल्हन के हाथ पैर और शरीर पर यह उबटन लगाया जाता था. पुराने समय से चला आ रहा यह देसी तरीका आज भी कई घरों में इस्तेमाल किया जाता है. खास बात यह है कि इसके लिए ज्यादातर चीजें रसोई में ही मिल जाती हैं.
ऐसे तैयार करे उबटन
दादी चंद्रवती बताती है कि इसके लिए एक बड़ा चम्मच बेसन, एक बड़ा चम्मच आटा, एक चुटकी हल्दी, एक चम्मच मलाई और जरूरत के हिसाब से थोड़ा दूध लें. इन सभी चीजों को मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें. इसमें खुशबू के लिए थोड़ा चंदन पाउडर भी मिला सकते हैं. उबटन तैयार होने के बाद इसे हाथ, पैर और शरीर के दूसरे हिस्सों पर हल्के हाथों से लगाएं. ध्यान रखें कि इसे लगाते समय त्वचा को जोर से न रगड़ें. करीब 10 से 15 मिनट तक इसे लगा रहने दें. इसके बाद सामान्य पानी से धो ले. इससे त्वचा साफ और मुलायम महसूस हो सकती है. बेसन और आटा त्वचा की सतह पर जमी गंदगी हटाने में मदद करते हैं जबकि दूध और मलाई त्वचा को मुलायम बनाने में मदद करते हैं.
त्वचा के हिसाब से शुरू करे स्किन केयर
इस तरह शादी से पहले दुल्हन अपने चेहरे के साथ साथ शरीर की त्वचा का भी ध्यान रख सकती हैं. बेसन और आटा त्वचा पर जमी धूल मिट्टी और गंदगी को साफ करने में मदद करते हैं. वहीं हल्दी और मलाई त्वचा को मुलायम बनाने में मदद करती है. पुराने समय में दादी नानी भी शादी से पहले दुल्हनों को इसी तरह का उबटन लगाती थी. उनके मुताबिक इसे हफ्ते में दो से तीन बार इस्तेमाल कर सकते है. दुल्हनों को शादी से ठीक एक दिन पहले कोई नया घरेलू नुस्खा आजमाने से पहले बेहतर है कि पहले से ही अपनी त्वचा के हिसाब से स्किन केयर शुरू करे. किसी भी चीज को पहली बार इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करे.