रूस-यूक्रेन युद्ध रुकवाएगा भारत, PM की जेलेंस्की तो जयशंकर ने की लावरोव से बात
Last Updated:
Russia-Ukraine War Update: अमेरिकी राष्ट्रपति की तमाम कोशिशों के बाद भी रूस और यूक्रेन का युद्ध रुक नहीं पाया. दोनों देश पिछले 4 साल से लड़ रहे हैं और इनमें सुलह करा पाना आसान नहीं लग रहा है. इस बीच भारत ने ये जिम्मा उठाया है और वो दोनों देशों को बातचीत के जरिये शांति का रास्ता दिखाने की कोशिश कर रहा है.
क्या भारत करा पाएगा रूस-यूक्रेन के बीच शांति?
Russia-Ukraine War Update: रूस और यूक्रेन के बीच लंबे समय से जारी युद्ध को खत्म कराने की कोशिशों में भारत एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है. एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से फोन पर बातचीत की, तो दूसरी तरफ विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से संपर्क साधा. इन दोनों कूटनीतिक बातचीत को काफी अहम माना जा रहा है. इससे संकेत मिल रहे हैं कि भारत दोनों देशों के बीच संवाद और शांति का रास्ता खोलने की कोशिश कर रहा है.
9 नवंबर को विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से फोन पर बात की. इस बातचीत में दोनों नेताओं ने यूक्रेन युद्ध की मौजूदा स्थिति और इसे खत्म करने के लिए चल रहे कूटनीतिक प्रयासों पर चर्चा की. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि बातचीत का मुख्य मुद्दा यूक्रेन संघर्ष और उससे जुड़े राजनयिक प्रयास रहे. खास बात यह है कि इसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से फोन पर बातचीत की. इस दौरान उन्होंने साफ कहा कि युद्ध का समाधान केवल बातचीत और कूटनीति के जरिए ही निकल सकता है.
जेलेंस्की ने मोदी को दी अहम जानकारी
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ बातचीत में हाल के कूटनीतिक घटनाक्रमों की जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि अबू धाबी में प्रस्तावित बैठक को लेकर तैयारियां की जा रही हैं. जेलेंस्की ने यह भी कहा कि यूक्रेन बातचीत के लिए सकारात्मक और रचनात्मक रुख अपना रहा है. अब रूस को भी तनाव कम करने और युद्ध समाप्त करने की दिशा में गंभीरता दिखानी चाहिए.
जेलेंस्की ने बातचीत की डिटेल शेयर की.
आखिर भारत की भूमिका क्यों है अहम?
रूस और यूक्रेन के साथ भारत के अलग-अलग स्तर पर मजबूत संबंध हैं. रूस भारत का पुराना रणनीतिक साझेदार है, जबकि यूक्रेन के साथ भी भारत के कूटनीतिक और आर्थिक रिश्ते हैं. ऐसे में भारत दोनों देशों से बातचीत करने की स्थिति में है. भारत लगातार कहता रहा है कि किसी भी विवाद का समाधान युद्ध से नहीं, बल्कि बातचीत और कूटनीति से निकलना चाहिए. प्रधानमंत्री मोदी भी कई बार कह चुके हैं कि यह समय युद्ध का नहीं बल्कि शांति का है.
क्या भारत करा पाएगा युद्ध का अंत?
फिलहाल यह कहना आसान नहीं है कि युद्ध का अंत हो पाएगा या नहीं. भारत रूस और यूक्रेन के बीच सीधे मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है, लेकिन दोनों पक्षों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखना उसकी सक्रिय कूटनीति को जरूर दिखाता है. भारत की कोशिश है कि दोनों देशों के बीच बातचीत का रास्ता खुला रहे और शांति की संभावनाएं मजबूत हों. अब देखना होगा कि भारत की यह पहल आने वाले दिनों में युद्ध खत्म कराने की दिशा में कितनी प्रभावी साबित होती है.