दिल्‍लवालों की मनचाही मुराद आज होगी पूरी, 40 मिनट तक लहरों की सवारी – Delhi gets Yamuna river cruise today 40 minute ride AC electric boats know fare

दिल्‍लवालों की मनचाही मुराद आज होगी पूरी, 40 मिनट तक लहरों की सवारी – Delhi gets Yamuna river cruise today 40 minute ride AC electric boats know fare


होमताजा खबरDelhi

दिल्‍लवालों की मनचाही मुराद आज होगी पूरी, यमुना में 40 मिनट तक लहरों पर सवारी

Last Updated:

Delhi Yamuna River Cruise: यमुना नदी को साफ और स्‍वच्‍छ करने के साथ ही मौज-मस्‍ती की अन्‍य व्‍यवस्‍थाएं भी की जा रही हैं. इसी क्रम में मंगलवार 10 नवबंर 2026 से यमुना रिवर क्रूज सर्विस की शुरुआत की जा रही है. एक बार टिकट लेने पर 40 मिनट तक यमुना की लहरों पर सवारी की जा सकेगी.

Zoom

यमुना नदी में आज से रिवर क्रूज सेवा शुरू हो रही है.

Delhi Yamuna River Cruise: राजधानी दिल्ली में पर्यटन को रफ्तार देने और यमुना नदी में संभावनाओं को विकसित करने के उद्देश्य से मंगलवार 10 नवंबर 2026 से रिवर क्रूज सेवा शुरू होने जा रही है. ‘नमो यमुना रिवर सफारी’ नाम से शुरू की जा रही इस सेवा के तहत पर्यटक यमुना नदी में करीब 40 मिनट तक नौका विहार का आनंद ले सकेंगे. केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल सोनिया विहार में इस सेवा का उद्घाटन करेंगे. कार्यक्रम में दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद रहेंगी. इस परियोजना के शुरू होने से दिल्ली में पर्यटन के लिए एक नया विकल्प उपलब्ध होगा. खास बात यह है कि इस सेवा के लिए पारंपरिक ईंधन से चलने वाली नौकाओं के बजाय इलेक्ट्रिक बोट का इस्तेमाल किया जाएगा. इससे नदी में प्रदूषण कम रखने के साथ-साथ पर्यावरण के अनुकूल जल परिवहन को बढ़ावा देने की कोशिश की गई है.

नमो यमुना रिवर सफारी के तहत सोनिया विहार से जगतपुर तक यमुना नदी के लगभग पांच किलोमीटर लंबे हिस्से में क्रूज का संचालन किया जाएगा. एक यात्रा करीब 40 मिनट की होगी. इस दौरान पर्यटक नदी और उसके आसपास के प्राकृतिक वातावरण का नजारा देख सकेंगे. हालांकि, सेवा के उद्घाटन से पहले टिकट की कीमतों की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई थी.

यमुना रिवर क्रूज की खास बातें

  • संभावित किराया: 500 रुपये प्रति शैलानी
  • बोटिंग पीरियड: 40 मिनट
  • बोट की क्षमता: 30 पैसेंजर
  • टिकट बुकिंग: दिल्‍ली टूरिज्‍म की वेबसाइट से ऑनलाइन

AC और आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी नौकाएं
इस सेवा में इस्तेमाल होने वाले बोट को यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. इनमें एयर कंडीशनिंग की सुविधा होगी. इसके अलावा नौकाओं में जीरो-डिस्चार्ज बायो टॉयलेट, लाइफ जैकेट और यात्रियों को जरूरी सूचनाएं देने के लिए अनाउंसमेंट सिस्टम भी लगाया जाएगा. सभी बोट्स इलेक्ट्रिक से संचालित होंगी. सेवा के संचालन के लिए तय शर्तों के मुताबिक ऑपरेटरों को प्रतिदिन कम से कम 4 फेरे लगाने होंगे. नौकाओं की उम्र दो साल से अधिक नहीं होनी चाहिए. इसके लिए ऑपरेटर अपनी नौकाएं खरीद सकते हैं या लीज पर भी ले सकते हैं. पिछले महीने इस क्रूज सेवा का ट्रायल भी किया गया था.

राष्ट्रीय जलमार्ग-110 के विकास की दिशा में कदम
केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय के अनुसार, यमुना नदी को राष्ट्रीय जलमार्ग अधिनियम, 2016 के तहत राष्ट्रीय जलमार्ग-110 घोषित किया गया है. सोनिया विहार-जगतपुर खंड में मनोरंजन आधारित क्रूज सेवा शुरू करना इस जलमार्ग की पर्यटन और नौवहन क्षमता का इस्तेमाल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. मंत्रालय का कहना है कि इस परियोजना के जरिए अंतर्देशीय जल परिवहन को बढ़ावा देने के साथ ही शहरी परिवहन और पर्यटन के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा. इलेक्ट्रिक नौकाओं का ऑपरेशन यह भी प्रदर्शित करेगा कि नदियों का इस्तेमाल स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन के विकल्प के रूप में किया जा सकता है.

कई सरकारी एजेंसियों ने मिलकर तैयार की परियोजना
इस क्रूज सेवा को भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) ने दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी), दिल्ली जल बोर्ड और दिल्ली सरकार के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के सहयोग से विकसित किया है. उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली के लोक निर्माण एवं सिंचाई मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा के भी शामिल होने की संभावना है. अधिकारियों को उम्मीद है कि यह सेवा दिल्ली में नदी आधारित पर्यटन को नई पहचान देने के साथ ही यमुना के आसपास पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देगी.



Source link