149 साल के टेस्ट इतिहास में पहली बार, अफगानिस्तान के जिया-उर-रहमान के नाम दर्ज हुआ अनचाहा रिकॉर्ड

149 साल के टेस्ट इतिहास में पहली बार, अफगानिस्तान के जिया-उर-रहमान के नाम दर्ज हुआ अनचाहा रिकॉर्ड


होमखेलक्रिकेट

149 साल के टेस्ट इतिहास में पहली बार, अफगान बॉलर के नाम अनचाहा रिकॉर्ड

Last Updated:

अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के गेंदबाज जिया-उर-रहमान ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टेस्ट में एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जिसे कोई भी खिलाड़ी नहीं बनाना चाहेगा. मुकाबले में जिया-उर-रहमान ने दोनों पारियों में 150 से ज्यादा रन खर्च किए. ऐसा करने वाले वह दुनिया के इकलौते क्रिकेटर हैं.

Zoom

जिया उर रहमान

नई दिल्ली: क्रिकेट के खेल में कभी-कभी ऐसे रिकॉर्ड बन जाते हैं, जिन पर यकीन कर पाना मुश्किल होता है. ऐसा ही एक अनचाहा रिकॉर्ड अफगानिस्तान के गेंदबाज जिया-उर-रहमान के नाम दर्ज हुआ है, जिसे वह कभी याद नहीं रखना चाहेंगे. जिम्बाब्वे के खिलाफ शारजाह में खेले गए पहले टेस्ट में रहमान ने गेंदबाजी में 343 रन खर्च डाले. रहमान ने दोनों पारियों में 150 से ज्यादा रन लुटाए.

149 साल के टेस्ट इतिहास में रहमान से पहले कोई भी गेंदबाज दोनों पारियों में 150 से ज्यादा रन नहीं खर्च कर पाया था. 28 साल के रहमान ने अफगानिस्तान की स्पिन गेंदबाजी की अगुवाई करते हुए पहली पारी में 170 रन देकर दो विकेट लिए. इसके बाद उन्होंने दूसरी पारी में 173 रन खर्च किए और फिर दो विकेट लिए. इस तरह अफगानिस्तान के लिए अपना छठा टेस्ट मैच खेलने वाले रहमान दुनिया के पहले और एकमात्र ऐसे गेंदबाज बने, जिन्होंने टेस्ट मैच की दोनों पारियों में 150 या उससे ज्यादा रन लुटाए हैं.

1877 में खेला गया था पहला टेस्ट मैच

क्रिकेट में पहला टेस्ट मैच साल 1877 में मेलबर्न में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया था और पिछले 149 सालों में जिया-उर-रहमान से पहले किसी भी गेंदबाज ने टेस्ट मैच की दोनों पारियों में 150 या उससे ज्यादा रन नहीं दिए थे. सीरीज के इस पहले मैच में जिया-उर-रहमान के मैच के आंकड़े 343 रन देकर 4 विकेट के रहे. सिर्फ इतना ही नहीं, टेस्ट मैच में यह तीसरा सबसे महंगा गेंदबाजी स्पेल भी बना.

इस लिस्ट में वेस्टइंडीज के टॉमी स्कॉट और ऑस्ट्रेलिया के जेसन क्रेजा के अलावा किसी भी गेंदबाज ने एक टेस्ट मैच में जिया-उर-रहमान से ज्यादा रन नहीं दिए हैं. साल 1930 के किंग्स्टन टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ टॉमी स्कॉट ने 374 रन दिए थे, जबकि क्रेजा ने 2008 के नागपुर टेस्ट में भारत के खिलाफ 358 रन दिए थे. कुल छह गेंदबाजों ने एक टेस्ट मैच में सात बार 300 से ज्यादा रन दिए हैं.

जिया उर रहमान के नाम तीसरा सबसे महंगा बॉलिंग स्पेल रिकॉर्ड

टेस्ट मैच की एक पारी में सबसे महंगे गेंदबाजी आंकड़ों का रिकॉर्ड चक फ्लीटवुड-स्मिथ के नाम है. इस ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज ने अगस्त 1938 में द ओवल में इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में 87 ओवर फेंके थे और 298 रन दिए थे. अगस्त 1997 में कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ भारत के राजेश चौहान ने 78 ओवरों में 276 रन खर्च कर सिर्फ एक विकेट अपने नाम किया था और वह इस मामले में दूसरे नंबर पर हैं.



Source link