Last Updated:
सूरजपुर जिले में कबरा कान वाले हाथी ने एक ही रात में दो लोगों को कुचलकर मार डाला. पहली घटना सोनपुर गांव की है, दूसरी घटना प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के श्याम नगर गांव में हुई. घटनाओं के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की.
हलात के बारे में जानकारी देते हुए अधिकारी
सूरजपुर. सूरजपुर जिले में मौत का आतंक बन चुके कबरा कान वाले हाथी ने फिर एक ही रात में दो लोगों को मौत के घाट उतार दिया है. कबरा कान वाला हाथी जिले में मौत का कारण बन चुका है. इस हाथी ने बीते 6 महीने में 15 लोगों को मौत के घाट उतार दिया है, तो वहीं दूसरी ओर वन विभाग केवल दावे करते नजर आ रहा है.
दरअसल, आज दीपावली की रात कबरा कान वाले हाथी ने सूरजपुर वन परिक्षेत्र के सोनपुर गांव के पंडो पारा निवासी 36 वर्षीय मोहन लाल कंवर उर्फ मट्टू लाल को कुचल कर मार डाला. मोहनलाल कंवर खाना खाकर अपने खेत में लगे धान के फसल की रखवाली करने गए हुए थे तभी कबरा कान वाले हाथी ने उनको अपनी चपेट में ले लिया और कुचलकर मार डाला.
वन विभाग पर लापरवाही का आरोप
वहीं दूसरी घटना प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के श्याम नगर गांव की है जहां 51 वर्षीय कृष्णा राजवाड़े अपने साथी के साथ मुर्गा खोजने गया हुआ था. इसी दौरान कबरा कान वाले हाथी ने कृष्णा राजवाड़े को अपनी चपेट में ले लिया और कुचलकर मार डाला. जहां इस घटना से नाराज ग्रामीणों और वन कर्मियों के मध्य जमकर विवाद हुआ और 50 हजार रुपए मुआवजा राशि व नौकरी देने की बात पर ग्रामीण मानें, तो वहीं इसको लेकर ग्रामीणों ने वन विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है और कार्यवाही की मांग की है.
24 घंटे की जा रही निगरानी
वहीं ग्रामीणों ने 24 घंटे निगरानी की मांग करते हुए हाथी को रेस्क्यू सेंटर में रखने की भी बात कही. बहरहाल पुलिस ने घटना की जानकारी दी तो वहीं लापरवाह वन विभाग ने कबरा कान वाले हाथी को ट्रैक्यूलाइज करने और कालर आई डी लगाने की बात कही है. बहरहाल कबरा कान वाला हाथी एक ओर लगातार लोगों को मौत के घाट उतार रहा है तो वहीं जिले के जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. लोग रोजमर्रा के कार्यों में जानें से भी डर रहे हैं तो वन विभाग के जिम्मेदार भी अपनी जिम्मेदारी से भागते नजर आ रहे हैं.